Breaking
21 Nov 2026, Sat

अब कमेंट्री बॉक्स में दिखेंगे अजिंक्य रहाणे! जानें एक मैच की कितनी होगी फीस, टॉप-5 कमेंटेटर्स कौन

मुंबई 

भारत के पूर्व बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे श्रीलंका में होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान कमेंट्री में अपना डेब्यू करने जा रहे हैं. वह 15 अगस्त से गाले में शुरू होने वाली सीरीज के लिए सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के कमेंट्री पैनल में शामिल होंगे. रहाणे अब माइक्रोफोन के पीछे एक नई भूमिका निभाएंगे और इंटरनेशनल रेड-बॉल क्रिकेट के अपने अनुभव को ब्रॉडकास्ट में लाएंगे। 

37 वर्षीय रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 38.46 की औसत से 5,077 रन बनाए. इसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं. उन्होंने 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया में भारत को टेस्ट सीरीज में यादगार जीत दिलाई और मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज के तौर पर कई यादगार विदेशी जीतों का हिस्सा भी रहे। 

'टेस्ट कमेंट्री में डेब्यू करने को लेकर उत्साहित'
रहाणे ने एक प्रेस रिलीज में कहा, 'मैं सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव पर भारत के श्रीलंका दौरे के लिए टेस्ट कमेंट्री में अपना डेब्यू करने को लेकर उत्साहित हूं. टेस्ट क्रिकेट हमारे खेल का सबसे बड़ा फॉर्मेट है और इतने सालों तक इस फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद, अब खेल को एक अलग नजरिए से देखना मेरे लिए सम्मान की बात है। 

फैंस को खेल की बारीकियां समझाएंगे रहाणे
उन्होंने कहा कि, 'मैं अपने अनुभव शेयर करने, खेल की बारीकि
यों को समझाने और फैंस को उन फैसलों, रणनीतियों और पलों के बारे में जानकारी देने के लिए उत्सुक हूं जो टेस्ट मैच का रुख बदल सकते हैं.' रहाणे ने आगे कहा कि, 'मुझे उम्मीद है कि मैं फैंस के लिए ब्रॉडकास्ट के अनुभव को और बेहतर बना पाऊंगा और उन्हें मैदान पर होने वाली चीजों की गहरी समझ दे पाऊंगा। 

ये भी पढ़ें :  IPL से पहले KKR ने कर दिया कप्तान-उपकप्तान का ऐलान, IPL 2025 से पहले इन दो दिग्गजों को कमान

अजिंक्य रहाणे को कितनी मिलेगी कमेंट्री फीस?
दरअसल, अजिंक्य रहाणे की कमेंट्री फीस को लेकर कोई ऑफिशियल जानकारी सामने नहीं आई है, इसलिए उनकी कमाई का सटीक आंकड़ा बताना संभव नहीं है. हालांकि, क्रिकेट ब्रॉडकास्टिंग इंडस्ट्री में प्रचलित रिपोर्ट्स के अनुसार जूनियर कमेंटेटर्स को आमतौर पर 35 हजार से 40 हजार रुपये प्रतिदिन, मिड-लेवल कमेंटेटर्स को 1 से 3 लाख रुपये प्रतिदिन और बड़े नामों को 6 से 10 लाख रुपये या उससे अधिक प्रति मैच/दिन तक मिल सकता है। 

रहाणे की स्थिति थोड़ी अलग है, क्योंकि वह कमेंट्री की दुनिया में नए हैं, लेकिन भारतीय क्रिकेट का बड़ा नाम रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लंबा अनुभव रखते हैं. ऐसे में उनकी फीस नए कमेंटेटर्स की तुलना में अधिक हो सकती है, लेकिन पहली कमेंट्री असाइनमेंट होने के कारण उन्हें टॉप-टियर ब्रॉडकास्टर्स वाली फीस मिल रही हो, यह मान लेना भी सही नहीं होगा. इंडस्ट्री ट्रेंड को देखते हुए माना जा सकता है कि वह मिड-लेवल और सीनियर कमेंटेटर रेंज के बीच कहीं हो सकते हैं, हालांकि यह केवल अनुमान है, कोई आधिकारिक जानकारी नहीं। 

ये भी पढ़ें :  एक बार फिर फिसड्डी साबित हुए 27 करोड़ी ऋषभ पंत, बनाया IPL का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड

आकाश चोपड़ा ने बताया कमेंटेटर की कैसे होती है कमाई?
भारत के पूर्व क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने  एंटरप्रेन्योर और इन्फ्लुएंसर राज शमानी के साथ बातचीत में स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग की कमाई के बारे में कुछ खास बातें बताईं. जब उनसे कमेंटेटर की सालाना कमाई के बारे में पूछा गया, तो चोपड़ा ने बताया कि पेमेंट का तरीका आम तौर पर अनुभव, प्रतिष्ठा और कितने दिनों तक मैच कवर किए गए, इस पर निर्भर करता है। 

उन्होंने कहा कि जूनियर या नए कमेंटेटर आम तौर पर हर दिन 35,000 से 40,000 रुपये कमाते हैं और अक्सर साल में लगभग 100 दिन काम करते हैं, हालांकि कॉम्पिटिशन और शेड्यूल की वजह से उस संख्या तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है. इसका मतलब है कि महीने में लगभग 2-2.5 लाख रुपये की कमाई. चोपड़ा ने यह भी कहा कि जब वे बड़े ब्रॉडकास्टिंग ब्रांड के साथ जुड़ते हैं तो यह कमाई और बढ़ सकती है। 

चोपड़ा ने कमाई में बड़े अंतर की ओर इशारा करते हुए कहा कि, टॉप कमेंटेटर के लिए, पेमेंट हर दिन 10 लाख रुपये तक जा सकता है. जब राज शमानी ने सालाना कमाई का हिसाब लगाया, तो उन्होंने बताया कि टॉप लेवल पर काम करने वाला कमेंटेटर, जो साल में लगभग 100 दिन काम करता है, 10-12 करोड़ रुपये कमा सकता है। 

ये भी पढ़ें :  एशिया कप ‘ट्रॉफी चोर’ मोहसिन नकवी का अगला प्लान, ACC 2 नए टूर्नामेंट शुरू करने की तैयारी में

यह कमाई टूर्नामेंट पर निर्भर करती है और ICC के टूर्नामेंट स्पोर्ट्स मीडिया में सबसे ज़्यादा कमाई वाले होते हैं. आकाश चोपड़ा, जो कई ब्रॉडकास्टर्स के साथ काम करते हैं, ने बताया कि कमेंट्री अब एक गंभीर और कॉम्पिटिटिव प्रोफेशन बन गया है. लाखों फैंस को खेल की बारीकियां समझाने की वजह से, कमेंटेटर भी खिलाड़ियों की तरह ही पहचाने जाने लगे हैं और इससे मिलने वाला फाइनेंशियल रिवॉर्ड वाकई बहुत ज़्यादा हो सकता है। 

भारत के टॉप-5 कमेंटेटर
भारत में क्रिकेट कमेंट्री की बात हो तो हर्षा भोगले, रवि शास्त्री, सुनील गावस्कर, आकाश चोपड़ा और वीरेंद्र सहवाग सबसे चर्चित नामों में गिने जाते हैं. हर्षा भोगले अपनी शानदार भाषा और मैच की गहरी समझ के लिए मशहूर हैं, जबकि रवि शास्त्री अपनी दमदार आवाज और यादगार कमेंट्री स्टाइल के लिए पहचाने जाते हैं. सुनील गावस्कर तकनीकी विश्लेषण में माहिर माने जाते हैं, वहीं आकाश चोपड़ा हिंदी कमेंट्री में आंकड़ों और रणनीतिक विश्लेषण के लिए लोकप्रिय हैं. वीरेंद्र सहवाग अपने बेबाक अंदाज, हास्य और दिलचस्प टिप्पणियों के लिए जाने जाते हैं। 

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *