रायपुर.
पीएम आवास के बाहर कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन पर सीएम विष्णुदेव साय ने हमला बोला है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के आवास के बाहर जैसा आचरण किया, वह लोकतांत्रिक गरिमा के प्रतिकूल और निंदनीय है।
ऐसे राजनीतिक स्टंट की अपेक्षा नेता प्रतिपक्ष जैसे पद पर बैठे व्यक्ति से तो बिल्कुल नहीं होती। सीएम साय ने कहा, NEET पेपर लीक जैसी समस्या पर केंद्र सरकार पहले से ही अत्यधिक गंभीर है। दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई भी हुई है। प्रधानमंत्री ने पेपर लीक को ‘पाप’ कहते हुए कार्रवाई की बात कही है। सरकार परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, परीक्षा दोबारा पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की गई और उसका परिणाम भी आ चुका है। दुख की बात है कि कांग्रेस इस बहाने फिर से कुछ युवाओं की आड़ लेकर देश में अराजकता फैलाने में जुट गई है। प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास के बाहर विपक्ष द्वारा किया गया कृत्य लोकतंत्र की गरिमा के प्रतिकूल है। इसे देश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
