खेल डेस्क, न्यूज राइटर, 30 जनवरी, 2023
शेफाली वर्मा की अगुआई में भारत की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम ने 29 जनवरी 2023 को इतिहास रच दिया। भारत ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हराकर महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप का खिताब जीत लिया। भारत ने महिला क्रिकेट में पहली बार आईसीसी की ट्रॉफी जीती है। इससे पहले सीनियर टीम सभी फॉर्मेट्स में तीन मौकों पर विश्व कप फाइनल में पहुंची लेकिन हर बार खिताब से दूर रह गई थी।
दक्षिण अफ्रीका के पॉचेफ्सट्रूम में खेले गए भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय बॉलर्स ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने इंग्लैंड की टीम को 17.1 ओवर में महज 68 रन पर ढेर कर दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 14 ओवर में 3 विकेट पर 69 रन बनाकर मैच और खिताब अपने नाम किया। भारत की ओर से सौम्या तिवारी (नाबाद) और गोंगदी तृषा ने 24-24 रन बनाए।
शेफाली वर्मा 15 रन बनाकर आउट हुईं। इंग्लैंड की ओर से हना बेकर, कप्तान ग्रेस और एलेक्सा स्टोनहाउस ने एक-एक विकेट लिए। भारत की ओर से तितास साधु, अर्चना देवी और पार्शवी चोपड़ा ने क्रमशः 6, 17 और 13 रन देकर 2-2 विकेट लिए। कप्तान शेफाली वर्मा, मन्नत कश्यप और सोनम यादव ने भी एक-एक बैटर को पवेलियन भेजा। अर्चना देवी ने एक कैच भी लपका।
लंबे इंतजार के बाद सूखा हुआ खत्म
2005 वनडे विश्व कप की हार, 2017 वनडे विश्व कप की हार, 2020 टी20 विश्व कप की हार, 2022 राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल की हार के बाद सबके मन में एक ही सवाल था कि भारतीय महिला टीम आखिर कब आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को खत्म करेगी। अब यह काम शेफाली वर्मा की सेना ने कर दिखाया है। शेफाली वर्मा, ऋचा घोष, अर्चना देवी, मन्नत कश्यप, पार्शवी चोपड़ा, श्वेता सहरावत, सौम्या तिवारी, सोनम यादव, ऋषिता बसु, जी तृषा और तितास साधु इन 11 खिलाड़ियों ने भारत को महिला क्रिकेट में अपना पहला विश्व कप खिताब दिलाया है।
सौम्या तिवारी ने 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर भारत को महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप का पहला चैंपियन बना दिया। भारत ने इंग्लैंड को सात विकेट से हराया और इतिहास रचा। साउथ अफ्रीका में भारतीय पुरुष टीम ने पहला टी20 विश्व कप जीता था। अब टीम इंडिया ने महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप अपने नाम किया है। सौम्या तिवारी 37 गेंद में 24 रन बनाकर नाबाद रहीं।