राजस्थान-अजमेर मंडल में गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 150 रुपये बढ़ाया, डिजिटल प्रक्रिया से होगी खरीदारी

अजमेर/केकड़ी.

गेहूं की फसल उगाने वाले किसानों के लिए खुशखबरी। भारतीय खाद्य निगम ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य गत वर्ष की तुलना में 150 रुपया बढ़ाकर 2425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की घोषणा की है। घोषणा के मुताबिक 2025 में मार्च माह से जून माह तक अजमेर मंडल के 11 केंद्रों पर सरकार की ओर से समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद की जाएगी।

भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने रबी विपणन वर्ष 2025-26 के लिए समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। यह योजना अजमेर, भीलवाड़ा, पाली और नागौर जिलों में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर फसल बेचने की सुविधा प्रदान करने के लिए बनाई गई है। इस बार गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2425 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 150 रुपये अधिक है।

ये भी पढ़ें :  राजस्थान-अजमेर में कुआं सहित मकान ढहा, बारिश से हुई तबाही लेकिन जनहानि नहीं

11 केंद्रों पर होगी खरीद प्रक्रिया
भारतीय खाद्य निगम मंडल कार्यालय अजमेर के प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि गे की खरीद के लिए एफसीआई की ओर से 11 खरीद केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। प्रस्तावित खरीद केंद्र केकड़ी सहित विजयनगर, कादेड़ा, सुमेरपुर, भीलवाड़ा, गुलाबपुरा, शाहपुरा, जहाजपुर, कोटड़ी, नागौर और मांडलगढ़ में स्थापित किए जाएंगे।

ई-प्रोक्योरमेंट प्रक्रिया से होगी खरीदारी
उन्होंने बताया कि खरीदारी प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाने के लिए ई-प्रोक्योरमेंट मोड्यूल का उपयोग किया जाएगा। किसानों को पंजीकरण के लिए mspproc.rajasthan.gov.in पोर्टल का उपयोग करना होगा। यह पंजीकरण ई-मित्र, अटल सेवा केंद्र या अन्य माध्यमों से भी किया जा सकता है। खरीदारी प्रक्रिया मार्च-अप्रैल 2025 में शुरू होगी और जून 2025 के अंत तक चलेगी। किसानों को अपनी फसल बेचने से पहले पंजीकरण पोर्टल से टोकन जारी करना अनिवार्य होगा। रविवार और सरकारी अवकाश के दिन टोकन जारी नहीं होंगे।

ये भी पढ़ें :  राजस्थान-अजमेर में धरने पर बैठे पार्षद, सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा नहीं हटाने पर जाता रहे विरोध

किसानों के लिए जरूरी निर्देश
जन आधार कार्ड और बैंक खाते में किसी भी त्रुटि को ठीक करवा लें। जमीन की हकदारी और गिरदावरी से संबंधित विसंगतियों को समय रहते सही कर लें। फसल बुवाई प्रमाणिकता के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें। एफसीआई ने आश्वासन दिया है कि किसानों को उनकी उपज का भुगतान गेहूं बेचने के 48 घंटों के भीतर सीधे उनके बैंक खाते में कर दिया जाएगा। किसानों को जागरूक करने के लिए सभी केंद्रों पर बैनर, मुनादी, पोस्टर चिपकाने और पंप्लेट वितरण का कार्य शुरू कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें :  राजस्थान-अजमेर में विश्वविद्यालय के खाने में मिली छिपकली की पूंछ, केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा-मामला गंभीर

समस्या समाधान के लिए हेल्पलाइन
उन्होंने बताया कि यदि किसानों को किसी प्रकार की समस्या हो तो वे 18001806030 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं या भारतीय खाद्य निगम, मंडल कार्यालय, ब्यावर रोड, अजमेर पर जाकर मदद प्राप्त कर सकते हैं। यह कदम सरकार की ओर से किसानों की भलाई और उन्हें उनकी उपज का सही मूल्य दिलाने के लिए उठाया गया है। इससे न केवल किसानों को आर्थिक लाभ होगा, बल्कि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।

Share

क्लिक करके इन्हें भी पढ़ें

Leave a Comment