Breaking
15 Nov 2026, Sun

दलित सम्मेलन से पहले राजभर का वार, बोले- पहले बाबा साहेब और कांशीराम के अपमान पर माफी मांगें अखिलेश

लखनऊ
आगरा में समाजवादी पार्टी के दलित सम्मेलन से पहले सियासी वार-पलटवार तेज हो गया है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक्स पर पोस्ट कर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोला है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और मान्यवर कांशीराम को लेकर सपा सरकार के समय लिए गए फैसलों की याद दिलाते हुए कहा कि अखिलेश आगरा के मंच से घोषणाएं करने से पहले बहुजन महापुरुषों के अपमान के लिए माफी मांगें।
 
राजभर ने अखिलेश को संबोधित करते हुए लिखा, “ए अखिलेश यादव भाई! सुना है कि आज आप आगरा में पीडीए के ‘डी’ का सम्मेलन करा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि अखिलेश मंच से लंबी-लंबी घोषणाएं जरूर करें, लेकिन उसी मंच से बाबा साहेब और कांशीराम को लेकर की गई टिप्पणियों और अपमान के लिए खुद भी माफी मांगें। राजभर ने सपा सांसद रामजीलाल सुमन को भी निशाने पर लिया। कहा कि अखिलेश उनसे राणा सांगा को लेकर दिए गए बयान के लिए हिंदू समाज से माफी मांगने को कहें।
 
जिलों के नाम बदलने पर अखिलेश को घेरा
राजभर ने वर्ष 2012 में सपा सरकार के दौरान जिलों के नाम बदलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब और माई साहब के नाम पर बने भीम नगर का नाम सम्भल और रमाबाई नगर का नाम कानपुर देहात कर दिया गया। इसी तरह मान्यवर कांशीराम नगर का नाम बदलकर कासगंज किया गया। उन्होंने कांशीराम के नाम पर चलने वाली योजनाओं को बंद किए जाने का मुद्दा भी उठाया।
 
राजभर ने कहा कि बहुजन महापुरुषों के नाम पर बने अस्पतालों, विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के नाम भी बदले गए। उन्होंने लखनऊ के डॉ. भीमराव अम्बेडकर हरित पार्क और कन्नौज के अम्बेडकर मेडिकल कॉलेज का जिक्र करते हुए कहा कि अखिलेश को दलित सम्मेलन के मंच से इन फैसलों का भी जवाब देना चाहिए।
 
आगरा में ही याद दिलाया पनवारी कांड
आगरा में दलित सम्मेलन के बीच राजभर ने पनवारी कांड का जिक्र कर सपा को घेरा। उन्होंने कहा कि सपा शासन के दौरान पनवारी में जाटव समाज की बारात पर हमला हुआ था। दूल्हे के घोड़े पर बैठकर बारात निकालने को लेकर शुरू हुई जातीय हिंसा में नौ लोगों की जान गई थी। राजभर ने इटावा की घटना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि अखिलेश के गृह जनपद में दलितों को ट्रैक्टर से कुचल दिया गया था।
 
आजम खां के बहाने अखिलेश और शिवपाल पर वार
राजभर ने गाजियाबाद में आला हजरत हज हाउस के उद्घाटन समारोह में आजम खां की बाबा साहेब को लेकर की गई टिप्पणी को भी मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश की मौजूदगी वाले मंच से आजम खां ने बाबा साहेब को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की, लेकिन अखिलेश ने इसका विरोध नहीं किया।
 
राजभर ने शिवपाल यादव पर भी तंज कसा। कहा कि वह आजम खां को गृह मंत्री बनाने की बात कर चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि मंत्री रहते बाबा साहेब को लेकर ऐसी टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को गृह मंत्री बनाने की बात किस तरह की राजनीति है।
 
राजभर ने सपा के आगरा सम्मेलन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वहां की जनता भी सपा का ‘ट्रेलर’ देखेगी। उन्होंने कहा कि लोग तय करेंगे कि सपा की ‘गुंडागर्दी वाली फिल्म’ को कभी रिलीज नहीं होने देना है।

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *