Naxal Attack : छत्तीसगढ़ में बड़ा नक्सली हमला 11 जवान शहीद, PM, CM, गृहमंत्री समेत सभी ने जताया दुख

 

उर्वशी मिश्रा, न्यूज राइटर, दंतेवाड़ा 26 अप्रैल, 2023

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में एक बार फिर नक्सली बड़ी घटना को अंजाम देने में कामयाब रहे और जरा सी चूक के कारण डीआरजी के 11 जवान शहीद हो गए। सालभर पहले सुकमा जिले के मिनपा जंगल में नक्सलियों से मुठभेड़ में 17 जवान शहीद हो गए थे। इनमें 12 जवान डीआरजी के थे। यह पहली घटना थी, जिसमें डीआरजी को इतना बड़ा नुकसान हुआ था। वहीं, अप्रैल 2021 में बीजापुर में 23 जवानों की शहादत हुई थी।

नक्सल ऑपरेशन के बाद लौट रहे थे जवान

जानकारी के मुताबिक, माओवादी कैडर की मौजूदगी की सूचना पर दंतेवाड़ा से डीआरजी जवानों को रवाना किया गया था। इसके बाद सभी जवान वहां से लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए नक्सलियों ने अरनपुर मार्ग पर पालनार में ब्लास्ट कर दिया। बताया जा रहा है कि जवान एक प्राइवेट वाहन से निकले थे। हमले में एक नागरिक की भी मौत हुई हैै। हमले के बाद जवानों की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। इसमें कुछ नक्सली भी घायल हुए हैं। मौके पर फोर्स पहुंच गई है। वारदात की पुष्टि आईजी सुंदरराज पी. ने की है।

नक्सलियों ने अरनपुर सड़क में जहां वारदात को अंजाम दिया, वह रणनीतिक रूप से सुरक्षा बलों के लिए काफी मायने रखता है। सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा के बीच यह ऐसी सड़क बनाई जा रही है, जिसके बनने से नक्सलियों का एक अहम कॉरिडोर सुरक्षा बलों के कब्जे में आ जाता। इस तरह नक्सलियों के एक-दूसरे जिले में मूवमेंट में काफी मुश्किलें आने वाली थी।

जवान हुए शहीद

ये भी पढ़ें :  नीति आयोग की रिपोर्ट : देश के आकांक्षी जिलों में छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले का बेहतर परफॉर्मेंस

हेड कॉन्सटेबल जोगा सोढी, मुन्ना राम कड़ती, संतोष तामो, नव आरक्षक दुल्गो मण्डावी, लखमू मरकाम, जोगा कवासी, हरिराम मण्डावी, गोपनीय सैनिक राजू राम करटम, जयराम पोड़ियाम और जगदीश कवासी शहीद हुए हैं। इनके साथ ही प्राइवेट वाहन के चालक धनीराम यादव की भी मौत हो गई है।

घटना के बाद मौके पर पहुंची फोर्स, सर्चिंग जारी
बताया जा रहा है कि वाहन में 25 से 30 जवान सवार थे। घायल जवानों को जिला अस्पताल लाने के लिए चार एंबुलेंस को घटना स्थल के लिए रवाना किया गया है। घटना के बाद आसपास के एरिया में सर्चिंग तेज कर दी गई है। एसपी भी मौके पर पहुंच गए हैं।

बस्तर में नक्सलियों की चल रही TCOC

बस्तर में नक्सलियों ने इस समय TCOC (टैक्टिकल काउंटर अफेंसिव कैंपेन) चला रखी है। इस दौरान नक्सली अक्सर बड़े हमले करते हैं। इसके चलते फोर्स पहले से ही अलर्ट माेड पर है। इसी के तहत जवानों की भी सर्चिंग लगातार जारी है। पिछले सप्ताह बीजापुर कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी के काफिले पर नक्सलियों ने हमला किया था। वह साप्ताहिक बाजार में नुक्कड़ सभा कर लौट रहे थे। इसके तीन दिन बाद नक्सलियों ने प्रेस नोट जारी कर TCOC चलाए जाने की बात कही थी। हालांकि विधायक को निशाना बनाने की बात से इनकार किया था।

ये भी पढ़ें :  भारतीय परिधान निर्यातकों को वित्त वर्ष 2025 में 9-11 प्रतिशत राजस्व वृद्धि की उम्मीद: इक्रा

 

दो साल पहले हमले में 22 जवान हुए थे शहीद

इससे पहले साल 2021 में अप्रैल माह में ही नक्सलियों ने सबसे बड़ा हमला बीजापुर के तर्रेम क्षेत्र के टेकलगुड़ा में किया था। उस समय नक्सलियों ने BGL (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) से हमला किया था। इसमें 22 जवान शहीद हुए थे और 35 से ज्यादा घायल हुए थे। नक्सली हमले के साथ ही जवानों से हथियार भी लूटकर ले गए थे। इसी दौरान नक्सलियों ने सीआरपीएफ कोबरा बटालियन के जवान राकेश्वर सिंह मन्हास का अपहरण किया था। हालांकि बाद में उसे रिहा कर दिया था।

 

गृहमंत्री शाह ने सीएम से की बात

नक्सल घटना की सूचना मिलने पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सीएम भूपेश बघेल से बात की। उन्होंने जवानों की शहादत पर शोक जताया और भरोसा दिलाया कि नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई में केंद्र सरकार साथ है और वे हरसंभव मदद उपलब्ध कराएंगे। वहीं, सीएम भूपेश बघेल ने भी नक्सल घटना पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट किया है, ‘दंतेवाड़ा के थाना अरनपुर क्षेत्र अंतर्गत माओवादी कैडर की उपस्थिति की सूचना पर नक्सल विरोधी अभियान के लिए पहुंचे डीआरजी बल पर आईईडी विस्फोट से हमारे 10 डीआरजी जवान व एक चालक के शहीद होने का समाचार बेहद दुखद है। हम सब प्रदेशवासी उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनके परिवारों के साथ दुख में हम सब साझेदार हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’

ये भी पढ़ें :  Jashpur Video Breaking : आदिवासी समाज के सैंकड़ों लोग पहुंचे रायपुर, बीजेपी कार्यालय के सामने नगाड़ा बजाकर कर इस मांग के लिए कर रहे प्रदर्शन

राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने जवानों की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने घटना की कड़ी निंदा की है और कहा कि, नक्सलियों के राष्ट्र विरोधी मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। केंद्र और राज्य शासन समन्वय पूर्वक नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए कटिबद्ध है

 

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भी हमले को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि, दंतेवाड़ा के अरनपुर में पुलिस वाहन पर हमला करके नक्सलियों ने कायरता दिखाई है, इस हमले में शहीद हुए हमारे DRG के 10 वीर जवान और 1 ड्राइवर की शहादत को नमन करते हुए मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी नक्सली हमले को लेकर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सली हमले में 11 जवानों के शहीद होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। मैं इस तरह की कायरतापूर्ण कार्रवाई की कड़ी निंदा करता हूं। मैं सभी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और दुख की इस घड़ी में हम सब उनके परिजनों के साथ हैं। जय हिंद।

 

न्यूज राइटर इस हृदयविदारक घटना में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनके परिवारों के साथ दुख में हम सब साझेदार हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

Share

क्लिक करके इन्हें भी पढ़ें

Leave a Comment