Breaking
16 Nov 2026, Mon

धान खरीदी में गड़बड़ी रोकने प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो गांवों से 457 कट्टा धान जब्त

धान खरीदी में गड़बड़ी रोकने प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो गांवों से 457 कट्टा धान जब्त

घुटकेल में ड्राइवर के घर छिपाकर रखे गए 147 बोरा और उमरगांव के गोदाम से 310 कट्टा धान जब्त

वास्तविक किसानों के हक की सुरक्षा के लिए प्रशासन सतर्क, अवैध भंडारण और धान खपाने की कोशिशों पर कड़ी निगरानी

रायपुर
        समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही धमतरी जिले में अवैध धान के भंडारण और उपार्जन केंद्रों में अनधिकृत धान खपाने की आशंका वाले मामलों पर प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। किसानों की मेहनत का उचित मूल्य सुनिश्चित करने और धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा संदिग्ध भंडारण स्थलों की लगातार जांच की जा रही है। इसी कड़ी में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम घुटकेल और उमरगांव में कार्रवाई करते हुए कुल 457 बोरा-कट्टा धान जब्त किया है।
      मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप वास्तविक किसानों को समर्थन मूल्य पर धान विक्रय की सुविधा उपलब्ध कराने और खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए जिला प्रशासन सतर्कता बरत रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं संबंधित विभागों की टीमें संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रख रही हैं।

ये भी पढ़ें :  छत्तीसगढ़-धान खरीदी केंद्रों में घूम रहे कांग्रेसी, बीजेपी ने भ्रम फैलाने के लगाए आरोप

ड्राइवर के घर में रखा मिला 147 बोरा धान, दस्तावेज नहीं मिलने पर जब्ती

      संयुक्त टीम ने ग्राम घुटकेल में जांच के दौरान एक मकान में संग्रहित धान का पता लगाया। जांच में सामने आया कि संतोष खंडेलवाल द्वारा अपने ड्राइवर के घर में 147 बोरा धान रखवाया गया था। प्रारंभिक जांच में इस धान को आगामी खरीदी के दौरान उपार्जन केंद्र में खपाने के उद्देश्य से संग्रहित किए जाने की आशंका व्यक्त की गई। मौके पर धान के भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर टीम ने सभी 147 बोरा धान जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। इसी प्रकार ग्राम उमरगांव में तोषण कुमार साहू के गोदाम की जांच के दौरान धान भंडारण से संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत संयुक्त टीम ने गोदाम में रखे 310 कट्टा धान को जब्त किया। दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई से प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितता की आशंका वाले मामलों की गंभीरता से जांच की जाएगी।

ये भी पढ़ें :  धमतरी में उत्साह के साथ धान खरीदी का आगाज, पहले ही दिन 2,629 मीट्रिक टन धान का उपार्जन

उपार्जन केंद्रों से लेकर गोदामों तक निगरानी, किसानों के हितों से समझौता नहीं

       जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी को सुचारू और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए उपार्जन केंद्रों के साथ-साथ गोदामों, सीमावर्ती क्षेत्रों तथा संदिग्ध भंडारण स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। राजस्व, खाद्य, सहकारिता और मंडी विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अवैध परिवहन एवं भंडारण की शिकायतों पर तत्काल जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की समर्थन मूल्य धान खरीदी व्यवस्था का लाभ केवल पात्र एवं वास्तविक किसानों को मिले। किसी भी स्तर पर अनधिकृत धान को किसानों के नाम पर उपार्जन केंद्रों में बेचने की कोशिश पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
       जिला प्रशासन ने किसानों और आम नागरिकों से भी अपील की है कि धान के संदिग्ध भंडारण, अवैध परिवहन अथवा खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
     प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के अधिकारों की सुरक्षा और पारदर्शी धान खरीदी व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। वास्तविक किसानों के हितों को प्रभावित करने वाली किसी भी अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *