नई दिल्ली
देश की राजधानी में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि इस साल राष्ट्रीय राजधानी में इन्फ्लूएंजा के लगभग 3,000 मामले सामने आए हैं। इनमें 2308 मामले एच1एन1 (स्वाइन फ्लू) के हैं। उन्होंने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
शहर में मौसमी इन्फ्लूएंजा के मामलों में वृद्धि के बीच पंकज सिंह ने स्वास्थ्य विभाग, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) और दिल्ली छावनी बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसी के बाद उन्होंने स्वाइन फ्लू पर जरूरी अपडेट दिए हैं।
दिल्ली स्वास्थ्य मंत्री ने दिया अहम अपडेट
पंकज सिंह ने कहा कि डॉक्टरों, कर्मचारियों या दवाओं की कोई कमी नहीं है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आपातकालीन समीक्षा बैठक बुलाई है। मैं आपको आश्वासन देता हूं कि कोई समस्या नहीं है, सब कुछ नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि नगर निकायों के साथ यह बैठक दिल्ली में एच1एन1 या मौसमी इन्फ्लूएंजा के साथ-साथ वेक्टर जनित बीमारियों को लेकर व्यवस्था और तैयारियों की समीक्षा के लिए की गई थी।

पंकज सिंह बोले- घबराने की जरूरत नहीं
स्वास्थ्य मंत्री ने आगे ये भी कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है और मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर अस्पताल में अलग वार्ड बनाए गए हैं। अगर कोई मरीज बिस्तर नहीं मिलने की शिकायत करता है, तो अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली में लगभग 3,000 इन्फ्लूएंजा मामलों में से 2,308 मामले एच1एन1 के हैं, जबकि शेष मामले इन्फ्लूएंजा के अन्य प्रकार के हैं।
स्वाइन फ्लू को लेकर सरकार की एडवाइजरी
- डॉक्टरों के अनुसार, एच1एन1 संक्रमण को स्वाइन फ्लू के नाम से जाना जाता है। इसमें आमतौर पर बुखार, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर में दर्द और थकान के लक्षण होते हैं।
- स्वाइन फ्लू के मामलों के चलते हाल ही में दिल्ली सरकार ने पब्लिक हेल्थ एडवाइजरी जारी की और लोगों से सांस से जुड़ी बीमारियों से बचने के लिए बुनियादी सावधानियां बरतने को कहा।
- अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी कि वे भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनें, बार-बार हाथ धोएं, सांस की बीमारी वाले लोगों के अधिक करीब जाने से बचें और अगर फ्लू जैसे लक्षण गंभीर हो जाएं या लंबे समय तक बने रहें, तो डॉक्टर को दिखाएं।
- इससे पहले, दिल्ली में शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा की अध्यक्षता में दिल्ली की स्वास्थ्य तैयारियों की समीक्षा की गई।
- बैठक में इन्फ्लूएंजा एच1एन1, डेंगू और मलेरिया की स्थिति के साथ-साथ अस्पतालों की तैयारियों और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता पर विस्तृत चर्चा हुई
- दिल्ली के स्वास्थ्य परिवार कल्याण पंकज कुमार सिंह ने बताया कि अस्पतालों में बेड, डॉक्टर, दवाइयों और जरूरी मेडिकल सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है
