Breaking
11 Nov 2026, Wed

मध्यप्रदेश पुलिस की चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई

विगत 10 दिनों में 1 करोड़ 13 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, वाहन एवं अन्य सामान जब्त

भोपाल
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने तथा चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विगत 10 दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में पुलिस ने चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं का खुलासा करते हुए शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोटर पंप, लोहे के पाइप, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य संपत्ति सहित 1 करोड़ 13 लाख 45 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।

टीकमगढ़
थाना कुड़ीला पुलिस ने पाइप चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए लोहे के पाइप एवं वारदात में प्रयुक्त दो वाहन सहित करीब 58 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

झाबुआ
पेटलावद थाना पुलिस ने ग्राम उन्नई में दंपति के साथ मारपीट कर सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी लूटने वाली डकैती की घटना का खुलासा करते हुए 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण एवं 52,600 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त 15 लाख रुपये कीमत की कार सहित कुल 18 लाख 52 हजार 600 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

ये भी पढ़ें :  मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 से 20 दिसंबर तक होगा आयोजित

ग्वालियर
ग्वालियर पुलिस की भितरवार थाना पुलिस ने नकबजनी के मामले में मुख्य आरोपी ताज खान एवं चोरी के जेवर खरीदने वाले अविनाश वाल्मीक को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी की निशानदेही पर करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण तथा खरीदार से सोने की अंगूठी जब्त की गई।

खरगोन
जैतापुर पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी दीपक उर्फ नेपाली पर इंदौर, खंडवा, विदिशा एवं खरगोन जिले में पूर्व से 33 अपराध दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने मार्च माह में भी चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों से करीब 6.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण एवं चोरी में प्रयुक्त करीब 1.50 लाख रुपये कीमत की पल्सर मोटरसाइकिल सहित कुल 8 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।

छतरपुर
थाना कोतवाली पुलिस ने टौरिया मोहल्ला में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 2 लाख 50 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए। थाना लवकुशनगर पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर को अभिरक्षा में लेकर ग्राम हिनौता में हुई चोरी के करीब 3 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए।

ये भी पढ़ें :  देश में हर छठा बाल अपहरण मध्य प्रदेश में, 5 साल में 64% बढ़े मामले; चौंकाने वाले आंकड़े

जीआरपी भोपाल
जीआरपी भोपाल ने रेलवे स्टेशन गंजबासौदा से ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से आईफोन-13 प्रो, आईपैड, ईयरबड्स एवं एप्पल एयरटैग सहित करीब 2 लाख 63 हजार रुपये कीमत की संपत्ति जब्त की गई।

जीआरपी ग्वालियर
जीआरपी ग्वालियर ने ट्रेनों, रेलवे स्टेशन एवं आउटर क्षेत्रों में चोरी करने वाले सात शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर थाने में दर्ज 05 अपराधों में कुल 1 लाख 28 हजार 999 रुपये की संपत्ति जब्त की।

मुरैना
थाना स्टेशन रोड पुलिस ने चोरी की वारदात का 05 दिवस के भीतर खुलासा कर एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 3 लाख 27 हजार रुपये नकद, चोरी गया बैग, खाते की किताबें एवं अन्य संपत्ति जब्त की गई।

सागर
कैंट थाना पुलिस ने ग्राम पटकुई स्थित मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी गोदाम में ही कर्मचारी थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 360 स्पीकर, 200 एयरपॉड्स एवं 945 CMF ईयरबड्स सहित करीब 2 लाख 34 हजार रुपये कीमत का सामान जब्त किया।

ये भी पढ़ें :  एसआईआर फार्म में गलत जानकारी देने पर होगी कानूनी कार्रवाई

नर्मदापुरम
थाना स्टेशन रोड पिपरिया पुलिस ने नकबजनी की घटना का मात्र 10 घंटे में खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी से करीब 70 हजार रुपये कीमत के दो टैबलेट जब्त किए गए।

खंडवा
खंडवा पुलिस ने किसानों के खेतों एवं कुओं से पानी की मोटर पंप चोरी करने वाले 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 07 मोटर पंप, जिनकी कुल कीमत 70 हजार रुपये है, जब्त की गईं।

कटनी
थाना ढीमरखेड़ा पुलिस ने ग्राम महगवां में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने करीब 50 हजार कीमत की चोरी गई संपत्ति जब्त की। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने घरों, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को दें।

 

Share

By News Writer Editor

News Writer Near Ambuja Mall, Main Road Pandri Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *