Breaking
10 Nov 2026, Tue

देवास TI हत्याकांड में बड़ा अपडेट, मुख्य आरोपी मोहिन की ब्रेन हेमरेज से मौत; मनीष जायसवाल गिरफ्तार

देवास 

 मध्य प्रदेश के देवास जिले के खातेगांव के टीआई रहे दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या के मामले में अवैध शराब से जुड़े नेटवर्क के आरोपित मोहिन जायसवाल निवासी अहमदाबाद की रविवार को ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई। हत्याकांड व अवैध शराब नेटवर्क की जांच में लगी एसआईटी अहमदाबाद में उस पर नजर रखे हुए थी।

करीब दो दिनों से मोहिन का उपचार चल रहा था। सोमवार को अंतिम संस्कार किया गया। इसी मामले में फरार आरोपित मनीष जायसवाल को पुलिस ने गुजरात के बड़ौदा से गिरफ्तार किया है।

शार्ट एनकाउंटर में घायल हुए थे चालक और क्लीनर
बता दें कि 1-2 नवंबर की दरमियानी रात को इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर खातेगांव थाना क्षेत्र में अवैध शराब से भरे मिनी ट्रक के चालक ने चेकिंग कर रहे खातेगांव थाना टीआई गोस्वामी को कुचल दिया था और वहां से वाहन मोड़कर भाग निकला था। आगे जाकर कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर ड्राइवर फरार हो गया था। मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।

ये भी पढ़ें :  थाना बमनौरा पुलिस ने ग्राम टिकरया में फायर कर हत्या का प्रयास करने वाले ₹8000 के इनामी आरोपी को किया गिरफ्तार

बाद में ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू व क्लीनर धीरज को गिरफ्तार कर देवास होते हुए खातेगांव ले जाया जा रहा था, जहां रास्ते में उन्होंने भागने का प्रयास किया था। इसके बाद पुलिस द्वारा किए गए शार्ट एनकाउंटर में दोनों घायल हो गए थे। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया था।

इसी मामले में आरोपित राहुल जायसवाल, विजय राव, केरमसिंह, भूपेंद्र राणा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनसे पूछताछ चल रही है।

आरोपित मनीष का 16 नवंबर तक रिमांड
एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि आरोपित मनीष जायसवाल घटना के बाद से ही फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए देवास पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार देश के अलग-अलग प्रदेशों एवं जिलों में तलाश कर दबिश दे रही थीं। उसे गुजरात से गिरफ्तार कर देवास लाया गया।

न्यायालय में पेश कर 16 नवंबर तक रिमांड पर लिया है। पूछताछ कर शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। एक अन्य आरोपित पाटेंद्र जायसवाल फरार है।

ये भी पढ़ें :  कर्ता के प्रति कृतज्ञता का भाव सनातन का पहला संस्कार : मुख्यमं

उसकी बेटी व दामाद को पुलिस पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। शराब तस्करी नेटवर्क की अहम कड़ी मनीष है, जिससे पूछताछ के बाद कई नई जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

इसी मामले में दाहोद-गुजरात में आरोपित केरम सिंह को लेकर गई टीम भी वापस लौट रही है। केरम सिंह को कोर्ट में पेश कर रिमांड बढ़ाने की मांग करेंगे। अभी तक उससे बैकवर्ड लिंक की जानकारी मिली है, अब फारवर्ड लिंक को लेकर पूछताछ करेंगे कि शराब गुजरात में कहां जाती थी, किसके माध्यम से जाती थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।

आरोपित चालक गजेंद्र व क्लीनर धीरज को 10 नवंबर को कोर्ट में पेश करेंगे। इंदौर निवासी विजय से भी लगातार पूछताछ की जा रही है। टीम उसे लेकर इंदौर गई थी।

पूछताछ में कई जानकारियां मिली हैं। उसके मोबाइल से भी अहम सुराग मिले हैं। वह मनीष का खास था, लिहाजा मनीष के बारे में भी जानकारी जुटा रहे हैं। राहुल जायसवाल के शराब दुकान संबंधी एग्रीमेंट के दस्तावेज जब्त किए हैं।

ये भी पढ़ें :  जर्जर स्कूल पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने लिया संज्ञान, जल्द शुरू होगा भवन निर्माण

इसमें राहुल का भाई पुनीत और पिता अरुण जायसवाल का नाम भी किरायानामा में लिखा है। उनसे भी पूछताछ की जाएगी। पूर्व में गिरफ्तार आरोपितों का 10 नवंबर तक का रिमांड था, जिन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड अवधि बढ़ाने की मांग करेंगे।

अब मनीष और पाटेंद्र पर पुलिस का पूरा फोकस
इस मामले में मोहिन जायसवाल की मौत के बाद से पुलिस की चिंता बढ़ी है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस मोहिन जायसवाल को पकड़ने के करीब थी और लग रहा था कि मोहिन से पूछताछ में गुजरात में शराब तस्करी से जुड़े नामों से पर्दा उठ सकेगा।

मप्र में मोहिन का नेटवर्क कहां-कहां है, वह किनसे संपर्क में था और कैसे पूरा कारोबार होता था, इसकी जानकारी जुटाने की योजना थी। उसकी मौत के बाद कई सवाल अनसुलझे ही रह गए।

पुलिस का पूरा फोकस अब मनीष और पाटेंद्र जायसवाल पर है, जो मोहिन के साथ जुड़े थे। इनसे पूछताछ में जो जानकारी सामने आएगी, उससे ही जांच की दिशा आगे बढ़ेगी।

Share

By News Writer Editor

News Writer Near Ambuja Mall, Main Road Pandri Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *