Breaking
12 Nov 2026, Thu

खंडवा का ‘टेम्पल ऑफ हीलिंग’ संवारेगा बच्चों का भविष्य, देगा नई जिंदगी की दिशा

भोपाल
हर बच्चे को अपनी गलतियों से सीखने, स्वयं को बदलने और सम्मानजनक भविष्य बनाने का अवसर मिलना चाहिए। इसी संवेदनशील सोच को साकार करते हुए खंडवा जिले में बाल न्याय एवं पुनर्वास की दिशा में एक अभिनव पहल की जा रही है। यहाँ बाल संप्रेक्षण गृह को ‘टेम्पल ऑफ हीलिंग’ के रूप में विकसित किया जाएगा। यह ऐसा केंद्र होगा, जहाँ विधि का उल्लंघन करने वाले बच्चों को केवल संरक्षण ही नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के अवसर भी मिलेंगे। नीति आयोग ने इस अभिनव पहल के लिए 50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है।

इस पहल की विशेषता यह है कि इसमें बच्चों के अतीत के बजाय उनके भविष्य को केंद्र में रखा गया है। प्रतिकूल परिस्थितियों में बाल संप्रेक्षण गृह तक पहुँचे किशोरों को ऐसा सकारात्मक और प्रेरक वातावरण मिले, जहाँ वे अपनी प्रतिभा पहचान सकें, आत्मविश्वास विकसित कर सकें और जीवन की नई शुरुआत के लिए तैयार हो सकें। ‘टेम्पल ऑफ हीलिंग’ की अवधारणा बाल संप्रेक्षण गृह को परंपरागत देखरेख व्यवस्था से आगे बढ़ाकर शिक्षा, उपचारात्मक गतिविधियों, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक पुनर्वास के एक समग्र केंद्र के रूप में विकसित करने पर आधारित है।

ये भी पढ़ें :  MP के पूर्वी जिलों में आज तेज बारिश, रीवा से सिंगरौली तक भीगेंगे कई इलाके; कल से हल्की बूंदाबांदी जारी रहेगी

किताबों से ज्ञान, डिजिटल शिक्षा से खुलेंगे भविष्य के नए द्वार
‘टेम्पल ऑफ हीलिंग’ में बच्चों के बौद्धिक विकास और सीखने की क्षमता को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक पुस्तकालय और डिजिटल क्लासरूम विकसित किए जाएंगे। पुस्तकालय में प्रेरणादायक साहित्य, ज्ञानवर्धक पुस्तकें और कौशल विकास से संबंधित अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी। डिजिटल क्लासरूम में कंप्यूटर एवं आधुनिक शिक्षण संसाधनों के माध्यम से बच्चों को तकनीक आधारित शिक्षा से जोड़ा जाएगा। इससे उन्हें डिजिटल साक्षरता के साथ बदलती दुनिया की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का अवसर मिलेगा। इस पहल में शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि बच्चों में तार्किक सोच, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

हुनर बनेगा आत्मनिर्भरता का आधार, रोजगार के लिए तैयार होंगे बच्चे ।
इस परियोजना का एक महत्वपूर्ण आयाम बच्चों को रोजगारपरक कौशल से जोड़ना है। बाल संप्रेक्षण गृह में उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप मोटर वाइंडिंग, इलेक्ट्रिकल उपकरणों की मरम्मत, सिलाई एवं टेलरिंग, हेयर कटिंग, फर्नीचर निर्माण, सॉफ्ट टॉय मेकिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट तथा कंप्यूटर प्रशिक्षण जैसी गतिविधियाँ संचालित करने की व्यवस्था विकसित की जाएगी। यह प्रयास बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनमें श्रम के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और अपने भविष्य को स्वयं संवारने का विश्वास विकसित करेगा। विशेष रूप से बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आने वाले किशोरों के सामाजिक पुनर्वास और परिवार से पुनः जुड़ाव को भी महत्व दिया जाएगा। इसके लिए परिवारों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास होगा, ताकि बच्चों की समाज की मुख्यधारा में सम्मानजनक वापसी सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

ये भी पढ़ें :  जैन तीर्थंकर प्रतिमाओं पर रील बनाने वालों पर मामला दर्ज, समाजजनों ने किया था प्रदर्शन

योग से आत्मनियंत्रण, खेल और कला से निखरेगा व्यक्तित्व
बच्चों के मानसिक, भावनात्मक और शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए परिसर में योग पार्क, खेलकूद, मनोरंजन और रचनात्मक गतिविधियों की सुविधाएँ विकसित की जाएंगी। नियमित योग और शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, धैर्य, आत्मनियंत्रण और मानसिक संतुलन को प्रोत्साहित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें :  अंतर्विभागीय समन्वय एवं जागरूकता से फ़ाईलेरिया को करें जड़ से ख़त्म : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

सुरक्षित, स्वच्छ और बालहितैषी वातावरण को मिलेगी प्राथमिकता
परियोजना के अंतर्गत बाल संप्रेक्षण गृह की आधारभूत सुविधाओं का भी उन्नयन किया जाएगा। परिसर में आवश्यक फर्नीचर, पंखे, कूलर, अलमारियाँ, शुद्ध पेयजल के लिए आरओ प्लांट, गीजर, सोलर पावर सिस्टम तथा स्वच्छता एवं भोजन व्यवस्था से संबंधित आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने की योजना है। भवन एवं परिसर को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ, सुविधाजनक और बालहितैषी बनाने के लिए भी आवश्यक कार्य किए जाएंगे।

प्रदेश में वर्तमान में 18 बाल संप्रेक्षण गृह संचालित हैं। इन गृहों में विधि का उल्लंघन करने के आरोप में किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष विचाराधीन प्रकरणों से संबंधित 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को नियमानुसार संरक्षण, भरण-पोषण, चिकित्सीय देखभाल, शिक्षा और प्रशिक्षण की सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाती हैं।

 

Share

By News Writer Editor

News Writer Near Ambuja Mall, Main Road Pandri Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *