10 शहरों के पासपोर्ट-पोस्ट ऑफिस उड़ाने की धमकी, पुलिस ने खाली करवाए परिसर

जयपुर.

राजस्थान के 10 से ज्यादा शहरों में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कहीं पासपोर्ट ऑफिस तो कहीं पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली। प्रदेश में एक साथ 10 से ज्यादा जगह सरकारी दफ्तरों को बम से उड़ाने की धमकी से पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सभी जगह पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाला और परिसरों को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार बांसवाड़ा, सीकर, जोधपुर और जैसलमेर जिले के पासपोर्ट ऑफिस को मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। वहीं, अजमेर व बीकानेर के हेड पोस्ट ऑफिस और दौसा के पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बताया जा रहा है सभी जगह ईमेल के जरिए धमकी भरा संदेश आया। इसके अलावा राजधानी जयपुर सहित अलवर, सवाई माधोपुर और हनुमानगढ़ में भी सरकारी दफ्तरों को ​भी धमकी भरा ईमेल मिला है।

परिसरों को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान
धमकी भरे ईमेल की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। इसके बाद तुरंत स्थानीय थाना पुलिस को अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही सभी जगह पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर परिसरों को भी खाली करवाया गया। इसके बाद सघन तलाशी ली गई। हालांकि, अभी तक किसी भी जगह कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

ये भी पढ़ें :  प्रेम बाईसा मौत मामले में खुलासा: अस्थमा अटैक से हुई मौत, जहर नहीं मिला

जैसलमेर में पासपोर्ट ऑफिस सील
जैसलमेर शहर के डाकघर परिसर में स्थित पासपोर्ट कार्यालय में मंगलवार को ई-मेल के माध्यम से पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने डाकघर परिसर खाली कराया और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर भेजा। स्थानीय पुलिस ने कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मिलकर सर्च ऑपरेशन जारी रखी हैं। धमकी की गंभीरता को देखते हुए परिसर का संपूर्ण कामकाज फिलहाल बंद कर दिया गया है। परिसर को अस्थायी रूप से सील किया गया है।

बीकानेर में संदिग्ध ई-मेल से हड़कंप
बीकानेर के पासपोर्ट कार्यालय में मंगलवार को संदिग्ध ई-मेल आने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। ई-मेल में दावा किया गया है कि कुछ संदिग्ध तत्व पासपोर्ट कार्यालय से जुड़े वीवीआईपी दस्तावेजों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे हैं। इसमें यह भी कहा गया है कि पहले यह मेल एजेंसियों की प्रतिक्रिया और सुरक्षा प्रोटोकॉल को परखने के लिए भेजा गया था। साथ ही कथित तौर पर आईईडी ब्लास्ट जैसी घटनाओं की आशंका जताते हुए पासपोर्ट और पोस्ट ऑफिस के आसपास से स्टाफ और लोगों को हटाने की बात कही गई है।

ये भी पढ़ें :  राजस्थान में कोल्ड वेव का असर: शेखावाटी में यलो अलर्ट, फतेहपुर में पारा 3°C

बांसवाड़ा के पासपोर्ट कार्यालय को भी धमकी
बांसवाड़ा के नया बस स्टैंड पर स्थित पासपोर्ट कार्यालय को मंगलवार दोपहर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ये धमकी भरा मैसेज मेल के जरिए आया है। एहतियात के तौर पर डाकघर बिल्डिंग को भी खाली करवा लिया गया। इस धमकी के बाद कर्मचारियों और काम के सिलसिले में आए आम नागरिकों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सीकर में धमकी के बाद खाली कराया परिसर
सीकर के पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ने की धमकी मिली है। यह धमकी जयपुर पासपोर्ट ऑफिस की ऑफिशियल मेल आईडी पर आया है। इसके बाद पूरे परिसर को खाली करवाया गया है। मौके पर जिला विशेष शाखा, सीओ सिटी संदीप चौधरी, कोतवाली थानाधिकारी सुनील जांगिड़, उद्योग नगर एसएच राजेश कुमार बुडानिया टीम के साथ मौके पर पहुंचे। धमकी भरा मेल आने पर जयपुर से बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है। भारी संख्या में पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया है।

ये भी पढ़ें :  अजमेर में सड़क हादसा: बेकाबू ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराया, 28 घायल

अलवर में पाकिस्तान से आया धमकी भरा मेल
अलवर शहर में मोती डूंगरी स्थित प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पाकिस्तान से मेल आना बताया गया है। अभी पूरे परिसर को खाली कराकर बम निरोध टीम जांच करने में लगी है। पूरे परिसर को खाली करा मुख्य गेट को बंद कर दिया है। अब अंदर से जांच करने के बाद ही कर्मचारी व आमजन को प्रवेश दिया जाएगा।

यहां भी मिली बम से उड़ाने की धमकी
राजधानी जयपुर में पासपोर्ट कार्यालय और मुख्य डाकघर कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली। हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसके बाद कार्यालय को खाली कराया गया। सवाई माधोपुर के मुख्य डाकघर को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को हड़कंप मच गया।

Share

क्लिक करके इन्हें भी पढ़ें

Leave a Comment