बहराइच जिले में एक तरफ भेड़ियों की दहशत, दूसरी ओर बाढ़ बनी मुसीबत, अब CM योगी जाएंगे

बहराइच
नेपाल की पहाड़ियों में पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश का असर इंडो-नेपाल बॉर्डर स्थित उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में दिखाई पड़ने लगा है. जिले की दोनों प्रमुख नदियां घाघरा और सरयू में पिछले 24 घंटे के दौरान छोड़े गए लगभग 10 लाख से अधिक क्यूसेक पानी से जिले की तीन तहसीलों के चार दर्जन से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं. सबसे बड़ी मुसीबत बहराइच के महसी तहसील इलाके के आदमखोर भेड़िया प्रभावित औराही, सिसईया चूड़ामणि और जानकी नगर गांवों की है, जहां पिछले दो माह से आदमखोर भेड़ियों को पकड़ने के लिए वन विभाग की दो दर्जन से अधिक टीमें कांबिंग व सर्च ऑपरेशन चला रही हैं. इस इलाके के लोग एक तरफ भेड़िए के आतंक के चलते अपनी नींद और सुकून गायब कर चुके हैं. वहीं, गांवों में घुसे बाढ़ के पानी से उन्हें दोहरी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है. गौरतलब है कि महसी तहसील के हरदी थाना क्षेत्र के तीन दर्जन से अधिक गांव के लोग पिछले छह महीने से आदमखोर भेड़ियों की दहशत के साए में जी रहे हैं. पिछले छह माह के दौरान इस इलाके में आदमखोर भेड़ियों के पांच दर्जन से अधिक छोटे-बड़े हमले हुए हैं, जिसमें एक महिला समेत 9 बच्चों को अपनी जान गवानी पड़ी है.

ये भी पढ़ें :  मोदी सरकार के गौरवपूर्ण 12 वर्षः विश्वास, विकास और जनकल्याण की उपलब्धि को धूमधाम से मनाएगी योगी सरकार

हालांकि, पांच भेड़ियों को पकड़ने में वन विभाग को सफलता भी मिल चुकी है, लेकिन भेड़ियों के इस झुंड का 'अल्फा' भेड़िया जिसे आदमखोर बताया जा रहा है वह वन विभाग की पकड़ से अभी भी बाहर है और लगातार हमले कर रहा है. पिछले चार दिनों के दौरान भेड़िए के हमले में अलग-अलग गांवों के तीन बच्चों समेत पांच लोगों को बहराइच मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है.

ये भी पढ़ें :  दिल्ली में बकरीद को लेकर सख्त गाइडलाइंस, प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी पर रोक

महसी तहसील के एसडीएम अखिलेश सिंह ने बताया कि इलाके में बाढ़ से कोई बड़ी समस्या नहीं होने वाली है. उन्होंने कहा की महसी तहसील के गोलागंज, टिकुरी, औराही समेत मांझा इलाके के कुछ मजरों में बाढ़ का पानी जरूर पहुंचा है, लेकिन इससे कोई बड़ी मुसीबत नहीं हुई है. वहीं, भेड़ियों के आतंक प्रभावित औराही व जानकी नगर के कुछ मजरों में बाढ़ का पानी पहुंचा है, लेकिन इससे कोई अभियान प्रभावित नहीं होगा.

ये भी पढ़ें :  राजस्थान में जर्जर स्कूल पर सरकार का एक्शन, 12.50 लाख से होगा रामपुरा-कुंवरपुरा स्कूल का कायाकल्प

सीएम योगी पहुंचेंगे बहराइच
भेड़ियों की समस्या से निपटने के लिए प्रदेश के वन मंत्री अरुण सक्सेना समेत जिले के पूर्व प्रभारी मंत्री संजय निषाद दो बार जिले का दौरा करने के साथ बड़ी बैठक कर इस अभियान की समीक्षा कर चुके हैं. अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल दोपहर 3.30 बजे बहराइच के महसी तहसील के सिसैया चूड़ामणि गांव पहुंचेंगे. उनके कार्यक्रम में वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना भी उपरोक्त कार्यक्रम का हिस्सा होंगे. जिले में सीएम के आगमन को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है.

Share

क्लिक करके इन्हें भी पढ़ें

Leave a Comment