Breaking
18 Nov 2026, Wed

SpiceJet संकट गहराया, मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ानें ठप; घंटों परेशान रहे यात्री

 मुंबई

आर्थिक संकट का सामना कर रही स्पाइसजेट (SpiceJet) की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. एयरलाइन की उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है. मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम 7 बजे से स्पाइसजेट की कोई भी फ्लाइट उड़ान नहीं भर सकी. इसके चलते सैकड़ों यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए. कई घंटे इंतजार के बाद भी यात्रियों को यह जानकारी नहीं मिल पाई कि उनकी फ्लाइट कब रवाना होगी. नाराज यात्रियों ने एयरलाइन के काउंटर पर हंगामा किया और नारेबाजी भी की। 

मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर स्पाइसजेट के यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन ने उन्हें उड़ानों में देरी की सही जानकारी नहीं दी. यहां तक कि फ्लाइट के नए प्रस्थान समय (Departure Schedule) के बारे में भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई. एयरपोर्ट से सामने आए वीडियो में स्पाइसजेट के काउंटर पर यात्रियों की भारी भीड़ दिखाई दी. लंबे इंतजार से परेशान यात्री एयरलाइन के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए. रात 11:30 बजे रवाना होने वाली एक फ्लाइट की बोर्डिंग भी शुरू नहीं हुई थी. उड़ानों का इंतजार कर रहे यात्रियों के बीच इस बात को लेकर अनिश्चितता बनी रही कि उनका सफर कब शुरू होगा। 

बुजुर्गों और बच्चों को भी हुई परेशानी

इससे पहले सोमवार को भी मुंबई में स्पाइसजेट के यात्रियों को ऐसी ही परेशानियों का सामना करना पड़ा था. यात्रियों के मुताबिक, वे शाम करीब 7 बजे एयरपोर्ट पहुंच गए थे, लेकिन लंबे समय तक कोई फ्लाइट रवाना नहीं हुई. कुछ यात्रियों को करीब 9 घंटे तक इंतजार करना पड़ा और उनकी उड़ान तड़के सुबह करीब 4 बजे रवाना हो सकी. यात्रियों का कहना है कि अचानक हुई देरी और एयरलाइन की ओर से जानकारी नहीं मिलने के कारण बुजुर्गों और बच्चों को भी काफी दिक्कत हुई. कुछ यात्रियों को बताया गया कि टिकट का पैसा 7 दिनों के भीतर वापस किया जाएगा. हालांकि, यात्रियों की शिकायत है कि उन्हें उड़ान में देरी और आगे की व्यवस्था के बारे में समय पर जानकारी नहीं दी गई। 

ये भी पढ़ें :  क्या शशि थरूर को मिलेगा वीर सावरकर अवॉर्ड? कांग्रेस नेता ने खुद खोला बड़ा राज

दुबई से 4 फ्लाइट रद्द, बकाया भुगतान बना वजह
स्पाइसजेट की मुश्किलें सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं हैं. पिछले कुछ दिनों से एयरलाइन का उड़ान संचालन लगातार प्रभावित हो रहा है. इससे पहले रविवार को एयरलाइन ने दुबई से अपनी चार उड़ानें रद्द कर दी थीं. इसकी वजह दुबई एयरपोर्ट पर ग्राउंड हैंडलिंग का काम देखने वाली कंपनी डनाटा (dnata) की ओर से स्पाइसजेट की चेक-इन सर्विस रोकना बताया गया. रिपोर्ट के अनुसार, स्पाइसजेट पर डनाटा का 1.4 करोड़ यूएई दिरहम से ज्यादा बकाया था. भुगतान नहीं होने के कारण डनाटा ने दुबई एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की चेक-इन सर्विस रोक दी थी। 

ये भी पढ़ें :  स्पाइसजेट की उड़ान को नई रफ्तार! फ्लीट में शामिल हुए 3 A320 विमान, Boeing 737 Max की भी वापसी

दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी
स्पाइसजेट के ऑपरेशन में आ रही दिक्कतों को देखते हुए दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट एडमिनिस्ट्रेशन ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की थी. दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने शुक्रवार को यात्रियों को संभावित उड़ान देरी और रुकावटों के बारे में आगाह किया था. इसके बाद शनिवार को मुंबई एयरपोर्ट ने भी इसी तरह की सलाह जारी की. लगातार उड़ानों में देरी और यात्रियों की परेशानी के बावजूद स्पाइसजेट ने मुंबई में ऑपरेशन प्रभावित होने को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। 

आर्थिक संकट, बकाया भुगतान और परिचालन संबंधी चुनौतियों के बीच स्पाइसजेट के लिए अपनी सेवाओं को सामान्य बनाए रखना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरलाइन रोजाना करीब 65 शेड्यूल्ड फ्लाइट्स संचालित कर रही है, लेकिन इनमें से 15 से 20 उड़ानें रोजाना रद्द हो रही हैं. कई उड़ानों में 3 से 5 घंटे तक की देरी की भी खबरें हैं. एयरलाइन पर विमान लीज पर देने वाली कंपनियों, तेल कंपनियों, एयरपोर्ट ऑपरेटरों और ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों का बकाया बताया जा रहा है. भुगतान की समस्याओं के कारण स्पाइसजेट को कई जरूरी सेवाओं के लिए एडवांस पेमेंट यानी पहले भुगतान करके सेवाएं लेनी पड़ रही हैं. इससे उसके रोजमर्रा के ऑपरेशन पर दबाव बढ़ा है। 

ये भी पढ़ें :  मुकेश अंबानी बायोगैस प्लांट गुजरात से बाहर लगाएंगे, अगले 5 वर्षों में 500 बायोगैस प्लांट

स्टाफ को समय पर नहीं मिल रही सैलरी
सूत्रों के मुताबिक स्पाइसजेट का ऑपरेशनल बेड़ा घटकर करीब 12 विमानों का रह गया है. इनमें से तीन विमान भुगतान संबंधी समस्याओं के कारण फिलहाल ग्राउंडेड हैं. इसके अलावा कर्मचारियों को जून 2026 से सैलरी नहीं मिलने की भी खबरें सामने आई हैं. इसका असर एयरलाइन की उड़ानों और यात्रियों को मिलने वाली सेवाओं पर पड़ रहा है. लगातार फ्लाइट कैंसिल होने और देरी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

स्पाइसजेट को 621 करोड़ रुपये का घाटा
स्पाइसजेट की आर्थिक स्थिति पर नजर डालें तो सितंबर 2025 को समाप्त तिमाही में कंपनी को 621 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ था. एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी को 458 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था. इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी सालाना आधार पर 13.4 फीसदी घटकर 792 करोड़ रुपये रह गया था, जो पहले 915 करोड़ रुपये था. कंपनी को इस तिमाही में 297 करोड़ रुपये का ऑपरेटिंग लॉस हुआ था. ग्राउंडेड विमानों पर 120 करोड़ रुपये और उन्हें दोबारा ऑपरेशन में लाने पर 30 करोड़ रुपये का खर्च आया था. कंपनी ने फरवरी में दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए थे. इसके बाद से उसने अपने नए तिमाही वित्तीय नतीजे सार्वजनिक नहीं किए हैं। 

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *