विकास शर्मा, न्यूज राइटर, भोपाल, 12 अगस्त, 2024
भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल में आज को विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। तिरंगा यात्रा नरेला विधानसभा क्षेत्र में सुभाष आरओबी से शुरू हो गई है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने तिरंगा लहराकर इसकी शुरुआत की। इस यात्रा में कई मंत्रीगण, कार्यकर्ता और ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के मिड फील्डर विवेक सागर भी शामिल हुए हैं। शूटिंग में दो बार के ओलंपियन व अर्जुन अवार्डी ऐश्वर्य प्रताप सिंह भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद हैं। सीएम ने विवेक सागर और ऐश्वर्य प्रताप सिंह का सम्मान किया।
इस मौके पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और महापौर मालती राय भी मौजूद हैं। हजारों लोग हाथों में तिरंगा लिए पहुंचे हैं। जिनमें बच्चे, कई स्कूलों, कॉलेज के छात्र-छात्राएं, बुजुर्ग, युवा और महिलाएं शामिल हैं। यात्रा में देशभक्ति गीत गूंज रहे हैं।
यात्रा में भाग लेने वालों को मिलेंगे डिजीटल प्रमाण पत्र
यात्रा के स्वागत के लिए 101 मंच लगाए गए हैं, जिनसे सभी समाजों, सभी वर्ग के लोग पुष्प वर्षा कर स्वागत करेंगे। वहीं तिरंगा यात्रा में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीयन करने वालों को डिजिटल प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।