कांग्रेस ‘दिल्ली न्याय यात्रा’ का आयोजन करने जा रही, ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तर्ज पर होगी

नई दिल्ली
 दिल्ली में आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। दिल्ली के लोगों से जुड़ने और उनकी समस्याओं को समझने के लिए अगले महीने 'दिल्ली न्याय यात्रा' का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' की तर्ज पर होगी। 8 नवंबर को राजघाट से शुरू होकर यह यात्रा सभी विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी और 4 दिसंबर को समाप्त होगी। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव इस यात्रा का नेतृत्व करेंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी इसके पहले चरण में शामिल हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें :  1000 रूसी फाइटर बना चुकी भारतीय फैक्ट्री अब रच रही स्वदेशी तेजस की नई कहानी

'दिल्ली न्याय यात्रा' के चार चरण
संविधान क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम में देवेंद्र यादव ने बताया कि 'दिल्ली न्याय यात्रा' के चार चरण होंगे। "इस यात्रा के दौरान हम दिल्ली के लोगों से बातचीत करेंगे और पिछले 10 सालों से वे किन समस्याओं का सामना कर रहे हैं, उसे समझेंगे। पहले चरण में हम चांदनी चौक से शुरू होकर 16 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेंगे। दूसरे चरण में 15 से 20 नवंबर तक 18 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेंगे।

तीसरे चरण में 22 से 27 नवंबर तक 16 और चौथे चरण में 29 नवंबर से 4 दिसंबर तक 20 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेंगे। यात्रा का समापन तिमारपुर में होगा। यादव ने यह भी बताया कि प्रत्येक चरण में लगभग 250-300 कांग्रेस कार्यकर्ता चौबीसों घंटे भाग लेंगे और प्रत्येक चरण में रात में रुकने की व्यवस्था होगी। पूर्व सांसद जय प्रकाश अग्रवाल ने 'न्याय यात्रा' का लोगो और पूर्व दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने यात्रा की टी-शर्ट लॉन्च की।

ये भी पढ़ें :  नव संवत्सर 2083 पर CM मोहन यादव का संकल्प, परंपरा-प्रकृति के साथ प्रगति का नया मध्यप्रदेश

आप-बीजेपी पर बरसी कांग्रेस
देवेंद्र यादव ने AAP सरकार पर दिल्ली को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शीला दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने दिल्ली को "एक हरे-भरे और स्वच्छ विश्व स्तरीय शहर" के रूप में विकसित किया था। दिल्ली BJP प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि दिल्ली कांग्रेस अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता खो चुकी है। कपूर ने कहा, "जिन लोगों ने AAP सरकार के खिलाफ 'न्याय यात्रा' शुरू की है, उन्होंने छह महीने पहले ही कांग्रेस-AAP गठबंधन का जमकर समर्थन किया था। दिल्ली की जनता अब अच्छी तरह जानती है कि कांग्रेस AAP की 'बी-टीम' बन गई है।"

Share

क्लिक करके इन्हें भी पढ़ें

Leave a Comment