Breaking
12 Nov 2026, Thu

केकेआर ने सांसें रोक देने वाले रोमांचक मुकाबले में राजस्थान को एक रन से हराया

कोलकाता
केकेआर ने सांसें रोक देने वाले रोमांचक मुकाबले में राजस्थान को एक रन से हराकर प्लेऑफ के लिए अपनी उम्मीदें कायम रखी है। इस मैच में रियान पराग ने राजस्थान के लिए शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।

केकेआर की रोमांचक जीत
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को एक रन से हराया। केकेआर और राजस्थान के बीच यह मुकाबला बेहद करीबी रहा और आखिरी में कोलकाता में टीम महत्वपूर्ण जीत दर्ज करने में सफल रही। केकेआर ने इस तरह प्लेऑफ के लिए अपनी उम्मीदें कायम रखी है। केकेआर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और आंद्रे रसेल की तूफानी पारी की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 206 रन बनाए। जवाब में राजस्थान के लिए कप्तान रियान पराग ने शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 205 रन ही बना सकी।

ये भी पढ़ें :  सड़क दुर्घटना में घायलों को अब अस्पतालों में तुरंत उपचार मिल सकेगा, डेढ़ लाख तक का खर्च उठाएगी सरकार

लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 71 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए। इसके बाद रियान पराग ने शिमरॉन हेटमायर के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी की और टीम को मुश्किल से उबारा। रियान ने इस दौरान मोईन अली के ओवर पर लगातार पांच छक्के लगाए। इस साझेदारी को हर्षित राणा ने हेटमायर को आउट कर तोड़ा जो 29 रन बनाकर आउट हुए। इसके कुछ देर बाद हर्षित ने रियान को भी अपना शिकार बनाया। रियान शतक पूरा नहीं कर सके और 95 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

राजस्थान को आखिरी ओवर में जीत के लिए 22 रन चाहिए थे और क्रीज पर इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे शुभम दुबे और जोफ्रा आर्चर मौजूद थे। केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने वैभव अरोड़ा को गेंद थमाई। आर्चर ने पहली गेंद पर दो रन और दूसरी गेंद पर एक रन लिया। स्ट्राइक पर आए शुभम ने तीसरी गेंद पर छक्का और चौथी गेंद पर चौका लगाया। इसके बाद पांचवीं गेंद पर छक्का लगाया। अब राजस्थान को एक गेंद पर तीन रन चाहिए थे। वैभव की गेंद पर शुभम ने एक रन चुराया और दूसरा रन लेने के लिए भागे, लेकिन रिंकू सिंह के थ्रो पर रन आउट हो गए। इस तरह केकेआर ने रोमांचक जीत दर्ज की।

ये भी पढ़ें :  अमेरिका से अपाचे अटैक हेलिकॉप्टरों की डिलिवरी होगी जल्द, पाक सीमा पर होंगे तैनात

राजस्थान के लिए यशस्वी जायसवाल ने 34 रन बनाए, जबकि शुभम दुबे 14 गेंदों पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से 25 रन बनाकर नाबाद लौटे। आर्चर 12 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, वैभव सूर्यवंशी ने चार रन बनाए और कुणाल सिंह राठौर, ध्रुव जुरेल और वानिंदु हसरंगा खाता भी नहीं खोल सके। केकेआर की ओर से मोईन, हर्षित और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए, जबकि वैभव को एक विकेट मिला।

ये भी पढ़ें :  दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेंबा बावुमा ने भारत के खिलाफ वनडे क्रिकेट में 2,000 रन पूरे किए

रियान शतक से चूके
राजस्थान के कप्तान रियान पराग शतक से चूक गए और हर्षित राणा ने उन्हें आउट कर केकेआर को बड़ी सफलता दिलाई। रियान 45 गेंदों पर छह चौके और आठ छक्कों की मदद से 95 रन बनाकर आउट हुए। रियान की पारी की मदद से ही राजस्थान मुश्किल परिस्थिति से उबर सका, लेकिन हर्षित ने राजस्थान को बड़ा झटका दिया। 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *