खान परिवार के चिराग सोहेल खान इन दिनों रियलिटी शो 'अलायंस' में दिखाई दे रहे हैं. सबसे खास बात ये है कि अब शो में सोहेल की एक्स वाइफ सीमा सजदेह संग दूरियां मिटती दिखेंगी. जी हां, सीमा सजदेह और सोहेल खान 'अलायंस' में फिर साथ दिखेंगे. खान खानदान के बेटे और एक्स बहू को शो में एक साथ देखने के लिए फैंस की एक्साइटमेंट सुपर हाई है.
सोहेल-सीमा की मिटेंगी दूरियां?
सोहेल खान कुछ दिन पहले ही प्राइम वीडियो के रियलिटी शो 'अलायंस' में शामिल हुए हैं. अब उनकी एक्स वाइफ सीमा सजदेह भी जल्द ही शो में ग्रैंड वाइल्ड कार्ड एंट्री करने वाली हैं. शो में एक्स कपल सोहेल-सीमा एक ही छत के नीचे एक-दूसरे को टक्कर देते दिखेंगे. हालांकि सीमा का मानना है कि शो में भले ही उनकी एक दूसरे से टक्कर होगी, मगर वो जिंदगी भर एक-दूसरे के सपोर्टर बने रहेंगे.
इंडिया टुडे संग खास बातचीत में सीमा ने बताया कि शो में आने से पहले दोनों के बीच बात हुई थी और सोहेल ने उन्हें एक खास सलाह भी दी थी. सीमा ने मुस्कुराते हुए कहा- हमने बस मजे करने और जैसे हैं वैसे रहने के बारे में बात की. आखिरी बात जो उन्होंने मुझसे कही, वो थी- किसी से दबना मत, तो मैंने कहा- ठीक है, तुम वहां हो ही, तो मैं कंफर्ट फील करूंगी.
खेल से बढ़कर है हमारा रिश्ता- बोलीं सीमा
जब से शो का ट्रेलर सामने आया है, तब से दर्शकों के मन में यह सवाल है कि शो में सीमा और सोहेल की इक्वेशन क्या होगी? सीमा से पूछा गया कि क्या उनका अतीत या एक-दूसरे के खिलाफ खेलना उनके रिश्ते पर बुरा असर डाल सकता है? इसपर सीमा ने हंसते हुए कहा कि कुछ रिश्ते खेल से बढ़कर होते हैं. उन्होंने कहा- हम निर्वाण और योहान के पेरेंट्स हैं. हमारा रिश्ता पहले से है. चाहे पसंद हो या न हो, हम एक टीम हैं. अब अगर खेल के चक्कर में यह बदलता है, तो मुझे बहुत हैरानी होगी. यह मेरे लिए भी चौंकाने वाला होगा.
खास बात यह है कि सीमा को शो में जाने के लिए उनके बेटों से खास सलाह मिली है. सीमा ने बताया कि उनके छोटे बेटे योहान ने इस शो के लिए दोनों को सबसे ज्यादा मोटिवेट किया है. मगर बड़े बेटे निर्वाण ने शो में जाने को लेकर उनके सामने एक शर्त रखी थी.
सीमा ने हंसते हुए बेटे की शर्त के बारे में बताया- मेरे बड़े बेटे ने मुझसे कहा था- शो में किसी से भी मेरे बारे में बात करने की हिम्मत मत करना, यहां तक कि पापा से भी नहीं. मैंने कहा-मैं तुम्हारे बारे में क्यों बात करूंगी? हर चीज तुम्हारे बारे में नहीं होती. लेकिन हमारा छोटा बेटा हमें इस शो में देखने के लिए बहुत एक्साइटेड है. उसी ने हमें शो के लिए प्रेरित किया और कहा- आपको यह शो करना ही है और यह कपड़े पहनने हैं. इसलिए मुझे लगता है कि हम उसके लिए भी खेलेंगे.
'अलायंस' शो क्यों है अलग?
सीमा सजदेह का मानना है कि अलायंस शो लड़ाई-झगड़ों और चीखने-चिल्लाने के बजाय स्ट्रैटिजी पर बेस्ड है. इसलिए यह शो बाकी रियलिटी शोज से काफी अलग और नया है. उनके लिए सबसे बड़ी बात सेलिब्रिटी या कैमरे नहीं, बल्कि इस शो का फॉर्मेट था. शो के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा- मुझे शो का फॉर्मेट पसंद आया. यह बहुत साफ-सुथरा शो है. यह सिर्फ गेम्स के बारे में है और मजेदार लगता है. इसमें दूसरे रियलिटी शोज की तरह निजी जिंदगी की कीचड़ उछालने पर ध्यान नहीं दिया जाता. इसमें आपको सरेआम अपने घर के झगड़ों पर बात नहीं करनी पड़ती. इसलिए यह एक बेहतर, क्लासी और साफ-सुथरा गेम शो लगता है, जिसे मैं कर सकती हूं.
सीमा के मुताबिक, इस शो में टिके रहना किसी एक के शानदार खेल पर नहीं, बल्कि टीम की सोच पर निर्भर करता है. सीमा ने बात खत्म करते हुए कहा- जैसा कि नाम से ही साफ है, यह सब टीमवर्क के बारे में है. यह अकेले की परफॉर्मेंस का शो नहीं है, बल्कि मिलकर जीतने का खेल है. इसमें साथ मिलकर रणनीति बनानी होती है. लोगों को खुद से अलग करना आपको कहीं नहीं ले जाएगा, बल्कि इससे आप शो से बाहर हो जाएंगे.
अली गोनी की भी होगी वाइल्ड कार्ड एंट्री
बता दें कि सीमा के साथ शो में टीवी एक्टर अली गोनी भी वाइल्ड कार्ड के रूप में एंट्री करेंगे. दिलचस्प बात यह है कि अली शो के एक और कंटेस्टेंट अर्सलान गोनी के कजिन हैं, इसलिए आने वाले एपिसोड्स में दोनों भाइयों का तालमेल देखना भी मजेदार होगा.


