अलीगढ़ हादसे पर तीन सदस्यीय जांच समिति गठित

लखनऊ. 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ में पाइपलाइन मरम्मत के दौरान दुर्घटना में एक श्रमिक की मौत का संज्ञान लिया है। मामले के लिए जांच कमेटी का गठन कर दिया गया है। अपर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति घटना की सम्पूर्ण जांच कर 3 दिन में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। इसके साथ ही मृतक मजदूर के परिजनों को 5 लाख रुपए की आर्थिक मदद घोषित की गई है।

ये भी पढ़ें :  सीएम योगी की दूरदर्शी पहल से मुजफ्फरनगर में तकनीकी शिक्षा का नया अध्याय शुरू

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि अलीगढ़ नगर निगम द्वारा रेलवे रोड क्षेत्र में संचालित सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत सड़क, सीवर एवं नाला निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसी क्रम में अप्सरा सिनेमा के सामने क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य जलकल विभाग द्वारा कराया जा रहा था। कार्यस्थल पर सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करते हुए बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और सुरक्षा उपकरण भी लगाए गए थे। बावजूद इसके पाइपलाइन जोड़ने के दौरान अचानक सड़क का एक हिस्सा ढह गया, जिससे एक श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 

ये भी पढ़ें :  उमाशंकर सिंह पर आयकर का शिकंजा: लखनऊ से बलिया तक घर-दफ्तर पर छापेमारी

नगर निगम ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। अपर नगर आयुक्त इसके अध्यक्ष, अधिशासी अभियंता (निर्माण) और कर निर्धारण अधिकारी सदस्य नियुक्त किए गए हैं। समिति को तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त ने हादसे को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा।

Share

Leave a Comment