Breaking
18 Nov 2026, Wed

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वैश्विक पहचान बना काशी का देव दीपावली महोत्सव

11 लाख दीपों से जगमग होंगे घाट और कुंड

24 नवंबर को गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों पर दिखेगा अद्भुत नजारा, देश-विदेश से पहुंचेंगे श्रद्धालु और पर्यटक

88 घाटों और 103 कुंडों पर होगा दीप प्रज्ज्वलन, आठ प्रमुख घाटों पर सजेगी भव्य गंगा आरती

लेजर शो, 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग, 2,100 ड्रोन और ग्रीन आतिशबाजी से रोशन होगी काशी की शाम

ड्रोन शो में भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण के दृश्य होंगे आकर्षण का केंद्र

वाराणसी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिल रही है। इसी कड़ी में देव दीपावली का पारंपरिक पर्व अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आकर्षण का केंद्र बन चुका है। गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों पर लाखों दीपों की अलौकिक रोशनी और भव्य सांस्कृतिक आयोजनों को देखने के लिए हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचते हैं। योगी सरकार द्वारा देव दीपावली को प्रांतीय मेला घोषित किए जाने के बाद आयोजन का स्वरूप लगातार विस्तृत हुआ है। वर्ष 2017 के बाद से इसकी भव्यता में निरंतर वृद्धि हुई है। अयोध्या के दीपोत्सव की तर्ज पर अब शिव की नगरी काशी में भी देवताओं की दीपावली को भव्य स्वरूप देने की तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देशों में जिला प्रशासन और संबंधित विभाग 24 नवंबर को होने वाले आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

ये भी पढ़ें :  एमएसपी से किसानों को मिलेगा लाभ, पारदर्शी व्यवस्था हमारी प्राथमिकता: सूर्य प्रताप शाही

एक साथ प्रज्ज्वलित होंगे 11 लाख से अधिक दीप, तीन से चार घंटे तक रोशन रहेंगे घाट
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि देव दीपावली पर सरकार और जनसहभागिता से काशी के घाटों, कुंडों और अन्य प्रमुख स्थलों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इनमें करीब 10 लाख मिट्टी के और एक लाख गोबर से बने दीप शामिल होंगे। आयोजन में लगभग 22 लाख बातियों का इस्तेमाल किया जाएगा। सभी दीप एक साथ प्रज्ज्वलित होने के बाद करीब तीन से चार घंटे तक काशी के घाटों और कुंडों को रोशनी से सराबोर रखेंगे।

88 घाटों और 103 कुंडों पर दीपों से सजेगी काशी
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने बताया कि 24 नवंबर को होने वाली देव दीपावली पर गंगा के 88 पक्के घाटों पर 83 समितियों और जनसहभागिता के माध्यम से पांच लाख दीप जलाए जाएंगे। गंगा पार रेतीले क्षेत्र में स्वयंसेवकों और विभिन्न विभागों के सहयोग से 3.5 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। वहीं, शहर के 103 कुंडों पर समितियों के माध्यम से 2.5 लाख दीप जलाए जाएंगे। इस तरह घाटों, गंगा पार के रेतीले क्षेत्र और कुंडों को मिलाकर करीब 11 लाख दीपों से काशी जगमगाएगी। दीप प्रज्ज्वलन के लिए लगभग 1,800 टिन शुद्ध सरसों के तेल की व्यवस्था की जाएगी।

ये भी पढ़ें :  प्रयागराज में महाकुंभ के लिए रोडवेज की बसों को भगवा रंग से रंगा जाना किया शुरू

घाटों से सरकारी कार्यालयों और होटलों तक होगी विद्युत सजावट
देव दीपावली पर काशी के प्रमुख घाटों, चौराहों और मार्गों को आकर्षक विद्युत सजावट से रोशन किया जाएगा। इसके लिए स्थानीय प्रशासन और पर्यटन विभाग संयुक्त रूप से व्यवस्था करेंगे। वाराणसी स्थित सभी सरकारी विभागों के कार्यालयों की सजावट संबंधित विभागों के माध्यम से कराई जाएगी। वहीं, शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और होटलों को आकर्षक रोशनी से सजाने की जिम्मेदारी व्यापार मंडल और होटल एसोसिएशन के सहयोग से पूरी की जाएगी।

आठ प्रमुख घाटों पर होगी विशेष गंगा आरती
देव दीपावली की संध्या पर काशी के आठ प्रमुख घाटों पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इनमें नमो घाट, गाय घाट, पंचगंगा घाट, दशाश्वमेध घाट, शीतला घाट, केदार घाट, तुलसी घाट और अस्सी घाट शामिल हैं। इन घाटों पर होने वाली विशेष गंगा आरती श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगी।

लेजर शो, 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और ड्रोन शो से बढ़ेगी महोत्सव की रौनक
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि देव दीपावली के अवसर पर पिछले वर्षों की तरह इस बार भी 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो आयोजित करने का प्रस्ताव है। इसके लिए शाम 7:20 से 7:45 बजे तक का समय प्रस्तावित किया गया है। वहीं, दशाश्वमेध घाट अथवा अस्सी घाट के सामने गंगा पार रेतीले क्षेत्र में रात 8 से 8:15 बजे तक ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने रात 8:30 से 8:40 बजे तक 10 मिनट की ग्रीन आतिशबाजी कराने का प्रस्ताव है। इन आयोजनों से गंगा के घाटों पर उत्सव की भव्यता और बढ़ेगी।

ये भी पढ़ें :  बिना बैंक से कर्ज लिए 42,000 करोड़ रुपये की गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना पूरी: सीएम योगी

2,100 स्वदेशी ड्रोन से काशी के आसमान में साकार होंगे शिव और मां गंगा के दिव्य प्रसंग
पर्यटन मंत्री ने बताया कि 2,100 स्वदेशी ड्रोन के माध्यम से आसमान में पौराणिक प्रसंगों को साकार किया जाएगा। आध्यात्मिक महत्ता और काशी की विरासत पर आधारित 15 मिनट की इस प्रस्तुति में 15 विशेष ड्रोन फॉर्मेशन नजर आएंगे। ड्रोन शो की थीम में भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण के दृश्य काशी के आसमान में उकेरे जाएंगे। इसके साथ ही काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा कालभैरव की दिव्य आकृतियां भी दर्शकों को आकर्षित करेंगी। इस प्रस्तुति के माध्यम से काशी की आध्यात्मिक विरासत के साथ उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के लोगो को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *