राजस्थान में समय से पहले गर्मी का कहर, मार्च में हीटवेव की चेतावनी; होली से पहले बढ़ेगा तापमान

जयपुर

राजस्थान में समय से पहले गर्मी ने दस्तक दे दी है और लोगों को अभी से तीखी धूप का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिनभर आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही। बाड़मेर के बाद फतेहपुर ऐसा शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।

श्रीगंगानगर, पिलानी और बीकानेर में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 6 डिग्री अधिक रहा। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार अगले दो दिन प्रदेश के मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि होली और धुलंडी के आसपास तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी और तेज महसूस होगी।

ये भी पढ़ें :  राजस्थान-प्रमुख सचिव ने एलओआई धारकों से किया वर्चुअली संवाद, ऑक्शन किए मिनरल ब्लॉक्स को ऑपरेशनलाईज कराने पर फोकस

सीकर में शनिवार सुबह मौसम साफ रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यहां अगले तीन से चार दिन तक मौसम शुष्क (ड्राई) बना रहेगा। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक गर्मी सीकर जिले के फतेहपुर में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बाड़मेर में पारा 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। दोपहर बाद चूरू, जयपुर और अलवर के कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए रहे और हल्की उमस भी महसूस की गई।

ये भी पढ़ें :  राजस्थान-स्टेड सीड्स कॉरपोरेशन अध्यक्ष ने ली बैठक, किसानों को 3,62,451 क्विंटल बीज का किया वितरण

जयपुर और बाड़मेर में रातें भी गर्म
राजधानी जयपुर, बाड़मेर और फलोदी में रात के समय भी हल्की गर्मी बनी रही। इन शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। फलोदी में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री, बाड़मेर में 21.4 डिग्री और जयपुर में 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

ये भी पढ़ें :  राजस्थान-जयपुर में युवा दे रहे एसआई भर्ती परीक्षा रद्द कराने धरना, पानी की टंकी पर चढ़कर मनाने पहुंचे किरोड़ी मीणा

मार्च में बढ़ेगी तपिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक मार्च महीने में गर्मी तेज रहने के आसार हैं। संभावना जताई गई है कि मार्च के तीसरे सप्ताह से कई शहरों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है। वहीं, मार्च के पहले सप्ताह में ही अधिकांश शहरों का तापमान 31 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

Share

क्लिक करके इन्हें भी पढ़ें

Leave a Comment