Breaking
26 Nov 2026, Thu

संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारें – राज्यपाल पटेल

राज्यपाल ने संविधान दिवस पर युवाओं से कहा

बी.आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय का आठवां दीक्षांत समारोह संपन्न

भोपाल     
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि भारत जैसे विविधता से परिपूर्ण देश में संविधान के मूल्यों को संसद और न्यायालयों की सीमाओं से आगे ले जाकर जन-जन तक पहुंचाना अत्यन्त आवश्यक है। युवाओं को संविधान के प्रति सम्मान और महत्व से परिचित कराना चाहिए। संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारने की प्रेरणा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं में संविधान के प्रति जुड़ाव को और अधिक गहरा करने के विशेष और निरंतर प्रयास किए जाएं। ऐसे प्रयास राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करते हैं। आत्मनिर्भर और विकसित भारत के नव निर्माण का आधार बनते है। राज्यपाल पटेल गुरुवार को डॉ. बी.आर. अंबेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय, महू के आठवें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की। सभी को भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी।

राज्यपाल पटेल ने संविधान दिवस के अवसर पर संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। उन्होंने संविधान सभा के सभी सदस्यों का पुण्य स्मरण भी किया। संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।

सामाजिक समरसता केवल भाषणों में नहीं, व्यवहार में भी दिखे
राज्यपाल पटेल ने कहा कि बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर के नाम पर स्थापित विश्वविद्यालय की सार्थकता तभी सिद्ध होगी, जब समानता, स्वतंत्रता, बंधुता और सामाजिक न्याय के मूल्य हमारी शिक्षण पद्धति, शोध और दैनिक व्यवहार में दिखाई देंगे। केवल सामाजिक समरसता की बात करना पर्याप्त नहीं बल्कि हम सबको अपने व्यवहार में भी इसे उतारना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षित व्यक्ति के व्यवहार में संवेदनशीलता, आत्मीयता और समानता का भाव होना अत्यंत आवश्यक है। किसी व्यक्ति के गरीब होने, साधारण कपड़े पहनने या वंचित समुदाय से आने के कारण उसके प्रति मन में कभी भेदभाव नहीं आना चाहिए।

ये भी पढ़ें :  मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर मुख्य सचिव ने ली बैठक

राज्यपाल पटेल ने कहा कि दीक्षांत समारोह, विद्यार्थियों की केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय की प्रगति का मूल्यांकन और भविष्य की दिशा निर्धारित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। समारोह में ली गई प्रतिज्ञा को केवल एक दिन नहीं बल्कि 365 दिन पालन करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने जीवन में खूब आगे बढ़ें, अच्छा प्लेसमेंट और सफलता प्राप्त करें। लेकिन व्यक्तिगत प्रगति में अपने माता-पिता, समाज और देश को कभी नहीं भूलें।

राज्यपाल पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों का दायित्व केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार विकसित करना भी है। विद्यार्थी पांच वर्ष या उससे अधिक समय संस्थान में बिताते हैं। इस अवधि में उन्हें ऐसी शिक्षा और संस्कार दी जाए, जिससे वे अपने परिवार, समाज और देश के लिए उपयोगी नागरिक बन सकें। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति एवं प्राध्यापकों से संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और वंचित समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान प्रयासों पर सतत् आत्मचिंतन का आह्वान किया।

ये भी पढ़ें :  हितग्राही सम्मेलन में बोले सीएम डॉ. मोहन यादव - बाबा साहब आंबेडकर को कांग्रेस ने कभी सम्मान नहीं दिया

राज्यपाल पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालय का शोध केवल अकादमिक उपलब्धियों और शोध पत्रों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। शोध ऐसा हो जो समाज की वास्तविक समस्याओं का समाधान करे। शासन की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को नई दिशा देने में उपयोगी साबित हो। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं जनजातीय अंचलों के विद्यार्थियों को शिक्षा और शोध से जोड़कर उनमें सामाजिक संवेदना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा समस्याओं के व्यावहारिक समाधान की क्षमता विकसित की जानी चाहिए।

जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लें युवा
राज्यपाल पटेल ने अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा और जनजातीय नायक टंट्या मामा भील के संघर्ष और योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में समाज और देश के लिए असाधारण योगदान दिया। टंट्या मामा ने भी अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अदम्य साहस और देशभक्ति का परिचय दिया। इन महान जननायकों का जीवन युवाओं को समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है। युवाओं को सभी जननायकों के व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रेरणा लेनी चाहिए।

ये भी पढ़ें :  राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पुण्यतिथि पर तीन दिवसीय रश्मिरथी पर्व होगा आयोजित

स्वयं नशे से दूर रहकर दूसरों को भी करें जागरूक
राज्यपाल पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रत्येक विद्यार्थी को चिंतन करना चाहिए कि वह भारत को विकसित बनाने में अपना क्या योगदान दे सकता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया और कहा कि नशामुक्त भारत का संकल्प तभी पूरा होगा, जब युवा स्वयं नशे से दूर रहकर दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे। राज्यपाल पटेल ने समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन कर किया। उन्होंने दीक्षांत समारोह की स्मारिका का विमोचन भी किया।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने कहा कि बाबासाहेब अंबेडकर ने शिक्षा को सामाजिक क्रांति और समानता का सबसे सशक्त माध्यम बनाया। उनकी जन्मभूमि महू में संविधान दिवस पर आयोजन गौरव का पल है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान, शोध और नवाचार का उपयोग समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान तथा राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया।

 

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *