Breaking
19 Nov 2026, Thu

सीएम योगी ने UP Police और ATS की तारीफ की, बोले- प्रदेश बना ‘Land of Law’

लखनऊ
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में आतंकी हमलों से निपटने की तैयारी को परखने के साथ एनएसजी और एटीएस के संयुक्त प्रशिक्षण का लखनऊ पुलिस लाइन में शुभारंभ किया। 

सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर केंद्र और राज्य सरकार की नीति स्पष्ट है। इसमें न अपराधियों को अभय, न आतंकियों को अवसर और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम ऐसे दौर में हैं, जहां भारत ने अपनी सुरक्षा नीति की रेड लाइन स्वयं तय की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब हर आतंकी घटना का मुंहतोड़ जवाब देता है। भारतीय सेना ने वर्ष 2016 में सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 में बालाकोट एयर स्ट्राइक और 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से हर नापाक प्रयास का करारा जवाब दिया है।

प्रदेश Lawless Land से Land of Law
 उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में रूल ऑफ लॉ है। इसे सुनिश्चित करने के लिए हमने यूपी पुलिस के पूरे इकोसिस्टम को मजबूत किया है। हमने महिला सुरक्षा और जनविश्वास को पुलिसिंग के केंद्र में रखा है। आज प्रदेश Lawless Land से Land of Law बन गया है। यूपी का लॉ एंड ऑर्डर एक मॉडल के रूप में आज अपनी पहचान स्थापित कर चुका है।

ये भी पढ़ें :  गाजियाबाद पुलिस की गिरफ्त में छात्र से दुष्कर्म आरोपी मौलवी

उन्होंने कहा कि आज पूरा देश यूपी पुलिस और एटीएस (ATS) के पराक्रम पर गर्व करता है। अब कोई आतंकी या देशद्रोही डार्क वेब या क्रिप्टो वॉलेट के पीछे नहीं छिप सकता। SPOT कमांडोज का NSG, BSF और CISF के साथ 'अग्निपरीक्षा' जॉइंट काउंटर टेररिज्म ट्रेनिंग एक्सरसाइज और नेशनल जॉइंट काउंटर IED एक्सरसाइज जैसे संयुक्त अभ्यास हमारे कमांडोज को हर आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार करते हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एटीएस जब अपनी समर्पित महिला कमांडो टीम का गठन कर उन्हें SPOT का अभिन्न हिस्सा बनाती है, तो यह केवल एक ऑपरेशनल कदम नहीं, बल्कि उस भारत की हुंकार है, जहां बेटियां अब किसी की मोहताज नहीं, अपितु दुश्मन के छक्के छुड़ाने वाली साक्षात रणचंडी का स्वरूप हैं।

आज पूरे प्रदेश में एटीएस (ATS) की 21 फील्ड यूनिट्स तैनात हैं। वर्ष 2017 के बाद इंडो-नेपाल बॉर्डर, नक्सल प्रभावित जनपदों सोनभद्र, चंदौली और मीरजापुर सहित आस्था के प्रमुख केंद्रों अयोध्या, प्रयागराज, श्रावस्ती, बहराइच, सिद्धार्थनगर, संभल, नोएडा, लखनऊ, लखीमपुर खीरी और झांसी में दस नई फील्ड यूनिट्स स्थापित कर हमने सुरक्षा का एक अभेद्य किला तैयार किया है।

ये भी पढ़ें :  सीएम योगी की सम्भल को 659 करोड़ की सौगात, सभी तीर्थ और परिक्रमा मार्ग होंगे पुनर्निर्मित

उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से एटीएस और यूपी पुलिस की विभिन्न इकाइयों के बीच समन्वय बढ़ाने के साथ ही आतंकवाद निरोधी कार्रवाई की क्षमता को मजबूत किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर आतंकी हमले, बंधक बनाने और बंधकों को सुरक्षित निकालने जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने की रणनीति पर काम होगा।

आतंकियों के विरुद्ध कार्रवाई, बचाव अभियान और संकट के समय विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया को भी परखा जाएगा। एनएसजी के विशेषज्ञ यूपी पुलिस के अधिकारियों और जवानों को आतंकवाद निरोधी अभियानों के व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण देंगे।

इससे पहले आतंकी हमलों से निपटने की तैयारियों को और मजबूत करने के लिए बुधवार को लखनऊ में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का पुलिस लाइंस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुभारंभ किया।

हेलीकॉप्टर से उतरे कमांडो, इमारत में घुसे आतंकियों को मारा
राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान लखनऊ पुलिस लाइन में कमांडो हेलीकॉप्टर से उतरे और रस्सियों के सहारे 12 मंजिला इमारत की छत पर पहुंचे। रेलिंग व छज्जों के रास्ते अंदर दाखिल होकर आतंकियों को ढेर कर दिया। इसके बाद बंधकों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ ही पूरे भवन को अपने नियंत्रण में ले लिया। लखनऊ पुलिस लाइन में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने एनएसजी और यूपी एटीएस के कमांडो ने करीब 50 मिनट तक आतंकवाद निरोधक अभियान का ऐसा ही जीवंत प्रदर्शन किया।

ये भी पढ़ें :  पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी की मौत पर शुभेंदु अधिकारी बोले- धमकी की भी होगी जांच

एनएसजी और यूपी पुलिस के संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने की। इस दौरान पांच अलग-अलग परिस्थितियों में सुरक्षा बलों की कार्रवाई का प्रदर्शन किया गया। एक मॉकड्रिल में 12 मंजिला इमारत के बी ब्लाक में आठ से दस आतंकियों के घुसने की सूचना पर स्थानीय पुलिस ने मोर्चा संभाला। कार्रवाई के दौरान एक आतंकी को मार गिराया गया। इसके बाद एनएसजी के कमांडो हेलीकाप्टर से पहुंचे और रस्सियों के सहारे इमारत की छत पर उतरकर आपरेशन शुरू किया। कमांडो ने अलग-अलग रास्तों से इमारत में प्रवेश कर आतंकियों को ढेर किया और बंधकों को सुरक्षित बाहर निकाला। अभियान में एनएसजी की के-9 टीम के प्रशिक्षित डाग ने भी हिस्सा लिया।

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *