मूंग खरीदी से लेकर सहकारी बैंकिंग तक मिशन मोड में हो काम : मंत्री सारंग

भोपाल 

सहकारिता मंत्री  विश्वास कैलाश सारंग ने शुक्रवार को मंत्रालय में सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश में मूंग एवं उड़द खरीदी, सहकारी बैंकिंग व्यवस्था, मुख्यमंत्री जन-कल्याण योजना तथा ‘सहकारिता में सहकार’ अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन मिशन मोड में करते हुए किसानों और सहकारी संस्थाओं को अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जाए।

किसानों को नहीं हो असुविधा, खरीदी व्यवस्था रहे पूरी तरह सुचारु

मंत्री  सारंग ने कहा कि मूंग एवं उड़द खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीदी केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध रहें तथा उड़द खरीदी के लिए पर्याप्त मात्रा में बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे खरीदी प्रक्रिया निर्बाध रूप से संचालित हो सके।

ये भी पढ़ें :  यूनिफॉर्म खरीदी पर हाईकोर्ट का बड़ा झटका: 350 करोड़ के टेंडर पर अंतरिम रोक, MP के 2 लाख बुनकर परिवार प्रभावित

गोदामों की कमी नहीं बनेगी बाधा, अंतर-जिला भंडारण की करें व्यवस्था

मंत्री  सारंग ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर गोदामों की कमी है अथवा उपलब्ध गोदाम पूर्ण क्षमता से भर चुके हैं, वहां वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए। आवश्यकता होने पर अंतर-जिला गोदामों का उपयोग कर भंडारण किया जाए, जिससे किसानों की उपज का समय पर उठाव सुनिश्चित हो सके।

दुग्ध समितियों में माइक्रो एटीएम, सहकारी बैंकिंग को मिले नई गति

ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार करने के उद्देश्य से मंत्री  सारंग ने निर्देश दिए कि दुग्ध सहकारी समितियों के लिए लक्ष्य निर्धारित कर चरणबद्ध तरीके से माइक्रो एटीएम उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने सभी सहकारी बैंकों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, जमा राशि पर आकर्षक ब्याज योजना तैयार करने तथा सभी सहकारी समितियों के बैंक खाते सहकारी बैंकों में संचालित करवाने के निर्देश दिए। साथ ही समिति सदस्यों को सहकारी बैंकिंग के माध्यम से अधिक से अधिक वित्तीय लेन-देन के लिए प्रेरित करने को कहा।

ये भी पढ़ें :  8 महीने की गर्भवती आरक्षकों को एसपी ने ट्रेनिंग पर भेजा, PHQ तक मचा हड़कंप

एनसीडीसी योजनाओं में बढ़ेगी भागीदारी

मंत्री  सारंग ने राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) की योजनाओं में मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से सहकारी संस्थाओं को अधिक वित्तीय अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

‘सहकारिता में सहकार’ अभियान की होगी साप्ताहिक समीक्षा

बैठक में मुख्यमंत्री जन-कल्याण योजना तथा ‘सहकारिता में सहकार’ अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री  सारंग ने निर्देश दिए कि अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जाए। प्रत्येक सप्ताह इसकी नियमित समीक्षा कर लक्ष्य आधारित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

ये भी पढ़ें :  विसबल वाहिनियों में पुलिसकर्मियों की सुविधाओं, कल्याण एवं कार्य-परिस्थितियों को बेहतर बनाने पर विशेष जोर

क्लस्टर विकास और लंबित अनुमतियों का शीघ्र करें निराकरण

मंत्री  सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुग्ध उत्पादन, हस्तशिल्प एवं अन्य क्लस्टर आधारित विकास योजनाओं को गति दी जाए। कृषि एवं वृक्षारोपण वर्ष में लंबित सभी अनुमतियों का शीघ्र निराकरण कर विकास कार्यों में तेजी लाई जाए।

सहकारिता है ग्रामीण समृद्धि का सशक्त माध्यम

मंत्री  सारंग ने कहा कि सहकारिता केवल व्यवस्था नहीं, बल्कि किसानों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और प्रदेश के समग्र विकास का मजबूत आधार है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में प्रमुख सचिव सहकारिता  डी.पी. आहूजा, मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) के प्रबंध संचालक  अभिजीत अग्रवाल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Share

क्लिक करके इन्हें भी पढ़ें

Leave a Comment