त्रिपुरा के परिवहन मंत्री सुशांत चौधरी ने आरोप लगाया, अगरतला से कोलकाता जा रही एक बस पर बांग्लादेश में किया हमला

त्रिपुरा
त्रिपुरा के परिवहन मंत्री सुशांत चौधरी ने आरोप लगाया कि अगरतला से कोलकाता जा रही एक बस पर बांग्लादेश में हमला किया गया। उन्होंने बताया कि यह घटना बांग्लादेश के ब्राह्मणबारिया जिले के विश्व रोड पर हुई। परिवहन मंत्री सुशांत चौधरी ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कर घटना के बारे में जानकारी दी है। चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक' पर बस की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘‘त्रिपुरा से कोलकाता जा रही ‘श्यामोली परिवहन' बस पर बांग्लादेश के ब्राह्मणबारिया में विश्व रोड पर हमला किया गया। इस घटना से बस में सवार भारतीय यात्री सहम गए। बस अपनी लेन में चल रही थी, तभी एक ट्रक ने जानबूझकर उसे टक्कर मार दी। इस दौरान एक ऑटोरिक्शा बस के सामने आ गया और बस एवं ऑटोरिक्शा की टक्कर हो गई।''

ये भी पढ़ें :  उमर खालिद मेरा गुरु नहीं— दिल्ली की अदालत में शरजील इमाम का बयान

भारत विरोधी नारे लगाए, यात्रियों को धमकाया
उन्होंने कहा, ‘‘इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बस में सवार भारतीय यात्रियों को धमकाना शुरू कर दिया। उन्होंने भारत विरोधी नारे भी लगाए और भारतीय यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार किया तथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी। मैं इस घटना की कड़ी निंदा करता हूं तथा पड़ोसी देश के प्रशासन से भारतीय यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह करता हूं।'' कोलकाता और अगरतला के बीच बसों का संचालन ढाका के रास्ते किया जाता है क्योंकि इससे सफर की दूरी आधी से भी कम हो जाती है। यह विमान यात्रा से सस्ती पड़ती है तथा असम के रास्ते ट्रेन से यात्रा करने की तुलना में इसमें कम समय लगता है। ट्रेन यात्रा में आमतौर पर 30 घंटे से अधिक समय लगता है।

ये भी पढ़ें :  ढाई घंटे ठप रहा Elon Musk का सैटेलाइट इंटरनेट, यूजर्स हुए परेशान

मुख्यमंत्री माणिक साहा की प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि उन्हें बस पर हमले की सूचना मिली तथा वह इस बारे में ज्यादा जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे जानकारी मिली है कि अगरतला से यात्रियों को लेकर कोलकाता जा रही बस पर शनिवार को ब्राह्मणबरिया में विश्व रोड पर हमला हुआ। मैं इस मामले में ठोस जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहा हूं।''

ये भी पढ़ें :  ममता सरकार को बड़ा झटका: सुप्रीम कोर्ट ने ED अफसरों पर दर्ज FIR पर लगाई रोक

पड़ोसी देश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हमलों को लेकर चिंता जताते हुए साहा ने कहा कि पूरी दुनिया देख रही है कि बांग्लादेश में हिन्दुओं को किस तरह उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि हमारा राज्य तीन तरफ से बांग्लादेश से घिरा है, इसलिए मैंने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पुलिस से कड़ी निगरानी रखने को कहा है।''

Share

Leave a Comment