राधेश्याम मिश्रा, न्यूज राइटर, नई दिल्ली, 29 अगस्त, 2023
मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए देश भर में आज राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जा रहा है।
देश भर में आज राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जा रहा है। युवाओं और बच्चों में खेल प्रति रुझान बढ़ाने और रुचि पैदा करने के उद्देश्य से ही आज का दिन मनाया जाता है। 29 अगस्त यानि राष्ट्रीय खेल दिवस के दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर बड़े खेल सितारों ने भी सभी को इस दिन की शुभकामनाएं दी हैं।
खेल दिवस के मौके पर सभी खिलाड़ियों और लोगों को शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि “राष्ट्रीय खेल दिवस पर सभी खिलाड़ियों को मेरी शुभकामनाएं। भारत को राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर गर्व है। मैं मेजर ध्यानचंद को भी उनकी जयंती पर श्रद्धांजली अर्पिक करता हूं।”
इसके अलावा पूर्व भारतीय क्रिकेटर अनिल कुंबले ने कहा कि “हमारे देश में खेलों से अधिक एकजुट करने वाली कोई चीज नहीं है। आज महान मेजर ध्यानचंद को उनकी जयंती पर याद कर रहा हूं।”
क्यों मनाया जाता है राष्ट्रीय खेल दिवस
हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस के दिन राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इस दिन को मनाने की शुरुआत 29 अगस्त, 2012 से की गई थी। प्रयागराज में जन्मे मेजर ध्यानचंद के पास हॉकी से गेंद को कंट्रोल करने की गजब की काबीलियत थी। खेल में उनके लाजवाब प्रदर्शन के कारण ही उन्हें हॉकी का जादूगर कहा जाता था। ध्यानचंद के टीम में रहते ही भारत ने 1928, 1932 और 1936 ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था।
इस दिन को मनाने का उद्देश्य यही है कि सभी को खेलों के प्रति जागरुक किया जा सके। ताकि आने वाली पीढ़ी मेजर ध्यानचंद जैसे महान खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर खेलों में अच्छा करें।


