Breaking
20 Nov 2026, Fri

नवरात्र-दिवाली में ‘भारत टैक्सी’ आसान करेगी यूपी का सफर

लखनऊ

नवरात्र में मंदिर जाना हो, दिवाली पर बाजार से खरीदारी करनी हो या रेलवे स्टेशन और बस अड्डे तक पहुंचना हो, उत्तर प्रदेश के कई और शहरों में जल्द मोबाइल से टैक्सी बुक कर सफर करने की सुविधा मिलने वाली है। लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज के बाद अब ‘भारत टैक्सी’ के पहिए प्रदेश के छोटे-बड़े शहरों की ओर बढ़ रहे हैं। 
त्योहारों पर प्रदेश की जनता को योगी सरकार बड़ी सुविधा दिलाने का प्रयास कर रही है। एक माह के भीतर 12 और शहरों तक सेवा पहुंचाने की तैयारी है। इनमें अयोध्या, आगरा और मेरठ के निवासियों को नवरात्र से पहले इस सुविधा से जोड़ने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर शहरों में भारत टैक्सी के विस्तार के लिए ग्राउंड ऑनबोर्डिंग और ड्राइवर पंजीकरण का काम शुरू हो गया है। इससे ऐप आधारित टैक्सी सेवा का दायरा प्रदेश के बड़े महानगरों से निकलकर छोटे शहरों तक पहुंचेगा।

ये भी पढ़ें :  हमीरपुर हादसे पर सीएम योगी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान

मथुरा से मिर्जापुर तक दौड़ेगी टैक्सी

अगले चरण में मथुरा, फिरोजाबाद, मुजफ्फरनगर, हापुड़, सीतापुर, हाथरस, इटावा, मिर्जापुर और रायबरेली में भी भारत टैक्सी की सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है। इन शहरों में ड्राइवर और वाहनों को प्लेटफॉर्म से जोड़ने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। लक्ष्य है कि एक माह के भीतर इन शहरों के लोगों को सेवा उपलब्ध होने लगे।

इस विस्तार में धार्मिक और पर्यटन शहरों पर भी विशेष ध्यान है। अयोध्या और मथुरा जैसे शहरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जबकि आगरा में देश-दुनिया से पर्यटकों का आवागमन रहता है। वाराणसी और प्रयागराज में सेवा उपलब्ध होने के बाद अब ऐसे दूसरे प्रमुख शहरों को नेटवर्क में लाने की तैयारी है।

कार ही नहीं, बाइक और ऑटो चालक भी जुड़ेंगे

भारत टैक्सी के नेटवर्क में टू व्हीलर और थ्री व्हीलर चालकों को भी शामिल किया जाएगा। इससे यात्रियों के सामने छोटी दूरी के लिए भी विकल्प बढ़ेंगे। वहीं बाइक, ऑटो और टैक्सी चलाने वाले युवाओं के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए यात्रियों तक पहुंचने का नया माध्यम तैयार होगा।

ये भी पढ़ें :  'रंग दे बसंती' से गूंजेगा यूपी, 11 से 14 अगस्त तक कई शहरों में युवा करेंगे रचनात्मक आयोजन

उत्तर प्रदेश में अभी 50 हजार से अधिक चालक भारत टैक्सी से जुड़ चुके हैं। नए शहरों में ऑनबोर्डिंग शुरू होने के साथ यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। शहरों के विस्तार के साथ स्थानीय स्तर पर वाहन चालकों को नेटवर्क से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

त्योहार से पहले भारत टैक्सी का नेटवर्क बढ़ाने पर जोर : जेपीएस राठौर

सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने बताया कि अक्टूबर में नवरात्र और इसके बाद दिवाली के दौरान शहरों में बाजारों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर यात्रियों का दबाव बढ़ता है। इसी को देखते हुए नए शहरों में नेटवर्क तैयार करने की प्रक्रिया तेज की गई है। पहले चरण में पांच प्रमुख शहरों में मौजूदगी के बाद अब इसे प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों तक ले जाने की तैयारी है।

ये भी पढ़ें :  UP 2027 की तैयारी तेज, अवध से पूर्वांचल तक संगठन की नब्ज टटोलेंगे विनोद तावड़े

योजना के मुताबिक एक माह में प्रदेश के 12 और शहर भारत टैक्सी के नेटवर्क से जोड़ दिए जाएंगे। यानी आने वाले महीनों में उत्तर प्रदेश में ऐप आधारित स्थानीय परिवहन के इस नेटवर्क का दायरा तेजी से बढ़ाने की तैयारी है। जल्द ही प्रदेश में कई शहरों के लोग भारत टैक्सी के शानदार सफर का आनन्द ले सकेंगे|

एक नजर में विस्तार

अभी सुविधा: लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज

नवरात्र से पहले तैयारी: अयोध्या, आगरा, मेरठ

अगले चरण में: फिरोजाबाद, मुजफ्फरनगर, मथुरा, हापुड़, सीतापुर, हाथरस, इटावा, मिर्जापुर और रायबरेली

प्रदेश में जुड़े ड्राइवर: 50 हजार से अधिक

फोकस: टैक्सी के साथ टू और थ्री व्हीलर चालक

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *