एपीएल अपोलो स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, एक मजदूर की दर्दनाक मौत

बलौदाबाजार

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के हथबंद थाना क्षेत्र के ग्राम रिंगनी में स्थित एपीएल अपोलो स्टील प्लांट में एक बड़ा हादसा हुआ है. इस घटना में एक मजदूर रविन्दर यादव की लोहे के वजनी पाइप के नीचे दबने से उसकी मौत हो गई है. यह घटना बीते शाम की है, घटना के बाद कंपनी के लोग आनन-फानन में मजदूर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमगा ले गए, लेकिन मजदूर की पहले ही मौत हो चुकी थी.

वहीं आज मृतक मजदूर के परिजन और बड़ी संख्या में मजदूर साथी अपोलो स्टील प्लांट के गेट के सामने प्रदर्शन कर एक करोड़ रूपये मुआवजा, परिवार के दो लोगों को नौकरी और आजीवन पेंशन देने की मांग कर रहे हैं. मजदूरों के प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में जिले से पुलिस बल भेजा गया है. सूत्र बता रहे हैं कि मांग को लेकर मजदूर संगठन परिजन और कंपनी प्रबंधन के बीच बातचीत चल रही है पर बात बन नहीं रही है और मजदूर अपनी मांग पर अड़े हुए हैं.

ये भी पढ़ें :  छत्तीसगढ़ के निजी और सरकारी स्कूलों में 7 से 12 अक्टूबर 2024 तक छुट्टी

सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
एपीएल अपोलो स्टील प्लांट में काम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं कि यहां पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है. बताया जा रहा है कि इसके पहले भी यहां हादसा हो चुका है और छोटे-छोटे हादसे होते रहते हैं जिसे दबा दिया जाता है.

ये भी पढ़ें :  बिहार की 48 वर्षीय महिला की अम्बेडकर अस्पताल में सफल बाईपास सर्जरी

जिले में स्थापित उद्योगों में हो रहे हादसे और मजदूरों की लगातार मौत कही न कहीं उद्योगों द्वारा बरती जा रही सुरक्षा मानकों की अनदेखी को दर्शाता है. वहीं बलौदाबाजार के उघोग प्रशासन, पुलिस प्रशासन और स्थानीय प्रशासन के उचित कार्रवाई नहीं करने को भी दर्शाता है. सवाल यह उठता है कि आखिर कब तक मजदूरों की इस तरह मौत होते रहेगी और प्रशासन जांच कार्रवाई की बात को कहते हुए मामला रफादफा करते रहेगी. देखना होगा कि इस घटना के बाद जिले के साथ राज्य शासन उद्योगों द्वारा बरती जा रही सुरक्षा लापरवाही पर क्या कठोर कदम उठाती है.

Share

क्लिक करके इन्हें भी पढ़ें

Leave a Comment