Breaking
12 Nov 2026, Thu

राजस्थान में बड़ा हादसा: बांध में पलटी सवारियों से भरी बस, 9 महीने की मासूम की मौत

जयपुर 
राजस्थान के भरतपुर जिले में हृदयविदारक हादसा हो गया। धौलपुर के बसेड़ी से बयाना जा रही सवारियों से भरी एक प्राइवेट बस मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे गढ़ी बाजना थाना इलाके में सूखाशिला के पास प्रसिद्ध बंध बारैठा बांध में पलट गई। इस भीषण हादसे में मां की गोद में बैठी महज 9 महीने की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 महिलाओं समेत 13 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में शिकार हुए यात्रियों ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन को बताया कि दुर्घटना ड्राइवर की घोर लापरवाही के कारण हुई। बस में सवार यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस चालक लगातार मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। यात्रियों द्वारा बार-बार टोकने और मना करने के बावजूद वह फोन पर बात करता रहा।

ये भी पढ़ें :  बाड़मेर सीमा पर पकड़ा गया पाकिस्तानी नागरिक, BSF की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप

शाम साढ़े छह बजे के करीब सूखाशिला के पास एक तीखे घुमाव पर ड्राइवर ने बस से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित होकर बस सीधे बंध बारैठा बांध के पानी में जा गिरी।

क्रेन से पानी से निकाली बस, ड्राइवर-कंडक्टर मौके से फरार
घटना की सूचना मिलते ही गढ़ी बाजना थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण राहत व बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे। बांध के पानी में डूबी बस को क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। हादसे में घायल हुए सभी 13 लोगों को तुरंत बयाना के उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

ये भी पढ़ें :  जयपुर मोबाइल कोर्ट की बड़ी कार्रवाई: नशे में ड्राइविंग पर 18 हजार जुर्माना, वाहन जब्त

हादसे के तुरंत बाद आरोपी बस ड्राइवर और कंडक्टर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।

पूर्व सांसद रंजीता कोली ने जताया दुख
भरतपुर लोकसभा क्षेत्र की निवर्तमान सांसद रंजीता कोली ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर संदेश साझा किया,
"बयाना विधानसभा क्षेत्र के बंध बारैठा बांध में सवारियों से भरी निजी बस पलटने से एक अत्यंत दर्दनाक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में मां की गोद में बैठी महज 9 माह की मासूम बच्ची की दुखद मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत मासूम को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। हादसे में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूँ।"

ये भी पढ़ें :  FIFA वर्ल्ड कप से पहले नया विवाद, ईरान ने अमेरिका पर लगाया गंभीर आरोप

लापरवाह ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई की मांग
इस हादसे ने एक बार फिर से राजस्थान में निजी बसों के चालकों की लापरवाही और ओवरस्पीडिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बयाना क्षेत्र के स्थानीय निवासियों ने फरार ड्राइवर की जल्द गिरफ्तारी और ओवरस्पीडिंग व मोबाइल इस्तेमाल करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की मांग की है।

Share

By News Writer Editor

News Writer Near Ambuja Mall, Main Road Pandri Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *