Breaking
26 Nov 2026, Thu

भागीरथपुरा कांड में निलंबित EE बहाल, संजीव श्रीवास्तव को भोपाल PHE में मिली नई पदस्थापना

इंदौर 

भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के मामले में जिम्मेदार माने गए वरिष्ठ अधिकारियों की बहाली और नई पदस्थापनाओं पर सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद सस्पेंड किए गए तत्कालीन कार्यपालन यंत्री (EE) संजीव कुमार श्रीवास्तव का निलंबन समाप्त कर उन्हें बहाल कर दिया गया है। स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने उन्हें भोपाल स्थित पीएचई के मुख्य अभियंता कार्यालय में पदस्थ किया है। खास बात यह है कि मामले की विभागीय जांच अब भी जारी है।

इससे पहले तत्कालीन अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को भी बहाल कर रायसेन का कलेक्टर बनाया जा चुका है। वहीं, घटना के बाद पद से हटाए गए तत्कालीन निगमायुक्त दिलीप यादव को सागर कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है।

दूसरी ओर, नगर निगम स्तर पर कार्रवाई की जद में आए जोनल अधिकारी और उपयंत्री अब भी निलंबित हैं। एक सहायक यंत्री की सेवाएं भी समाप्त की जा चुकी हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब जांच में वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका पर भी गंभीर टिप्पणियां हुई थीं, तो उनकी बहाली और नई पदस्थापनाओं के बीच निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई अब तक क्यों जारी है।

ये भी पढ़ें :  आरक्षक संवर्ग की सीधी भरती हेतु चयन परीक्षा-2025

600 पेज की न्यायिक जांच रिपोर्ट में गंभीर टिप्पणियां
दिसंबर में हुई इस घटना ने प्रदेश ही नहीं, पूरे देश का ध्यान खींचा था। केंद्र सरकार ने भी मामले की जांच के लिए समिति गठित की थी। बाद में हाईकोर्ट ने न्यायाधीश सुशील कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में एक सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग बनाया।

आयोग ने करीब 600 पेज की विस्तृत रिपोर्ट हाईकोर्ट को सौंपी थी। न्यायालय के आदेश के बाद यह रिपोर्ट सार्वजनिक हुई। इसमें जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका को लेकर गंभीर टिप्पणियां की गई थीं। इसके आधार पर शासन से कार्रवाई की अपेक्षा थी, लेकिन अब तक वरिष्ठ अधिकारियों की बहाली और नई पदस्थापनाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

तीन स्तर पर हुई थी कार्रवाई, निचले स्टाफ पर अब भी गाज
घटना के बाद सरकार और नगर निगम ने तीन स्तर पर कार्रवाई की थी। तत्कालीन निगमायुक्त दिलीप यादव को पद से हटा दिया गया था। तत्कालीन अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को निलंबित कर भोपाल अटैच किया गया था। वहीं, पीएचई ने तत्कालीन कार्यपालन यंत्री संजीव श्रीवास्तव को निलंबित किया था।

ये भी पढ़ें :  घने जंगलों के बीच दंतेवाड़ा-सुकमा सीमा पर बसे 228 घरों तक पहुंचा नल से जल

नगर निगम स्तर पर जोनल अधिकारी शालिग्राम सितोले और उपयंत्री गिरीश जोशी को निलंबित किया गया था। जबकि सहायक यंत्री शुभम श्रीवास्तव की सेवाएं समाप्त कर दी गई थीं।

अब स्थिति यह है कि वरिष्ठ अधिकारी बहाल होकर नई जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं, लेकिन जोन स्तर पर निलंबित कर्मचारी अब भी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, इनमें से कुछ कर्मचारियों की संबंधित जोन में पदस्थापना घटना से महज तीन-चार महीने पहले ही हुई थी। निगम स्तर पर की गई कार्रवाई में उनके बयान तक नहीं लिए जाने की बात सामने आई है।

पाइपलाइन बदलने में देरी और निगरानी की कमी बनी वजह
न्यायिक जांच आयोग ने पाइपलाइन बदलने की प्रक्रिया में देरी, फाइलों के स्तर पर लापरवाही और निगरानी की कमी को हादसे के प्रमुख कारणों में शामिल किया था। रिपोर्ट में तत्कालीन कार्यपालन यंत्री संजीव श्रीवास्तव को पाइपलाइन बदलने की प्रक्रिया और निर्णय लेने में देरी के लिए जिम्मेदार माना गया।

ये भी पढ़ें :  घर तक पानी पहुंचा तो बदली जिंदगी, अब परिवार के लिए ज्यादा वक्त

वहीं, तत्कालीन अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया की भूमिका पर पर्यवेक्षण में कमी और टेंडर प्रक्रिया से जुड़े मामलों में लापरवाही को लेकर टिप्पणियां की गई थीं।

36 मौतों में से 24 की वजह दूषित पानी
आयोग ने जांच में 36 मौतों में से 24 को दूषित पानी से संबंधित माना था, जबकि 12 मौतों का कारण स्पष्ट नहीं पाया था। हालांकि, घटना को लेकर अन्य स्तरों पर 37 मौतों का आंकड़ा भी सामने आया था।

रिपोर्ट में नगर निगम के अधिकारियों के साथ प्रशासनिक और तकनीकी स्तर पर हुई देरी को भी जिम्मेदार ठहराया गया था। अब वरिष्ठ अधिकारियों की बहाली और नई पदस्थापनाओं के बाद यह सवाल उठ रहा है कि न्यायिक जांच आयोग की गंभीर टिप्पणियों के आधार पर शासन ने क्या कार्रवाई की और जिम्मेदारी तय करने का मापदंड सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक समान क्यों नहीं दिख रहा है।

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *