Breaking
16 Nov 2026, Mon

छठ महापर्व पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुनकुरी वासियों को दी 15.50 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात

छठ महापर्व पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुनकुरी वासियों को दी 15.50 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने मल्टीपर्पस हॉल, सांस्कृतिक भवन एवं छठ तालाब के कायाकल्प सहित विभिन्न विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

आस्था के प्रमुख केंद्र छठ तालाब का होगा सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के लिए विकसित होंगी बेहतर सुविधाएं

पाथ-वे, बच्चों के लिए खेल मैदान और योग स्थल सहित आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा छठ तालाब परिसर

सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों को मिलेगा नया विस्तार : मुख्यमंत्री साय

रायपुर
 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर कुनकुरी वासियों को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री साय ने जशपुर प्रवास के दौरान नगर पंचायत कुनकुरी में लगभग 15 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन निर्माण सहित छठ तालाब के विकास और कायाकल्प से जुड़े विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया। इन विकास कार्यों से कुनकुरी में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध होगी।
                मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। कुनकुरी में छठ तालाब के विकास और सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि नगरों का विकास केवल बुनियादी अधोसंरचना के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना भी हमारी प्राथमिकता है। इन कार्यों के पूर्ण होने से कुनकुरी के नागरिकों को एक बेहतर वातावरण और आधुनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी।

ये भी पढ़ें :  छत्तीसगढ़-रायपुर में आयुष्मान योजना में मनमानी पर जिस हॉस्पिटल को करवाया बंद, अब दूसरे नाम से हो रहा संचालन

छठ तालाब का होगा कायाकल्प, आस्था के साथ मनोरंजन और स्वास्थ्य सुविधाओं का भी होगा विस्तार

                   मुख्यमंत्री साय द्वारा भूमिपूजन किए गए विकास कार्यों में छठ तालाब का कायाकल्प विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। इसके अंतर्गत 6 करोड़ 89 लाख 61 हजार रुपए की लागत से छठ तालाब का रिज्युविनेशन कार्य तथा 5 करोड़ 17 लाख 2 हजार रुपए की लागत से छठ तालाब विकास कार्य कराया जाएगा। इन कार्यों के माध्यम से छठ तालाब परिसर को आकर्षक, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक स्वरूप दिया जाएगा। यहां नागरिकों के टहलने के लिए पाथ-वे, बच्चों के लिए खेल मैदान, योगाभ्यास के लिए निर्धारित स्थल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे छठ तालाब न केवल धार्मिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि नगरवासियों के लिए स्वास्थ्य, मनोरंजन और पारिवारिक गतिविधियों का भी एक सुंदर सार्वजनिक स्थल विकसित होगा।

ये भी पढ़ें :  सूखी सेवनिया समेत 7 गांवों में टाइगर का आतंक, 15 दिनों में आधा दर्जन मवेशियों का शिकार

3.65 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन

                   नगर पंचायत कुनकुरी के वार्ड क्रमांक 01 में 3 करोड़ 65 लाख 3 हजार रुपए की लागत से मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इस भवन के निर्माण से नगरवासियों को सामाजिक समारोहों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह भवन स्थानीय कला, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही नगर की सामुदायिक आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

ये भी पढ़ें :  नागरिकता नियमों में बड़ा बदलाव: नाबालिगों के पासपोर्ट नियम हुए सख्त, OCI पंजीकरण अब ऑनलाइन

कुनकुरी के समग्र विकास को मिलेगी नई गति

                  मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ ही नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कुनकुरी में इन विकास कार्यों से नगर की सुंदरता बढ़ेगी और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। छठ महापर्व के अवसर पर इन महत्वपूर्ण विकास कार्यों के भूमिपूजन से कुनकुरीवासियों में उत्साह का वातावरण रहा। धार्मिक आस्था के प्रमुख स्थल छठ तालाब के कायाकल्प तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए नई अधोसंरचना के निर्माण से नगर के विकास को नई दिशा मिलेगी।
                  इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *