नेहा शर्मा, न्यूज राइटर, दंतेवाड़ा, 07 अप्रैल, 2023
दंतेवाड़ा। जिले के कतियाररास साप्ताहिक बाजार स्थल पर बुधवार को हुई चाकूबाजी के पूरे मामले का खुलासा हो गया है। ये पूरी वारदात ट्राएंगल लव की वजह से हुई है। वहीं पुलिस ने चाकूबाजी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें 5 अप्रैल बुधवार को साप्ताहिक बाजार में हुई चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई थी। वहीं चाकू मारने के बाद आरोपित युवक फरार हो गया था। जिसे पुलिस ने 24 घंटे के अंदर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है, जंहा से उसे जेल भेज दिया गया है।
दरअसल, साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाने के लिए जगह को लेकर आरोपित और मृतक साहिल के बीच विवाद शुरू हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया था, जो गर्लफ्रेंड से बात करने तक पहुंच गया था। आरोपित कुर्बान ने मृतक साहिल पर यह कहते हुए चाकू से हमला किया था, तू मेरी गर्लफ्रेंड से क्यों फोन में बात करता है। जानकारी के अनुसार दोनों आरोपित व मृतक एक ही लड़की से प्यार करते थे। जिसके बाद शराब के नशे में धुत आरोपित ने साहिल पर चाकू से कई वार कर दिए थे। जिससे इलाज के दौरान साहिल की मौत हो गई थी। वहीं दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय के साप्ताहिक बाजार में चाकूबाजी की वारदात से दहशत फैल गई थी।
दंतेवाड़ा नगरपालिका में बुधवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। वहीं बीते बुधवार को यहां एक युवक पर चाकू से हमला किया गया था। जिसे इलाज के लिए 108 एंबुलेंस की मदद से गंभीर हालत में तत्काल जिला अस्पताल दंतेवाड़ा ले जाया गया था, जहां उस युवक साहिल की मौत हो गई। कुछ लोगों ने बताया था कि मृतक और उस पर हमला करने वाला आरोपित साथ में व्यपार करते थे। वहीं दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय में चाकूबाजी का इस तरह का यह पहला मामला है।