Breaking
12 Nov 2026, Thu

अमित बघेल ने 3 महीने बाद कोर्ट में किया सरेंडर, विवादित बयान को लेकर दर्ज हैं 14 केस

बिलासपुर 

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल ने बुधवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। बिलासपुर हाईकोर्ट से मिली तीन महीने की अंतरिम जमानत की अवधि पूरी होने के बाद वे कोर्ट पहुंचे। उनके सरेंडर के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद रहे।

कोर्ट परिसर के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटी रही। अमित बघेल के खिलाफ अग्रवाल और सिंधी समाज को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में रायपुर के तेलीबांधा, कोतवाली और देवेंद्र नगर समेत अलग-अलग थानों में FIR दर्ज की गई थीं।

इन मामलों में कुल 14 FIR दर्ज होने की बात सामने आई थी। गिरफ्तारी के बाद बघेल ने कानूनी राहत के लिए हाईकोर्ट का रुख किया था।

हाईकोर्ट ने उनकी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी थी, लेकिन तीन अलग-अलग मामलों में उन्हें तीन महीने की अंतरिम जमानत दी थी। इसकी अवधि पूरी होने के बाद उन्होंने सरेंडर किया है।

ये भी पढ़ें :  जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की गई कार्रवाई की गई

तीन मामलों में मिली थी अंतरिम जमानत
अमित बघेल को दिसंबर 2025 में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने नियमित जमानत देने से इनकार करते हुए तीन मामलों में तीन महीने की अंतरिम राहत दी थी। यह राहत कुछ शर्तों के साथ दी गई थी।

अंतरिम जमानत के दौरान अमित बघेल को अगले तीन महीने तक रायपुर जिले की सीमा में निवास नहीं करने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, कोर्ट में पेशी के लिए निर्धारित तारीखों पर उन्हें रायपुर आने की अनुमति दी गई थी।

उनके वकील हर्षवर्धन परगनिया ने तीन महीने की अंतरिम जमानत मिलने की बात कही थी। वहीं, आपत्तिकर्ता के वकील सुनील ओटवानी ने कहा था कि हाईकोर्ट ने नियमित जमानत याचिका खारिज की है और अमित बघेल को तीन महीने का पैरोल दिया गया है।

ये भी पढ़ें :  अमित बघेल को SC की फटकार, कहा- 'जुबान पर लगाम रखें'; FIR क्लब करने की मांग खारिज

प्रतिमा तोड़े जाने के बाद शुरू हुआ था विवाद
पूरा विवाद 26 अक्टूबर 2025 को रायपुर के VIP चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा से तोड़फोड़ की घटना के बाद शुरू हुआ था। प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलने पर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान वहां हंगामा हुआ और कार्यकर्ताओं तथा पुलिसकर्मियों के बीच झड़प भी हुई थी।

हंगामे के बाद छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा दोबारा स्थापित कर दी गई थी। पुलिस ने प्रतिमा तोड़ने के आरोपी को गिरफ्तार किया था। परिजनों के मुताबिक, आरोपी मानसिक रूप से बीमार है और उसका पहले सेंदरी और रांची में इलाज भी कराया गया था।

ये भी पढ़ें :  17 से ठंड में मिलेगी हल्की राहत, सरगुजा संभाग में शीतलहर अलर्ट जारी

घटना के बाद अमित बघेल ने अग्रवाल और सिंधी समाज को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी बयान को लेकर विवाद बढ़ा और उनके खिलाफ अलग-अलग थानों में शिकायतें दर्ज कराई गईं।

प्रदेशभर में हुआ था विरोध, माफी और कार्रवाई की उठी थी मांग
अमित बघेल की कथित टिप्पणी के विरोध में रायपुर, रायगढ़ और सरगुजा समेत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन हुए थे। अग्रवाल समाज की ओर से उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की गई थी।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा था कि इस तरह की टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है। इसके बाद रायपुर के अलग-अलग थानों के साथ अन्य स्थानों पर भी उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई गई थीं।

Share

By News Writer Editor

News Writer Near Ambuja Mall, Main Road Pandri Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *