Chhattisgarh : सीएम बघेल ने ट्वीट कर राहुल गांधी को दिया समर्थन, कहा- राष्ट्रपति से कराए नए संसद भवन का उद्घाटन

 

उर्वशी मिश्रा, न्यूज राइटर, रायपुर, 23 मई, 2023

रायपुर। नए संसद भवन का राष्ट्रपति के हाथों उद्धाटन कराने की मांग तेज हो गई है। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मांग को दोहराया है। इसके साथ ही आदिवासी नेता नंदकुमार साय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर राष्ट्रपति के हाथों उद्धाटन कराने की मांग की है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट किया कि राहुल गांधी ने बिल्कुल ठीक कहा है। भाजपा आदिवासियों का अपमान करती है, यह जग जाहिर है। विश्व आदिवासी दिवस के दिन इन्होंने छत्तीसगढ़ भाजपा के आदिवासी प्रदेश अध्यक्ष को हटाया था। फिर भाजपा के सर्वोच्च आदिवासी नेता नंद कुमार साय का अपमान किया। राष्ट्रपति आदिवासी वर्ग से आती हैं और वह देश की प्रथम नागरिक हैं। देश के लिए यह गौरव का पल होगा। उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री ऐसा करने देंगे?

ये भी पढ़ें :  CG All Private School's Closed : छत्तीसगढ़ में कल सभी प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे, जानिए क्या है इसकी वजह

बताते चलें कि इससे पहले राहुल गांधी ने ट्वीट किया था कि नए संसद भवन का उद्धाटन राष्ट्रपति को करना चाहिए, प्रधानमंत्री को नहीं।

वहीं, नंदकुमार साय ने अपने पत्र में लिखा कि राष्ट्रपति देश की संवैधानिक प्रमुख है। राष्ट्रपति भवन और नए संसद भवन का उद्धाटन करेंगी, तो अच्छा होगा। प्रधानमंत्री मोदी लोकार्पण करने का लोभ संवरण करें।

ये भी पढ़ें :  भोपाल में आयोजित 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम में बस्तर से शामिल हुए तेजपाल शर्मा

कैसा है नया संसद भवन

बता दें कि 28 मई को नये संसद भवन का लोकार्पण किया जाएगा। संसद के नवनिर्मित भवन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी से भेंट कर उनसे इसका उद्घाटन करने का आग्रह किया था।

नई संसद की लोकसभा में 888 सदस्यों और राज्यसभा में 384 सदस्यों के बैठने की व्यवस्था की गई है। वर्तमान के संसद भवन में लोकसभा में 550 जबकि राज्यसभा में 250 सदस्यों के बैठने की व्यवस्था है। संसद की नई इमारत सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट का हिस्सा है। इसके तहत केंद्रीय लोक निर्माण विभाग राष्ट्रपति भवन से इंडिया गेट तक तीन किलोमीटर की सड़क का नवीनीकरण, एक सामान्य केंद्रीय सचिवालय का निर्माण, प्रधानमंत्री का एक नया कार्यालय और आवास, और एक नया उपराष्ट्रपति एन्क्लेव का निर्माण कर रहा है।

Share

क्लिक करके इन्हें भी पढ़ें

Leave a Comment