Breaking
11 Nov 2026, Wed

शहडोल के आदिवासी अंचल में दीपावली से देवउठनी एकादशी तक गूंजता है पारंपरिक लोक-नृत्य का उल्लास

घर-घर पहुंचकर आदिवासी एवं चरवाहा समाज के लोग करते हैं दिवाली नृत्य, छाहुर की परंपरा से सुख-समृद्धि की कामना
ग्रामीणों में आज भी इस लोक परंपरा के प्रति गहरी आस्था, नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास

भोपाल
मध्यप्रदेश का जनजातीय अंचल अपनी समृद्ध लोक संस्कृति, विशिष्ट परंपराओं और लोक-कलाओं के लिए विशेष पहचान रखता है। यहां पर्व-त्योहार केवल उत्सव तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का माध्यम भी हैं। दीपावली के अवसर पर शहडोल जिले के ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों में निभाई जाने वाली पारंपरिक दिवाली नृत्य की परंपरा इसका सुंदर उदाहरण है।

इस अनूठी परंपरा में दीपावली की रात से लेकर देवउठनी एकादशी तक आदिवासी एवं चरवाहा समाज के लोग समूह में गांव-गांव और घर-घर पहुंचते हैं। पारंपरिक लोक-नृत्य और छाहुर की रस्म के माध्यम से ग्रामीण परिवारों के सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना करते हैं। गांवों में इस परंपरा का विशेष उत्साह रहता है। ग्रामीण परिवार भी इन लोक कलाकारों का आत्मीयता से स्वागत करते हैं और उनके आगमन को शुभ मानते हैं।

ये भी पढ़ें :  मंत्री सारंग ने की नरेला विधानसभा के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक

दशहरा के बाद से शुरू होती है तैयारी
स्थानीय निवासी बुदानी बैगा के अनुसार इस परंपरा की तैयारियां दशहरा के बाद से ही प्रारंभ हो जाती हैं। दशहरा और दीपावली के बीच बिरही पूजा की जाती है। इसके बाद दीपावली की रात से देवउठनी एकादशी तक गांव के घर-घर जाकर दिवाली नृत्य करने और छाहुर की परंपरा निभाई जाती है। आदिवासी एवं चरवाहा समाज के लोग मिलकर इस आयोजन में सहभागिता करते हैं। गांव के लोग भी पूरे उत्साह से उनका इंतजार करते हैं। कई परिवार स्वयं आमंत्रित कर इस पारंपरिक नृत्य और छाहुर की रस्म का आयोजन करवाते हैं।

ये भी पढ़ें :  इंदौर-मनमाड़ रेल प्रोजेक्ट में तेजी: अगले महीने शुरू होगा जमीनी सर्वे, महू के 18 गांव होंगे शामिल

नई फसल से जुड़ा है सम्मान और आत्मीयता का भाव
हीरालाल कोल बताते हैं कि पारंपरिक दिवाली नृत्य के बाद ग्रामीण परिवार अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार कलाकारों को अनाज एवं दक्षिणा भेंट करते हैं। इसमें चावल और धान प्रमुख रूप से शामिल होते हैं। शहडोल जिले में धान की खेती बड़े पैमाने पर होती है। दीपावली के बाद नई फसल घरों में आने लगती है, ऐसे में धान भेंट करने की परंपरा का विशेष महत्व है। ग्रामीण अपनी प्रसन्नता और आस्था के साथ यह सम्मान देते हैं। यह परंपरा आपसी सहयोग, सम्मान और ग्रामीण सामाजिक जीवन की आत्मीयता को भी दर्शाती है।

ये भी पढ़ें :  उज्जैन में कांग्रेस नेता पर किसान को रिवॉल्वर दिखाकर धमकाने का आरोप, मामला गरमाया

लोक संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है परंपरा
शहडोल अंचल की यह परंपरा जनजातीय संस्कृति की विशिष्ट पहचान है। इसमें आदिवासी और चरवाहा समाज की सहभागिता के साथ गांव के प्रत्येक परिवार को जोड़ने का भाव निहित है। लोक-नृत्य के माध्यम से पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही सांस्कृतिक धरोहर जीवंत बनी हुई है। बदलते समय में भी ग्रामीण क्षेत्रों में इस परंपरा के प्रति लोगों की आस्था और सम्मान इसकी सांस्कृतिक महत्ता को दर्शाता है। इस लोक विरासत को संरक्षित करना और नई पीढ़ी को इससे परिचित कराना सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि शहडोल की यह विशिष्ट पहचान आने वाले समय में भी अपनी पूरी गरिमा और उल्लास के साथ कायम रहे।

 

Share

By News Writer Editor

News Writer Near Ambuja Mall, Main Road Pandri Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *