Breaking
28 Nov 2026, Sat

अखिलेश बताएं, उनके लिए कुरान बड़ा है या संविधान: ओपी राजभर

अखिलेश बताएं, उनके लिए कुरान बड़ा है या संविधान: ओपी राजभर ओपी राजभर
 
सुभासपा अध्यक्ष राजभर ने एक्स पर पोस्ट कर मुस्लिम आरक्षण के मुद्दे पर सपा अध्यक्ष को घेरा

 
 ओपी राजभर बोले- संविधान और आरक्षण की बात करते हैं, फिर धर्म के आधार पर आरक्षण का वादा क्यों
 
इंदिरा साहनी, पश्चिम बंगाल ओबीसी और आंध्र प्रदेश के आरक्षण मामलों का किया जिक्र
 
 राजभर बोले पूछा- मुस्लिमों को अलग कोटा देंगे तो एससी, एसटी और ओबीसी में किसके हिस्से से काटेंगे
 
 राजभर ने कहा- संविधान बचाने की बात करने वाले बताएं, सत्ता में आने पर संविधान बदलने की है तैयारी?
 
लखनऊ

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मुस्लिम आरक्षण के मुद्दे पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाने पर लिया है। राजभर ने एक्स पर पोस्ट कर पूछा कि अखिलेश बताएं, उनके लिए कुरान बड़ा है या संविधान। उन्होंने मुस्लिमों को आरक्षण देने की बात पर सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश एक तरफ संविधान और आरक्षण की दुहाई देते हैं, दूसरी तरफ धर्म के आधार पर आरक्षण देने की बात कर रहे हैं।
 
राजभर ने पोस्ट की शुरुआत “मित्र अखिलेश यादव जी, राधे-राधे” से की। उन्होंने लिखा कि अखिलेश को रैपिड फायर राउंड बहुत पसंद है तो उसी अंदाज में यह भी बता दें कि उनके लिए कुरान बड़ा है या संविधान। उन्होंने तंज कसा कि अखिलेश अपनी “एसी-पीसी और ट्विटर” पर संविधान और आरक्षण को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन मुस्लिम आरक्षण की बात करते समय संविधान की व्यवस्था भूल जाते हैं।
 
पूछा- कभी पूरा संविधान पढ़ा भी है?
राजभर ने अखिलेश से पूछा कि क्या उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का पूरा संविधान पढ़ा भी है। उन्होंने कहा कि यदि संविधान पढ़ा होता तो उन्हें पता होता कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता। राजभर ने आरोप लगाया कि वोट हासिल करने के लिए मुसलमानों को आरक्षण का “लॉलीपॉप” दिखाया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब उनका “‘पीट देगा अब्दुल’ भी समझदार हो चुका है।”
 
राजभर ने कहा कि गैर-यादव पिछड़ों और दलितों के लिए संविधान ही सबसे बड़ा है। उन्होंने अखिलेश और कांग्रेस नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दोनों विदेश में पढ़कर आए हैं, लेकिन बाबा साहेब के संविधान को नहीं समझ पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब बाबा साहेब को ही नहीं समझ सके तो उनके बनाए संविधान को कैसे समझेंगे।
 
इंदिरा साहनी से आंध्र प्रदेश तक के मामलों का जिक्र
सुभासपा अध्यक्ष ने अपनी पोस्ट में इंदिरा साहनी मामले के साथ वर्ष 2024 के पश्चिम बंगाल ओबीसी मामले और आंध्र प्रदेश में मुस्लिम आरक्षण से जुड़े प्रकरण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि न्यायालयों ने धर्म को अकेला आधार बनाकर आरक्षण देने पर सवाल उठाए हैं।
 
राजभर ने आंध्र प्रदेश में मुस्लिमों के लिए अलग आरक्षण की कोशिश का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे न्यायालय में चुनौती मिली थी। उन्होंने इसी आधार पर अखिलेश से पूछा कि वह मुस्लिमों को आरक्षण देने की बात किस संवैधानिक व्यवस्था के तहत कर रहे हैं।
 
‘संविधान बदलने की तैयारी तो नहीं’
राजभर ने अखिलेश के साथ उनके “दिल्ली वाले फॉरेनर भइया” को भी निशाने पर लिया। उन्होंने सवाल किया कि क्या सत्ता मिलने पर दोनों मुस्लिमों को आरक्षण देने के लिए संविधान में बदलाव करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता हासिल करने के लिए सपा और उसके सहयोगी संविधान की दुहाई तो देते हैं, लेकिन अपनी राजनीति के लिए उसी की व्यवस्था से छेड़छाड़ करना चाहते हैं।
 
उन्होंने “संविधान बचाओ” के नारे पर भी तंज कसा। राजभर ने कहा कि एक तरफ संविधान बचाने की बात की जा रही है और दूसरी तरफ उसे बदलने की मंशा दिखाई दे रही है। उन्होंने सपा और उसके सहयोगियों पर पूर्व में भी बाबा साहेब के संविधान का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया।
 
मुस्लिमों का कोटा किसके हिस्से से देंगे
राजभर ने कहा कि आरक्षण में सेंध लगाना “किसी के बाप की बपौती नहीं है।” उन्होंने समानता और धर्मनिरपेक्षता को संविधान के मूल ढांचे का हिस्सा बताते हुए कहा कि संविधान में ऐसा कोई बदलाव किया भी गया तो वह न्यायिक समीक्षा के दायरे में आएगा।
 
उन्होंने मुस्लिमों के लिए अलग कोटे की बात पर एससी, एसटी और ओबीसी की हिस्सेदारी का सवाल उठाया। राजभर ने अखिलेश से पूछा कि यदि मुस्लिमों के लिए अलग कोटा देंगे तो एससी, एसटी और ओबीसी में किसके हिस्से से काटेंगे। उन्होंने 50 प्रतिशत की सीमा का जिक्र करते हुए कहा कि मौजूदा सीमा के भीतर नया कोटा बनाया गया तो किसी न किसी आरक्षित वर्ग की हिस्सेदारी प्रभावित होगी और इससे ऊपर जाने पर मामला न्यायालय में जाएगा।
 
‘हिम्मत है तो कहें, संविधान बड़ा है’
राजभर ने अखिलेश को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वह खुद को संविधान का हिमायती मानते हैं तो साफ कहें कि उनके लिए “संविधान बड़ा है, कुरान छोटा।” उन्होंने कहा कि अखिलेश की राजनीति को अब मुस्लिम समाज के साथ गैर-यादव पिछड़ा और बहुजन समाज भी समझने लगा है। राजभर ने सपा की सत्ता में वापसी के दावे पर भी तंज कसा। उन्होंने अखिलेश से कहा कि 2027 तो दूर, अगली पैदाइश में भी सपा की सरकार नहीं बनने वाली है।

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *