Breaking
26 Nov 2026, Thu

छत्तीसगढ़ के स्मार्ट मीटर मॉडल को समझने पहुंचे देशभर के बिजली प्रतिनिधि

एआईडीए के महानिदेशक आलोक कुमार ने छत्तीसगढ़ के स्मार्ट मीटर और मोर बिजली एप से उपभोक्ताओं को मिल रही जानकारी व त्वरित सेवाओं की सराहना की।
स्मार्ट मीटर और मोर बिजली एप के उपयोग से उपभोक्ता अपनी बिजली खपत नियंत्रित कर सकते हैं : आलोक कुमार
रायपुर    

ऑल इंडिया डिस्कॉम्स एसोसिएशन (एआईडीए) के महानिदेशक आलोक कुमार ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने स्मार्ट मीटर स्थापना और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में अच्छी प्रगति की है। मोर बिजली एप के माध्यम से उपभोक्ता अपनी बिजली खपत पर नजर रखने के साथ उसे नियंत्रित करने के लिए भी जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसमें उपलब्ध खपत पूर्वानुमान, ग्राफ आधारित विश्लेषण, रियल टाइम अपडेट और तुलनात्मक आंकड़े उपयोगी हैं। ये सुविधाएं अन्य राज्यों की विद्युत वितरण कंपनियों के लिए भी अनुकरणीय हो सकती हैं। स्मार्ट मीटर और एप में उपलब्ध सुविधाएं उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत बेहतर ढंग से प्रबंधित करने में मदद करती हैं। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों की विद्युत वितरण कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा विकसित मोर बिजली एप एवं प्रकाश एप की जानकारी भी साझा की जाएगी। वे छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के नॉलेज शेयरिंग एवं फील्ड विजिट कार्यक्रम में बोल रहे थे।
ऑल इंडिया डिस्कॉम्स एसोसिएशन (एआईडीए) से देशभर की सरकारी और निजी विद्युत वितरण कंपनियां जुड़ी हुई हैं। छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर की स्थापना, उनके संचालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन तथा मोर बिजली एप के माध्यम से मिल रही सुविधाओं की जानकारी लेने के लिए राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल रायपुर पहुंचा है। दो दिवसीय दौरे के पहले दिन पावर कंपनियों के मुख्यालय डंगनिया स्थित सेवा भवन में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने बताया कि प्रदेश में 66 लाख बिजली उपभोक्ता और करीब 8 लाख कृषि पंप कनेक्शन हैं। आठ रीजन में विभाजित प्रदेश में अब तक लगभग 80 प्रतिशत स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ छत्तीसगढ़ देश में चौथे स्थान पर है। शेष मीटर मार्च 2027 तक लगाने का लक्ष्य है। रायपुर में घरेलू स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य 98 प्रतिशत पूरा हो चुका है। फीडर मीटरिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है, जबकि दो लाख डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर मीटर लगाने के लक्ष्य के मुकाबले 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है।
श्री कंवर ने बताया कि बेहतर समन्वय, निगरानी और टीमवर्क से कार्य में तेजी आई है। मोर बिजली एप में 36 सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके माध्यम से उपभोक्ता शिकायत दर्ज कराने, उसके निराकरण की स्थिति जानने, बिल का भुगतान करने तथा पिछले दो वर्षों की बिजली खपत एवं भुगतान का विवरण देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर अन्य राज्यों में फैले भ्रम का असर छत्तीसगढ़ में भी पड़ा, लेकिन उपभोक्ताओं से संवाद के जरिए समस्याओं का समाधान किया गया।
कार्यपालक निदेशक (ओ एंड एम)श्री संजय खंडेलवाल ने कहा कि नई तकनीक के स्मार्ट मीटर स्थापित करना चुनौतीपूर्ण था। कंपनी ने उपभोक्ताओं के बीच इस तकनीक की स्वीकार्यता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया। प्रदेश के 55.43 लाख घरेलू कनेक्शनों में से 44.22 लाख में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा 90 प्रतिशत सरकारी कार्यालयों, 76 प्रतिशत वाणिज्यिक और 58 प्रतिशत औद्योगिक कनेक्शनों में स्मार्ट मीटर स्थापित किए गए हैं।
कार्यपालक निदेशक (ईआईटीसी) ए.एम. परियल ने बताया कि मोर बिजली एप का खपत पूर्वानुमान फीचर उपभोक्ताओं को आगामी बिजली बिल का अनुमान लगाने और अपनी खपत को बेहतर ढंग से प्रबंधित करने में मदद करता है।  उन्होंने प्रकाश एप को भी अधिकारियों, कर्मचारियों और फील्ड अमले के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम में सहायक अभियंता मनोज बजाज ने मोर बिजली एप का प्रस्तुतिकरण दिया।
प्रतिनिधिमंडल को 27 नवंबर को राजनांदगांव स्थित बैटरी स्टोरेज सोलर पावर प्लांट का क्षेत्रीय भ्रमण भी कराया जाएगा। कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक वी.के. साय एवं एम. जामुलकर, मुख्य अभियंता संजीव सिंह एवं ए.के. लखेरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन उपमहाप्रबंधक (जनसंपर्क) गोविंद पटेल ने किया।

ये भी पढ़ें :  छत्तीसगढ़ में अब तक 1070.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

 

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *