Breaking
17 Nov 2026, Tue

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के 9 शहरों को पुरस्कार मिलना हमारे समर्पण का प्रतीक : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के 9 शहरों को पुरस्कार मिलना हमारे समर्पण का प्रतीक : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मध्यप्रदेश अब बन गया है स्वच्छ प्रदेश
उज्जैन के सभी 3000 स्वच्छता मित्रों को पुरस्कार स्वरूप दिए जाएंगे 5-5 हजार रूपए
उज्जैन में स्वच्छता मित्रों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की घोषणा
स्वच्छता मित्रों का हुआ सम्मान

उज्जैन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि धार्मिक नगरी उज्जैन ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में प्रथम स्थान पाया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में देश के कुल 27 पुरस्कारों में से मध्यप्रदेश के 9 शहरों को अलग-अलग श्रेणी में पुरस्कार मिले। यह उपलब्धि उन कर्मयोगियों की मेहनत का प्रतिफल है, जो हर दिन बिना किसी अपेक्षा के शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में जुटे रहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का हृदय प्रदेश होने के साथ अब स्वच्छ प्रदेश भी बन गया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से ही लक्ष्मी (समृद्धि) आती है। सफाई मित्र केवल सफाई ही नहीं करते, वे शहर की सेहत, सौन्दर्य, आकर्षण और सम्मान की भी रक्षा करते हैं। इस मायने में सफाई वीर ही स्वच्छता के सच्चे प्रहरी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को उज्जैन के गीता भवन में स्वच्छता मित्रों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन को मिली इस उपलब्धि के लिए नगर के सभी सफाई मित्रों, नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी और नगर के सभी 54 वार्डों के 3 हजार स्वच्छता मित्रों को पुरस्कार स्वरूप 5-5 हजार रूपए की नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने उज्जैन नगर के सफाई मित्रों को मंच से सम्मानित कर उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

ये भी पढ़ें :  देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार का हुआ मंत्रिमंडल विस्तार, कंजा मुंडे, बावनकुले और नितेश राणे बने मंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले से देश में स्वच्छता के लिए बड़े अभियान का श्रीगणेश किया। स्वच्छ सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश, देश के सबसे स्वच्छ राज्यों में सबसे आगे है। यहां का मालवांचल लगातार स्वच्छ शहरों की सूची में अग्रणी बना हुआ है। इंदौर के साथ अब देपालपुर ने भी स्वच्छता सर्वेक्षण में झंडे गाड़े हैं। यह शहर पुराने सर्वे में 1700वें स्थान पर था, लेकिन अब देपालपुर नंबर-1 बना है। उज्जैन और देवास को भी अलग-अलग श्रेणियों में स्वच्छता पुरस्कार मिले हैं। चंबल में ग्वालियर, महाकौशल में जबलपुर, विंध्य में रीवा और मध्य क्षेत्र में बुधनी नगर ने भी स्वच्छ सर्वेक्षण में नया मुकाम हासिल किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने पाँच हजार साल पहले ही स्वच्छता का संदेश दिया था कि जितना पुण्य भोजन कराने में है, उससे अधिक जूठी पत्तल उठाने में है। यह एक पवित्र कार्य है। वे बगैर किसी संकोच के महाभारत के युद्ध में अर्जुन के सारथी बने। दीपावली भी हमें स्वच्छता का संदेश देती है। महालक्ष्मी के साथ झाड़ू की भी पूजा होती है। वहीं, शीतला माता की प्रतिमा के एक हाथ में भी झाड़ू होती है। स्वच्छता की प्रेरणा हमें प्रकृति और पेड़-पौधों से भी मिलती है, जो कार्बन डाई ऑक्साइड ग्रहण कर स्वच्छ वायु ऑक्सीजन का उत्सर्जन करते हैं और वायुमंडल को साफ रखने में हमारी मदद करते हैं।

ये भी पढ़ें :  सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्रियों की जंग! इंस्टाग्राम पर CM योगी का दबदबा, पोस्ट करने में मोहन यादव सबसे आगे

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वच्छता सभी का दायित्व है। आने वाले समय में भी यह क्रम अनवरत चलता रहेगा। उन्होंने बताया कि उज्जैन शहर में गीले कचरे को प्रोसेस्ड कर बिजली तैयार की जा रही है। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा मंदिरों से निकले फूलों एवं निर्माल्य सामग्री से अगरबत्ती, धूपबत्ती एवं गुलाल बनाया जा रहा है। सूखे कचरे को ईंधन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले मलबे के प्रबंधन के लिए 75 टन प्रतिदिन क्षमता का वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और नए गारबेज ट्रांसफर स्टेशन भी विकसित किए जा रहे हैं। शहर में घर-घर कचरा उठाने के लिए 40 नए सीएनजी वाहन आ चुके हैं और 40 अन्य वाहन भी जल्द ही उपलब्ध कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सफाई कर्मियों की सुरक्षा और सम्मान हमारी प्राथमिकता है। इसीलिए सभी सफाई कर्मियों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ भी दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मंगलवार को ही हम इंदौर से उज्जैन आने वाली सड़क का उद्घाटन करने जा रहे हैं। धार से उज्जैन का सीधा सम्पर्क बढ़ाने के लिए बदनावर-उज्जैन-बड़नगर सड़क का लोकार्पण भी किया गया है।

ये भी पढ़ें :  10 साल में प्रदेश के 69 निजी इंजीनियरिंग कॉलेज बंद, भोपाल और इंदौर सबसे आगे

उज्जैन के महापौर मुकेश टटवाल ने कहा कि उज्जैन शहर में सभी दिशाओं में विकास के बड़े काम हो रहे हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण में उज्जैन को प्रथम स्थान वाला पुरस्कार मिलना हम सभी के लिए बड़ी उपलब्धि है। नगर निगम की सभापति श्रीमती कलावती यादव ने कहा कि सफाई को लेकर प्रदेश में जनजागृति आयी है। उज्जैन शहर को मिला पुरस्कार सभी नागरिकों के लिए एक जिम्मेदारी भी है। हमें इस पुरस्कार का गौरव बनाए रखना है।

सम्मेलन में उज्जैन-आगर मालवा के लोकसभा सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य बालयोगी उमेशनाथ जी महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, मप्र हाऊसिंग बोर्ड के चेयरमैन ओम जैन, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती, जगदीश पांचाल, संजय अग्रवाल, नगर निगम के सभी एमआईसी मेंबर्स सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में स्वच्छता मित्र एवं उनके परिजन उपस्थित थे।

 

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *