बांग्लादेश का भारत के खिलाफ 5वां लोएस्ट टोटल, 149 रनों पर सिमटी

चेन्नई
अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारत ने दो मैचों की सीरीज के शुरुआती टेस्ट के दूसरे दिन के तीसरे सत्र में बांग्लादेश की पहली पारी 149 रन पर समेट दी। भारत ने पहली पारी में 376 रन बनाए थे। पहली पारी के आधार पर बांग्लादेश भारत से 227 रन पीछे है। बांग्लादेश की टीम का भारत के खिलाफ टेस्ट में ये पांचवां लोएस्ट स्कोर है। इससे पहले 2019 में बांग्लादेश की टीम 106 के स्कोर पर ढेर हो गई थी।

भारत के लिए बुमराह ने 11 ओवर में 50 रन देकर चार विकेट लिए। मोहम्मद सिराज, आकाश दीप और रविंद्र जडेजा को दो-दो सफलता मिली। बांग्लादेश के लिए पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन ने 32 जबकि मेहदी हसन मिराज ने नाबाद 27 रन का योगदान दिया। बांग्लादेश की टीम ने भारत के खिलाफ साल 2000 में सबसे कम स्कोर बनाया था। ढाका में खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश की टीम 91 रनों पर ढेर हो गई थी।

ये भी पढ़ें :  1983 वर्ल्ड कप जीत के जश्न का वायरल बिल निकला फर्जी, कीर्ति आजाद ने किया खुलासा

भारतीय टीम अपनी पहली पारी में 376 रन पर आउट हुई थी। बांग्लादेश ने दिन के शुरुआती सत्र में 26 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। टीम को इसके बाद मध्यक्रम के बल्लेबाजों से कारगर पारी की उम्मीद थी लेकिन उन्होंने जज्बा नहीं दिखाया और दूसरे सत्र में 27 ओवर के खेल में 85 रन जोड़ने के दौरान पांच विकेट गंवा दिए।

ये भी पढ़ें :  एसआरएच वर्सेस पीबीकेएस आज होंगे आमने-सामने, पिच का कैसा रहेगा मिजाज और किसे मिलेगा फायदा

टीम को सबसे ज्यादा निराशा लिटन दास (42 गेंद में 22 रन) और शाकिब अल हसन (64 गेंद में 32 रन) से हुई। इन दोनों अनुभवी बल्लेबाजों ने क्रीज पर समय बिताने के बाद अपने विकेट आक्रामक शॉट खेलकर गंवा दिए। दोनों ने छठे विकेट के लिए 94 गेंद में 51 रन की साझेदारी की। लिटन ने जडेजा (18 रन पर दो विकेट) के खिलाफ स्वीप शॉट खेलने का प्रयास किया और ध्रुव जुरेल द्वारा लपके गए।

शाकिब ने इस बाएं हाथ के गेंदबाज के खिलाफ रिवर्स स्वीप खेला लेकिन उन्हें किस्मत का साथ नहीं मिला। गेंद उनके बल्ले के निचले किनारे से टकराकर जूते पर टप्पा खाने के बाद हवा में उछली और विकेटकीपर ऋषभ पंत ने दौड़कर कैच पकड़ लिया। इसके बाद बुमराह ने हसन महमूद और तस्कीन अहमद को आउट किया। सिराज ने नाहिद राणा को क्लीन बोल्ड करके बांग्लादेश की पहली पारी का अंत किया।

ये भी पढ़ें :  टीम इंडिया की स्टार स्मृति मंधाना बनेंगी 'इंदौर की बहू', घर रोशनी से जगमगाया

भारत के खिलाफ टेस्ट मैचों में बांग्लादेश का सबसे कम स्कोर
बांग्लादेश- 91 (2000, ढाका)
बांग्लादेश- 106 (2019, ईडन गार्डन्स)
बांग्लादेश- 118 (2007, मीरपुर)
बांग्लादेश- 124 (2004, चट्टोग्राम)
बांग्लादेश- 149 (2024, चेन्नई)

Share

Leave a Comment