उर्वशी मिश्रा, कटगी/कसडोल, 18 फ़रवरी, 2023
हिन्दू धर्म में देवों के देव महादेव का एक विशेष स्थान है और उनकी पूजा के लिए महाशिवरात्री का दिन बहुत ही खास होता है। इसलिए इस दिन देशभर के शिवालयों में भगवान भोले की पूजा और जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ सुबह से ही पहुंच रही है। कुछ ऐसा ही देखने को मिला बलौदाबाजार जिले के कटगी गांव के प्रसिद्ध शिव मंदिर में, यहां सुबह साढ़े 4 बजे से ही भक्त भोले की पूजा के लिए पहुंचने लगे।
भोलेनाथ को ये चढ़ता है चढ़ावा
लोगों का मानना है कि महाशिवरात्रि के दिन भगवान भोले की पूजा और दर्शन करने से उनका भरपूर आशीर्वाद प्राप्त होता है। इसलिए आज पूरे पारंपरिक तरीके से लोग भगवान नीलकंठ की पूजा कर उनका जलाभिषेक करते हैं और भांग-धतूरे और बेल-पत्र आदि चढ़ाते हैं। हर भक्त की ख्वाहिश भोलेनाथ को प्रसन्नता उनका आशीर्वाद प्राप्त करने की है।
शिवालय में सुबह से लगा भक्तों का तांता
कटगी का यह शिवालय आसपास में बहुत प्रसिद्ध है। यहां मांगी गई लोगों की इक्षाएं भी हमेशा से पूरी होती आई हैं। इसलिए आम दिनों में भी यहां भक्तों का तांता लगा रहता है और आज तो सुबह साढ़े 4 बजे से ही लोग मंदिर में पहुंचने शुरू हो गए।
भजन-कीर्तन और रुद्राभिषेक भी होगा
इस बार का महाशिवरात्री त्रिग्रही संयोग में है और शनि प्रदोष भी है। आपको बताते चलें कि आज शाम तक भोलेनाथ की पूजा चलेगी। पूरे दिन विशेष पूजा चलेगी और श्रद्धालुओं के बीच दिनभर प्रसाद का वितरण भी चलता रहेगा।
पूजा से ये दोष हो जाते हैं दूर
इस पावन दिन पर हिन्दू धर्म में भगवान भोले के प्रति विशेष आस्था होती है। आज के दिन लोग महादेव की प्रसन्नता और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए पूजा कर, भांग, धतूरे, बेल-पत्र और दूध आदि से इनका अभिषेक करते हैं। महादेव की पूजा कर लोग सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना करते हैं। इनकी पूजा से काल सर्प दोष, ग्रह दोष और विष दोष आदि दूर हो जाते हैं। आज के दिन पूजा के अलावा, काफी संख्या में लोग व्रत रख कर भगवान भोलेनाथ की कथा आदि का भी पाठ करते हैं।