Breaking
19 Nov 2026, Thu

वाणी त्रिपाठी टिक्कू को उज्जैन में अखिल भारतीय कालिदास समारोह में किया जाएगा अलंकृत

राष्ट्रीय स्तर की नृत्य-नाटिका प्रतियोगिता में प्रविष्टि जमा करने की अंतिम तिथि 20 नवम्बर

भोपाल
संस्कृति विभाग के सुप्रतिष्ठित राष्ट्रीय कालिदास सम्मान ‘रंगकर्म’ (वर्ष–2026) से सुविख्यात रंगकर्मी वाणी त्रिपाठी टिक्कू को अलंकृत किया जाएगा। संस्कृति विभाग के संचालक श्री एन.पी. नामदेव ने बताया कि उन्हें उज्जैन में आयोजित होने जा रहे अखिल भारतीय कालिदास समारोह के शुभारंभ अवसर पर 21 नवंबर, 2026 को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। श्री नामदेव ने बताया कि रंगकर्म के क्षेत्र में उत्कृष्टता और श्रेष्ठ उपलब्धि को सम्मानित करने के उद्देश्य से वर्ष 1982 से कालिदास सम्मान प्रदान किया जा रहा है। यह सम्मान रंगकर्म में असाधारण सृजनात्मकता, उत्कृष्टता और दीर्घ कला-साधना के आधार पर दिया जाता है। अब तक 37 विभूतियों को कालिदास सम्मान से अलंकृत किया जा चुका है। सम्मान के अंतर्गत 5 लाख रुपये की कर-मुक्त राशि, प्रशस्ति पट्टिका एवं शॉल-श्रीफल प्रदान किए जाते हैं।

ये भी पढ़ें :  संभल में सपा पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान पर बीते 24 घंटे में पांचवां ऐक्शन, अब हुआ बुलडोजर ऐक्शन, तोड़ी गईं सीढ़ियां

सुश्री वाणी त्रिपाठी टिक्कू एक बहुआयामी कलाकार
भारतीय रंगमंच की सुप्रतिष्ठित हस्ती सुश्री वाणी त्रिपाठी टिक्कू एक बहुआयामी कलाकार हैं, जिन्होंने अभिनय, रंगमंचीय प्रशिक्षण, नाट्य शिक्षा, सिनेमा और साहित्य के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। अकादमिक अध्ययन के साथ-साथ रंगमंच के प्रति उनकी गहरी रुचि निरंतर विकसित होती रही, जिसके परिणामस्वरूप उन्होंने लिविंग थिएटर अकादमी ऑफ ड्रामा से रंगकर्म का प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा भारतीय रंगमंच के महान निर्देशक एवं रंगगुरु इब्राहिम अल्काज़ी के मार्गदर्शन में अभिनय की बारीकियों को आत्मसात किया। रंगमंच के प्रति वाणी त्रिपाठी की रूचि जगाने में बैरी जॉन, माया राव, ब.व. कारंत और त्रिपुरारी शर्मा जैसे प्रतिष्ठित रंगकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। विश्व साहित्य के प्रतिष्ठित नाटककारों जैसे एंतोन चेखव, पीटर शेफर, आर्थर मिलर और टेनेसी विलियम्स की प्रसिद्ध रचनाओं पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियों में वाणी त्रिपाठी का अभिनय उनकी रंगमंचीय समझ और कलात्मक विविधता को दर्शाता है।

ये भी पढ़ें :  वेस्टइंडीज की मुल्तान टेस्ट में ऐतिहासिक जीत, खुद के बिछाए जाल में फंसा पाकिस्तान

राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की 'थिएटर इन एजुकेशन' कंपनी के साथ उन्होंने अभिनेत्री एवं शिक्षिका के रूप में कार्य करते हुए बच्चों के लिए रंगमंचीय गतिविधियों, नाट्य प्रस्तुतियों और शिक्षण पद्धतियों के विकास में अतुलनीय योगदान दिया है। भोपाल में वर्ष 2011 में मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय की स्थापना में वाणी त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रंगमंच के साथ-साथ टेलीविजन और सिनेमा में भी वे निरंतर सक्रिय रही हैं। उनकी ख्यातिप्राप्त फिल्मों में ‘दुश्मन’, ‘चलते-चलते’ और ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’ प्रमुख हैं। वर्ष 2023 में प्रकाशित वाणी त्रिपाठी की पहली पुस्तक ‘Why Can’t Elephants Be Red?’ बाल साहित्य के प्रति उनकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का विस्तार है। वर्ष 2008 में उन्हें वॉशिंगटन इंडिया चेयर की ओर से ग्लोबल लीडरशिप अवॉर्ड से सम्मानित भी किया जा चुका है।

ये भी पढ़ें :  योगी सरकार में ओबीसी परिवारों के लिए संबल बनी सामूहिक विवाह योजना

राष्ट्रीय स्तर की नृत्य-नाटिका प्रतियोगिता में प्रविष्टि जमा करने की अंतिम तिथि 20 नवम्बर
कालिदास संस्कृत अकादमी द्वारा सुप्रतिष्ठित 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह-2026 के अंतर्गत 26 नवंबर, 2026 को अखिल भारतीय नृत्य-नाटिका प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 5 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 3 लाख रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक दलों के लिए आवश्यक नियमावली कालिदास संस्कृत अकादमी की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां आज 20 नवंबर, 2026 को शाम 5 बजे तक अकादमी के ई-मेल kalidasaakademi@gmail.com पर भेज सकते हैं।

 

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *