पहली गेंद पर छक्का! अभिषेक शर्मा ने बनाया इतिहास, ऐसा पहले कभी नहीं हुआ

नई दिल्ली 
एशिया कप में बुधवार को यूएई के खिलाफ भारत के पहले मैच में ओपनर अभिषेक शर्मा ने इतिहास रच दिया। उन्होंने वो कर दिखाया जो टी20 इंटरनेशनल में आज तक किसी दूसरे भारतीय बल्लेबाज नहीं किया था। उन्होंने पारी की शुरुआत की और पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। इस तरह वह T20I में लक्ष्य का पीछा करते हुए पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ने वाले भारत के पहले बल्लेबाज बन गए।

वैसे टी20 इंटरनेशनल में इससे पहले भी तीन भारतीयों ने पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ने का करिश्मा किया है। लेकिन तीनों ही बार भारत पहले बल्लेबाजी कर रहा था, लक्ष्य का पीछा नहीं। भारत ने बुधवार को एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत की। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदीप यादव की कातिलाना गेंदबाजी की बदौलत यूएई की पूरी टीम 13.1 ओवर में महज 57 रन बनाकर आउट हो गई। यादव ने 4 विकेट झटके। शिवम दुबे ने 3 विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती के खाते में 1-1 विकेट आए।

ये भी पढ़ें :  अश्विन का करारा जवाब: अभिषेक को ‘लप्पेबाज’ कहने पर पाकिस्तानी खिलाड़ी की बोलती बंद

भारत को जीत के लिए सिर्फ 58 रन का लक्ष्य मिला। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी मैदान में आई। यूएई की तरफ से हैदर अली ने गेंदबाजी की शुरुआत की। शर्मा ने उनकी पहली ही गेंद को मिड ऑफ के ऊपर से सिक्स के लिए भेज दिया।

इस तरह अभिषेक शर्मा भारतीय क्रिकेट इतिहास के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए जिन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए टी20 पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा। टी20 में भारतीय पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ने का कारनामा करने वाले वह चौथे बल्लेबाज बने। इससे पहले 2021 में रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद में पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा था। उसके बाद यशस्वी जायसवाल ने 2024 में हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ ऐसा किया। संजू सैमसन ने इसी साल मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ पारी की पहली ही गेंद पर सिक्स लगाया। रोहित, जायसवाल और सैमसन ने जब ये कारनामा किया तब भारत लक्ष्य का पीछा नहीं कर रहा था, बल्कि मैच में पहले बल्लेबाजी कर रहा था।

ये भी पढ़ें :  Asia Cup 2025: वीरेंद्र सहवाग से इरफान पठान तक, ये दिग्गज देंगे कमेंट्री का मज़ा

अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 16 गेंदों में 30 रन कूटे। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 3 छक्के जड़े। उनके आउट होने के बाद उपकप्तान शुभमन गिल और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद रहते हुए भारत को पांचवें ओवर में ही 9 विकेट से जीत दिला दी।

अभिषेक शर्मा ने पिछले साल ही जुलाई में टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था। थोड़े ही समय में उन्होंने खुद को भारत के सबसे विध्वंसक ओपनर के तौर पर स्थापित कर दिया। टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ी पारी खेलने का भारतीय रिकॉर्ड भी उनके ही नाम है। इसी साल उन्होंने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 में 135 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। शर्मा ने इस तरह टी20 में भारत की तरफ से सबसे बड़ी पारी के शुभमन गिल (नाबाद 126 रन) के रिकॉर्ड को तोड़ दिया था।

ये भी पढ़ें :  IND vs PAK U19 Final: भारत को तीसरी सफलता, क्या 350 से पहले थमेगा पाकिस्तान? क्रीज पर मिन्हास

 

Share

क्लिक करके इन्हें भी पढ़ें

Leave a Comment