आईपीएल के बाद खुद को दूसरे नंबर की लीग के रूप में स्थापित कर रहा है एसए20: ग्रीम स्मिथ

मुंबई.
एसए20 के आयुक्त ग्रीम स्मिथ का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका का यह घरेलू टूर्नामेंट इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बाद दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी टी20 प्रतियोगिता के रूप में खुद को स्थापित कर रहा है। एसए20 का आयोजन पहले दो सत्र में अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के साथ ही किया गया था लेकिन इस बार यह लीग नए साल में होने वाले टेस्ट मैच के तुरंत बाद आयोजित की जाएगी ताकि दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रीय टीम में शामिल खिलाड़ी भी इसमें भाग ले सकें। प्रतियोगिता के तीसरे सत्र में भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक भी भाग लेंगे। वह इसमें खेलने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बनेंगे।

ये भी पढ़ें :  MLC 2026 में रिकॉर्ड्स की बारिश, 537 रन और 51 छक्कों का तूफान

स्मिथ ने एसए20 इंडिया डे पर पत्रकारों से कहा, ‘‘यह कहना सही नहीं लगता कि आप दुनिया की दूसरे नंबर की लीग बनना चाहते हैं लेकिन सच्चाई यही है कि आईपीएल का कोई जवाब नहीं है। वह अविश्वसनीय टूर्नामेंट है जिसने क्रिकेट के परिदृश्य में बदलाव में अहम भूमिका निभाई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम भाग्यशाली हैं कि हमने आईपीएल की छह फ्रेंचाइजी को अपनी तरफ आकर्षित किया। हमने एसए20 को आगे बढ़ाने के लिए बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) के साथ मिलकर काम किया। हमें उनसे काफी कुछ सीखने को मिला।’’

ये भी पढ़ें :  पीकेएल-11: रिवेंज वीक में यूपी योद्धाज ने पटना पाइरेट्स से पिछली हार का हिसाब चुकाया

कार्तिक इस टूर्नामेंट में पार्ल रॉयल्स के लिए खेलेंगे। वह लीग के भारत के दूत भी हैं। उन्होंने कहा कि इस साल की शुरुआत में सभी प्रारूपों से संन्यास लेने के बाद एसए20 सबसे अच्छी प्रतियोगिता थी जिसमें वह भाग ले सकते थे। कार्तिक ने कहा, ‘‘जब मैंने आईपीएल के बाद संन्यास लेने की घोषणा की तो तब भी मैं क्रिकेट खेलना जारी रखना चाहता था। मैं झूठ नहीं बोलूंगा। मैं सोच रहा था कि मेरे लिए क्या विकल्प है और इसका पता कैसे करना है क्योंकि मैं कभी किसी अन्य लीग का हिस्सा नहीं रहा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उन खिलाड़ियों से पूछा जो अन्य लीग का हिस्सा रहे हैं और एक बात जो सर्वसम्मति से सामने आई, वह यह थी कि एसए20 सबसे अच्छा और रोमांचक टूर्नामेंट है। इसमें सबसे दिलचस्प प्रतिद्वंद्विता भी है।’’

ये भी पढ़ें :  सचिन तेंदुलकर ने मेलबर्न क्रिकेट क्लब की मानद सदस्यता स्वीकार की

 

Share

Leave a Comment