Breaking
17 Nov 2026, Tue

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, 8 साल से अलग रह रहे दंपती को मिला तलाक

बिलासपुर
 छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने आठ साल से अलग रह रहे पति-पत्नी के वैवाहिक विवाद का आपसी सहमति से निराकरण करते हुए तलाक की मंजूरी दे दी है। अदालत ने हिंदू विवाह अधिनियम के तहत निर्धारित छह महीने की प्रतीक्षा अवधि भी माफ कर दी।

समझौते के तहत पत्नी ने भरण-पोषण, स्त्रीधन और उपहार सहित संपत्ति संबंधी किसी भी तरह का दावा नहीं करने पर सहमति दी है। वहीं, आठ वर्षीय बेटे की पूरी अभिरक्षा, शिक्षा और परवरिश की जिम्मेदारी पिता को सौंपी गई है। मां को बेटे से मिलने और बातचीत करने का अधिकार रहेगा।

मामला महासमुंद निवासी चंद्रहास देवांग और उनकी पत्नी त्रिवेणी देवांग के वैवाहिक विवाद से जुड़ा है। दोनों का विवाह 14 अप्रैल 2017 को हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। आपसी मतभेद और पारिवारिक विवाद के कारण अप्रैल 2018 से दोनों अलग रहने लगे। इस बीच उनके एक बेटा नितेश देवांग हुआ।

ये भी पढ़ें :  एमसीबी : कलेक्टर की समय-सीमा बैठक में सभी विभागीय कार्यों का किया समीक्षा

पति ने वैवाहिक संबंधों में विवाद के आधार पर महासमुंद के पारिवारिक न्यायालय में हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1) के तहत तलाक की याचिका दायर की थी। पारिवारिक न्यायालय ने 20 दिसंबर 2023 को याचिका खारिज कर दी। इसके बाद पति ने हाई कोर्ट में अपील दायर कर फैसले को चुनौती दी।

मध्यस्थता में हुआ स्थायी समझौता
हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने की इच्छा जताई। इसके बाद अदालत ने मामला मध्यस्थता केंद्र भेज दिया। 13 अक्टूबर 2026 को हुई मध्यस्थता में पति-पत्नी के बीच समझौता हो गया। दोनों ने विवाह संबंध समाप्त करने और भविष्य में वैवाहिक विवाद को लेकर एक-दूसरे के खिलाफ कोई दावा नहीं करने पर सहमति जताई।

ये भी पढ़ें :  CM विष्णुदेव साय का पहला विदेश दौरा 21 अगस्त को, जापान-दक्षिण कोरिया से इंवेस्टमेंट बढ़ाने की उम्मीद

पत्नी ने भरण-पोषण और संपत्ति का दावा छोड़ा 

समझौते की शर्तों के अनुसार, पत्नी ने पति से किसी भी तरह का स्थायी या अस्थायी भरण-पोषण, स्त्रीधन और उपहार की मांग नहीं करने तथा संपत्ति संबंधी अधिकारों पर दावा छोड़ने की सहमति दी।

पिता संभालेंगे बेटे की पूरी जिम्मेदारी
समझौते के तहत आठ वर्षीय बेटे नितेश की पूरी अभिरक्षा पिता चंद्रहास देवांग को सौंपी गई है। उसकी शिक्षा, पालन-पोषण और भविष्य की जिम्मेदारी भी पिता ही उठाएंगे। हालांकि, मां को बेटे से मिलने, बातचीत करने और समय-समय पर उसके साथ समय बिताने की पूरी छूट रहेगी।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के आधार पर माफ की प्रतीक्षा अवधि

हाई कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के अमरदीप सिंह विरुद्ध हरवीन कौर मामले में दिए गए फैसले का उल्लेख किया। इसमें व्यवस्था दी गई है कि यदि अदालत संतुष्ट है कि पति-पत्नी के बीच सुलह की कोई संभावना नहीं है और वैवाहिक संबंध पूरी तरह समाप्त हो चुके हैं, तो छह महीने की प्रतीक्षा अवधि माफ की जा सकती है।

ये भी पढ़ें :  राहुल गांधी के मानहानि मामले की सुनवाई स्थगित, अब होगी 17 नवंबर को

पारिवारिक न्यायालय का आदेश निरस्त, तलाक मंजूर
दोनों पक्षों के स्वेच्छा से दिए गए बयानों और समझौते की पुष्टि के बाद न्यायमूर्ति पार्थ प्रीतम साहू और न्यायमूर्ति सुषमा सावंत की खंडपीठ ने पारिवारिक न्यायालय का 20 दिसंबर 2023 का आदेश निरस्त कर दिया।

साथ ही हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13-बी के तहत आपसी सहमति से विवाह विच्छेद की डिक्री पारित कर दी। मध्यस्थता में तय सभी शर्तों को आदेश का हिस्सा बनाया गया है।

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *