डूंगरगढ़ को 163 करोड़ की सौगात, सड़क-बिजली-स्वास्थ्य परियोजनाओं का शुभारंभ

जयपुर
बीकानेर के डूंगरगढ़ को विकास की नई सौगात देते हुए केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल ने शनिवार को करीब 163 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से डूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सड़क, विद्युत, स्वास्थ्य तथा पेयजल से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान डूंगरगढ़–बिदासर राज्य राजमार्ग (एसएच-93) पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर नए ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस), पावर ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि सहित विद्युत संबंधी परियोजनाओं तथा अन्य जनहित के विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया।

ये भी पढ़ें :  पीएम मोदी और NDA पर जनता का भरोसा, हर जगह लहराएगा भाजपा का परचम: कंगना रनौत

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में सोनियासर शिवदान, डेलवा, धोलिया एवं लाधड़िया में नव स्थापित स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण किया गया। वहीं डेलवा में नए ट्यूबवेल का लोकार्पण भी हुआ, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को पेयजल उपलब्धता में राहत मिलेगी।

ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उपनी, बेनीसर, डेलवा, गुसाईसर बड़ा एवं पुनरासर सहित विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। साथ ही पुनरासर–राजपुरा–सेरूणा–सांवतसर–राजेडू दोहरी लेन सड़क निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया, जिसे क्षेत्र की महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं में शामिल माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें :  जनसुनवाई में पहुंचे दिव्यांग, सरकार से 5 हजार पेंशन की अपील

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है, जिससे ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।

विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि डूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी, आवागमन सुगम बनेगा तथा आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।

ये भी पढ़ें :  भीषण गर्मी में राहत: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों से प्रदेशभर में मजबूत हुई पेयजल व्यवस्था

इस अवसर पर राजस्थान राज्य कौशल विकास बोर्ड के चेयरमैन रामगोपाल सूथार, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share

क्लिक करके इन्हें भी पढ़ें

Leave a Comment