महिला हॉकी इंडिया लीग फाइनल में टकराएंगी एसजी पाइपर्स और श्राची बंगाल टाइगर्स

रांची
एसजी पाइपर्स और श्राची बंगाल टाइगर्स दो हफ्तों तक चले 12 मुकाबलों के बाद शनिवार को यहां होने वाले महिला हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के फाइनल में आमने सामने होंगी। लीग जीतने वाली टीम को 1.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी जबकि उप विजेता को एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे। तीसरे स्थान पर रहने वाली रांची रॉयल्स को 50 लाख रुपये मिलेंगे।

फाइनल में पहुंची इन दोनों टीमों ने इस सत्र में अपना दबदबा बनाए रखा और दोनों का खेलने का तरीका काफी हद तक एक जैसा ही रहा है। एसजी पाइपर्स ने तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया जबकि श्राची बंगाल टाइगर्स ने दूसरा स्थान पक्का किया।

ये भी पढ़ें :  दुबई एयरस्ट्राइक से बचकर निकले पीवी सिंधू के कोच, बोले- ‘हम सुरक्षित हैं, पर हालात डराने वाले थे’

दोनों टीमें लीग चरण में दो बार आमने-सामने हुईं और दोनों ही मौकों पर श्राची बंगाल टाइगर्स ने पेनल्टी शूटआउट में जीत हासिल की। पहले मैच में 3-3 की बराबरी के बाद श्राची बंगाल टाइगर्स ने शूटआउट में 4-3 से जीत हासिल की। दूसरे मैच में गोल रहित बराबरी के बाद उन्होंने शूटआउट में 7-6 से जीत हासिल की।

हालांकि लीग के पूरे चरण के आंकड़े एसजी पाइपर्स के पक्ष में हैं। वह टूर्नामेंट में दूसरी सबसे ज्यादा गोल करने वाली टीम हैं जिसने 11 गोल किए हैं। उनसे बेहतर सिर्फ रांची रॉयल्स ने 13 गोल किए। और उनकी कप्तान नवनीत कौर ने अब तक टूर्नामेंट में चार गोल दाग दिए हैं। लोला रिएरा (तीन गोल) और सुनेलिता टोप्पो (दो गोल) ने भी योगदान दिया है, जबकि ज्योति सिंह और मारिया टेरेसा वियानाचे ने भी गोल किए हैं।

ये भी पढ़ें :  जसप्रीत बुमराह: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10 साल, जानें स्टार तेज गेंदबाज की शानदार उपलब्धियां

पाइपर्स का लीग में डिफेंस में दूसरा सबसे अच्छा रिकॉर्ड भी है और उन्होंने ग्रुप चरण में सिर्फ नौ गोल खाए हैं। नवनीत कौर ने कहा, ‘‘यह हमारे लिए शानदार अभियान रहा है और फाइनल में पहुंचना हर खिलाड़ी की कड़ी मेहनत का नतीजा है। पिछले सत्र में तालिका में सबसे नीचे रहने से लेकर इस साल तालिका में शीर्ष तक पहुंचने तक, यह वापसी बहुत खास रही है। हमने इस दौरान साहसिक हॉकी खेली है और अब लक्ष्य यही है कि शानदार तरीके से टूर्नामेंट खत्म किया जाए।’’

ये भी पढ़ें :  आरसीबी ने दिल्ली को 9 विकेट से हराया, भुवी-हेजलवुड ने गेंद से किया जबरदस्त प्रदर्शन

श्राची बंगाल टाइगर्स ने अब तक टूर्नामेंट में सिर्फ सात गोल किए हैं जिनमें से पांच पेनल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ ऑगस्टिना गोरजेलानी ने किए हैं। वंदना कटारिया टीम की कप्तान हैं और टीम में इस बड़े मुकाबले के लिए काफी अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं।

 

Share

Leave a Comment