ईरान और इजरायल संघर्ष के बीच भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए ‘ऑपरेशन सिंधु’ की शुरुआत की

नई दिल्ली
ईरान और इजरायल संघर्ष के बीच भारत सरकार ने अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए 'ऑपरेशन सिंधु' की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत ईरान और इजरायल में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वतन वापसी कराई जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को एक और विशेष उड़ान ने ईरान के मशहद से उड़ान भरते हुए नई दिल्ली हवाई अड्डे पर दोपहर 3:00 बजे लैंड किया।

इस फ्लाइट में 281 भारतीय, 3 श्रीलंकाई और 2 नेपाली नागरिक सवार थे। वतन वापसी पर भारतीय नागरिकों ने सरकार का आभार जताया। इसके साथ ही अब तक ईरान से 2,500 से ज्यादा भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश वापस लाया जा चुका है। यह जानकारी भारत सरकार के विदेश राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरीटा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को दी।

ये भी पढ़ें :  पहलगाम आतंकी हमले पर पूर्व राजदूत कंवल सिब्बल बोले- सिंधु जल संधि को अनिश्चितकाल के लिए करें निलंबित

उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान से यह ग्यारहवीं विशेष उड़ान थी, जो मंगलवार दोपहर दिल्ली पहुंची। इसके साथ ईरान से लाए गए भारतीय नागरिकों की संख्या 2,500 के पार हो गई है। वहीं, मंगलवार सुबह इजरायल से भी पहली उड़ान दिल्ली पहुंची। अब तक इजरायल से तीन और ईरान से 11 उड़ानें आ चुकी हैं। इन 14 फ्लाइटों के जरिए अब तक कुल 3,180 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाया गया है।

ये भी पढ़ें :  भोपाल में इंजीनियर को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, पुलिस की बर्बरता सीसीटीवी में कैद

उन्होंने आगे कहा कि इसके अलावा पड़ोसी और मित्र देशों के 6 नागरिकों, जिनमें 2 नेपाल और 4 श्रीलंका के नागरिक शामिल हैं, को भी रेस्क्यू कर भारत लाया गया है। भारत न केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है, बल्कि पड़ोसी और मित्र देशों के नागरिकों की भी मदद कर रहा है।

ये भी पढ़ें :  मुंबई: रियल एस्टेट व्यवसायी को दाऊद इब्राहिम, छोटा शकील और बिश्नोई के नाम पर जबरन वसूली की धमकी

इससे पहले, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "अपडेट: ऑपरेशन सिंधु। राज्यमंत्री पाबित्रा मार्गेरीटा ने ईरान से निकाले गए 281 भारतीय, 3 श्रीलंकाई और 2 नेपाली नागरिकों का गर्मजोशी से स्वागत किया। वे 24 जून को दोपहर 15 बजे मशहद से विशेष उड़ान से नई दिल्ली पहुंचे। ऑपरेशन सिंधु के तहत अब तक 2,576 भारतीय नागरिकों को ईरान से स्वदेश लाया जा चुका है।"

Share

क्लिक करके इन्हें भी पढ़ें

Leave a Comment