सतना
मौसम विभाग की ओर से जारी भारी बारिश के अलर्ट के बीच चित्रकूट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
अधिकारियों ने किया जलस्तर का अवलोकन
शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और एसपी हंसराज सिंह ने चित्रकूट पहुंचकर मंदाकिनी नदी के बढ़ते जलस्तर का अवलोकन किया।

मौके की स्थिति का जायजा लिया
अधिकारियों ने नदी किनारे की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद चित्रकूट में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण कर मौके की स्थिति का जायजा लिया।
विशेष सावधानी बरतने की अपील
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने मंदाकिनी नदी के घाटों और आसपास रहने वाले श्रद्धालुओं, रहवासियों तथा दुकानदारों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
श्रद्धालुओं को नौका विहार न कराएं
लोगों से नदी के घाटों से दूर रहने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर जाने को कहा गया है। प्रशासन ने नाव संचालकों से भी अपील की है कि नदी की स्थिति सामान्य होने तक श्रद्धालुओं को नौका विहार न कराएं।
परिस्थितियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश
मझगवां एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, तहसीलदार कमलेश सिंह भदौरिया, नगर परिषद सीएमओ अंकित सोनी और सहायक राजस्व निरीक्षक संदीप त्रिपाठी सहित प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा। अधिकारियों ने बारिश के दौरान नदी के जलस्तर और आसपास की परिस्थितियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
