Breaking
23 Nov 2026, Mon

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राधा-कृष्ण मंदिर में की पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन में हुए शामिल

मुख्यमंत्री ने 62 कीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्र, वेशभूषा एवं अन्य आवश्यक सामग्री के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की

हमारी लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराएं समाज की एकता एवं संस्कारों की मजबूत आधारशिला : मुख्यमंत्री

 

रायपुर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पमशाला में ईब नदी के तट पर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर (कंवर धाम) में आयोजित कार्तिक मास के भजन-कीर्तन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी एवं कंवर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कौशल्या साय के साथ भगवान राधा-कृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय और श्रीमती कौशल्या साय ने श्रद्धालुओं एवं कीर्तन मंडलियों के साथ मंजीरा बजाकर भजन-कीर्तन में सहभागिता की। भगवान राधा-कृष्ण के भजनों और संकीर्तन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।

मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर क्षेत्र की सभी 62 कीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्र, वेशभूषा एवं अन्य आवश्यक सामग्री क्रय करने के लिए शासन की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भजन-कीर्तन हमारी समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। इन परंपराओं को जीवंत बनाए रखने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

उल्लेखनीय है कि ग्राम पमशाला स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में 27 अक्टूबर से कार्तिक मास के अवसर पर प्रतिदिन सुबह 8 बजे और शाम 5 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें क्षेत्र की 62 कीर्तन मंडलियां पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता कर रही हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान राधा-कृष्ण की आराधना कर रहे हैं। महीने भर चलने वाले इस धार्मिक आयोजन का समापन 24 नवंबर को होगा।

परोपकार और सेवा में ही मानव जीवन की सार्थकता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मानव जीवन अत्यंत दुर्लभ और अनमोल है। इसकी वास्तविक सार्थकता दूसरों के काम आने, जरूरतमंदों की सहायता करने और समाज के कल्याण के लिए कार्य करने में है। दूसरों के दुख-दर्द को समझना और उनकी पीड़ा दूर करने का प्रयास करना ही सबसे बड़ा धर्म है।

ये भी पढ़ें :  कोटा में कफ सिरप सेवन से महिला की मौत, 500 से अधिक बॉटल्स जब्त

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी धार्मिक परंपराएं केवल आस्था और पूजा-पाठ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे हमें सेवा, सद्भाव, परोपकार और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी देती हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकजुटता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा और विकास के साथ नई पीढ़ी का अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जुड़े रहना भी उतना ही आवश्यक है।

लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री साय ने कार्तिक मास के दौरान निरंतर भजन-कीर्तन करने वाली सभी 62 मंडलियों के अध्यक्षों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन मंडलियों के समर्पण और श्रद्धा से हजारों लोगों को भगवान राधा-कृष्ण की भक्ति और आध्यात्मिक आनंद का अवसर मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से है। कर्मा, दमकच, झूमर और महादेव नाचा जैसी लोक सांस्कृतिक विधाएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इन परंपराओं में हमारे पूर्वजों का ज्ञान, जीवन दर्शन और सामाजिक एकता की भावना समाहित है। इन्हें सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का साझा दायित्व है।

जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना ऐतिहासिक उपलब्धि
मुख्यमंत्री साय ने जशपुर जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अपने ही जिले में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार के अवसर उपलब्ध हों। जशपुर में चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत से न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, बल्कि आने वाले समय में जिले की स्वास्थ्य सेवाएं भी अधिक सुदृढ़ होंगी।

कंवर समाज के गौरवशाली इतिहास और संत गहिरा गुरु महाराज के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कंवर समाज के गौरवशाली इतिहास और सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर सामाजिक जागरण और सांस्कृतिक संरक्षण तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

ये भी पढ़ें :  147 बुजुर्गों और दिव्यांगों को मिलेंगे निःशुल्क कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण

उन्होंने महान संत गहिरा गुरु महाराज के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन तपस्या, समाज सुधार और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। संत गहिरा गुरु महाराज ने रामायण की शिक्षा और आध्यात्मिक जागरण के माध्यम से समाज को सदाचार, अनुशासन और नैतिक जीवन का मार्ग दिखाया। उन्होंने लोगों को नशे और मांसाहार से दूर रहकर सात्विक जीवन अपनाने की प्रेरणा दी।

मुख्यमंत्री ने कंवर धाम के केंद्रीय कार्यालय की स्थापना और समाज की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में योगदान देने वाले दिवंगत समाजजनों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि समाज के विकास और संगठन को मजबूत बनाने में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।

मोदी की गारंटी को धरातल पर उतार रही प्रदेश सरकार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार जनकल्याण के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त आवास प्लस 2024 के तहत 3 लाख 65 हजार आवास भी प्राप्त हुए हैं। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने निर्धारित खरीदी सीमा और वास्तविक उत्पादन के अंतर के संबंध में भी किसानों को आर्थिक लाभ उपलब्ध कराने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसी प्रकार तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है और चरण पादुका योजना भी पुनः प्रारंभ की गई है।

ये भी पढ़ें :  छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ ने किया कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर 27 सितंबर की हड़ताल का समर्थन

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना और प्रत्येक परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से घर बैठे मिलेगा समस्याओं का समाधान
मुख्यमंत्री साय ने सुशासन और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि आम लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की सुविधा शुरू की गई है।

उन्होंने बताया कि बिजली ट्रांसफार्मर बदलने, फौती नामांतरण, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र तथा थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं होने जैसी समस्याओं के संबंध में नागरिक 24 घंटे, सातों दिन हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। संबंधित विभागों के माध्यम से इन शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु पोर्टल का उल्लेख करते हुए कहा कि अब नागरिक अपने मोबाइल से आवेदन कर घर बैठे विभिन्न प्रमाण पत्रों एवं शासकीय सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी और जनहितैषी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने फरसाबहार क्षेत्र के पंडरपानी और बंदरचुआ में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की उपलब्धता बढ़ने से स्थानीय नागरिकों को आर्थिक लेनदेन और शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा हो रही है।

इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय, नगर पालिका जशपुर के उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत सदस्य वेद प्रकाश भगत, कंवर समाज के पूर्व अध्यक्ष आर. एन. साय, कंवर समाज महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष श्रीमती स्वधा साय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कीर्तन मंडलियों के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

 

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *