Breaking
14 Nov 2026, Sat

भारत-US ट्रेड डील पर जल्द लगेगी मुहर? पीयूष गोयल ने दिए बड़े ऐलान के संकेत

 नई दिल्ली
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील (व्यापार समझौते) पर जल्द अच्छी खबर मिल सकती है. दोनों देशों के बीच बातचीत अब आखिरी दौर में पहुंचती दिख रही है. केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि समझौते को लेकर बातचीत बेहद अच्छे माहौल में चल रही है और केवल कुछ मुद्दे सुलझाने बाकी हैं. उन्होंने संकेत दिया कि डील का ऐलान जल्द हो सकता है। 

पीयूष गोयल ने कहा कि भारत अपने हितों को ध्यान में रखते हुए अमेरिका के साथ सबसे अच्छे व्यापार समझौतों में से एक करेगा. वहीं, अमेरिका की पूर्व वरिष्ठ राजनयिक निशा बिस्वाल ने भी उम्मीद जताई है कि दोनों देश अगले महीने फ्लोरिडा में होने वाले G20 समिट तक ट्रेड डील के पहले चरण को अंतिम रूप देने की कोशिश कर सकते हैं. हालांकि, उन्होंने माना कि दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाएं जटिल हैं और कुछ अहम मुद्दों पर सहमति बनाना आसान नहीं है। 

बातचीत सहज और दोस्ताना: पीयूष गोयल

पीयूष गोयल ने बिजनेस टुडे (Business Today) से बातचीत में कहा कि अमेरिका के साथ भारत की बातचीत शानदार तरीके से आगे बढ़ रही है. अमेरिका व्यापार और रक्षा के क्षेत्र में भारत का अहम साझेदार है और दोनों देशों के बीच कई स्तरों पर मजबूत संबंध हैं. उन्होंने कहा कि बातचीत सहज और दोस्ताना माहौल में हो रही है और फिलहाल कोई बड़ी बाधा नहीं है. गोयल के मुताबिक, समझौते से जुड़े कुछ मुद्दे बाकी हैं, जिन्हें दोनों पक्ष सुलझाने में जुटे हैं. उन्होंने कहा, 'आपको जल्द ही इस समझौते को लेकर कोई ऐलान सुनने को मिल सकता है। 

ये भी पढ़ें :  छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा कदम: अब कभी भी दर्ज कर सकेंगे शिकायत, जारी होगा CM हेल्पलाइन नंबर

भारत को US मार्केट में मिलेगी खास पहुंच?
पीयूष गोयल ने कहा कि भारत ने इस समझौते में अपने लिए बेहतर शर्तें हासिल करने की दिशा में मजबूत बातचीत की है. उन्हें उम्मीद है कि भारत को अमेरिका के बाजार में अपने अहम उत्पादों के लिए बेहद अनुकूल पहुंच मिलेगी. उन्होंने कहा कि भारत को उन देशों के मुकाबले बेहतर मार्केट एक्सेस मिलनी चाहिए, जो समान तरह के उत्पाद बनाते हैं और आर्थिक विकास के स्तर पर भी भारत के आसपास हैं. गोयल के मुताबिक, समझौते के बाद भारत को अपने हित वाले उत्पादों के लिए अमेरिका में सबसे पसंदीदा मार्केट एक्सेस मिल सकती है। 

अमेरिका की पूर्व असिस्टेंट सेक्रेटरी ऑफ स्टेट फॉर साउथ एंड सेंट्रल एशिया निशा बिस्वाल ने भी ट्रेड डील को लेकर उम्मीद जताई है. एक भारतीय न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच पहले चरण के समझौते को अगले महीने होने वाले G20 शिखर सम्मेलन तक पूरा करने की इच्छा दिखाई दे रही है. G20 शिखर सम्मेलन 14 और 15 दिसंबर को अमेरिका के फ्लोरिडा में होगा. इसकी अध्यक्षता अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप करेंगे। 

निशा बिस्वाल के मुताबिक, दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता जटिल है और कई ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर बातचीत आगे बढ़ानी होगी. उन्होंने खास तौर पर कपड़ा क्षेत्र का जिक्र किया. भारत चाहता है कि अमेरिका में उसे अपने प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले बेहतर मार्केट एक्सेस मिले. बिस्वाल ने कहा कि भारत की इस मांग को अमेरिकी प्रशासन किस तरह अपने मौजूदा व्यापारिक नियमों के दायरे में पूरा करता है, यह उसके लिए एक चुनौती होगी। 

ये भी पढ़ें :  असम में UCC विधेयक पास! उत्तराखंड-गुजरात के बाद ऐसा करने वाला तीसरा राज्य बना

फरवरी 2026 में तय हुआ था फ्रेमवर्क
भारत और अमेरिका ने इसी साल फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Bilateral Trade Agreement) के पहले चरण का ढांचा तय किया था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत के बाद इस दिशा में सहमति बनी थी. हालांकि, इसके बाद अमेरिका की टैरिफ नीति में बदलाव हुए, जिसके चलते दोनों देशों को बातचीत दोबारा आगे बढ़ानी पड़ी. इसी महीने अमेरिकी अधिकारियों की दो सदस्यीय टीम भारत आई थी. इस टीम ने व्यापार और कस्टम से जुड़े मामलों पर भारतीय अधिकारियों के साथ चर्चा की. पीयूष गोयल ने बताया कि अमेरिकी टीम के उप मुख्य वार्ताकार ने भारतीय सीमा शुल्क विभाग के साथ एक अलग मुद्दे पर बातचीत की थी। 

मिड टर्म चुनाव का बातचीत पर असर?
हाल ही में अमेरिका में हुए मध्यावधि चुनावों के नतीजों का ट्रेड डील की रफ्तार पर क्या असर पड़ेगा, इस सवाल पर पीयूष गोयल ने कहा कि भारत अपने व्यापारिक रिश्तों को दूसरे देशों के घरेलू चुनावों या राजनीतिक घटनाक्रम से नहीं जोड़ता. उन्होंने कहा कि भारत व्यापारिक संबंधों को किसी देश के आंतरिक चुनाव या उसके नतीजों के आधार पर तय नहीं करता. गोयल ने कहा कि दुनिया के कई देश अब भारत को भरोसेमंद व्यापार और निवेश साझेदार के तौर पर देख रहे हैं. उन्होंने ग्वाटेमाला और इक्वाडोर का उदाहरण दिया, जो भारत के साथ अलग-अलग व्यापार समझौते करने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि अगर भारत भरोसेमंद साझेदार नहीं होता, तो दूसरे देश उसके साथ व्यापार समझौते करने और उसे अपनी ग्लोबल वैल्यू चेन का हिस्सा बनाने में दिलचस्पी नहीं दिखाते. पीयूष गोयल ने भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच हुए व्यापार समझौते को 'मदर ऑफ ऑल डील्स' बताया. हालांकि, उन्होंने कहा कि भारत के मौजूदा व्यापार समझौतों का निर्यात पर कितना असर पड़ा है, इसका आकलन करना अभी जल्दबाजी होगी. कुछ बड़े समझौते अभी पूरी तरह लागू नहीं हुए हैं. ब्रिटेन के साथ व्यापार समझौते में व्हिस्की से जुड़े एक ऑपरेशनल मुद्दे पर भी पीयूष गोयल ने कहा कि नए समझौते लागू होने पर इस तरह की व्यावहारिक दिक्कतें आ सकती हैं और उन्हें सुलझाया जा रहा है। 

ये भी पढ़ें :  देश में गर्मी ने अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया, 23, 24, 25 व 26 अप्रैल को इन राज्यों में होगी भीषण बारिश

अमेरिका ने लगाया 10% अतिरिक्त आयात शुल्क
भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता के बीच अमेरिकी टैरिफ भी एक अहम मुद्दा बना हुआ है. अमेरिका ने 24 जुलाई से कई देशों के उत्पादों पर 10 फीसदी अतिरिक्त आयात शुल्क लगाया है. यह शुल्क जबरन मजदूरी से जुड़े मामलों की जांच के तहत अमेरिकी ट्रेड एक्ट 1974 की धारा 301 के तहत लगाया गया है. यह मौजूदा मोस्ट-फेवर्ड-नेशन (MFN) टैरिफ के ऊपर है. इस नए टैरिफ का असर चीन और भारत पर भी पड़ने की उम्मीद है. ऐसे में दोनों देशों के बीच होने वाले समझौते में भारतीय उत्पादों को अमेरिकी बाजार में कितनी राहत और कितनी बेहतर पहुंच मिलती है, इस पर नजर रहेगी. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भी 20 अक्टूबर को कहा था कि दोनों देश ट्रेड डील के काफी करीब हैं. अब देखना होगा कि बातचीत दिसंबर में होने वाले G20 सम्मेलन तक किसी नतीजे पर पहुंचती है या नहीं। 

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *